Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

'भाजपा को मदद पहुंचाने के लिए कांग्रेस ने...', I.N.D.I.A पर नीतीश के बाद अब ममता के बदले सुर

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य में अकेले चुनाव लड़ने की अपनी बात दोहराई। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। ममता बनर्जी ने कहा कि हमारी पार्टी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन करने के लिए उत्साहित थी लेकिन उन्होंने हमारे प्रस्ताव को ठुकरा दिया।

By Jagran News Edited By: Anurag GuptaUpdated: Thu, 01 Feb 2024 05:47 PM (IST)
Hero Image
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (जागरण फोटो)

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भूमि घोटाला मामले में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ईडी द्वारा गिरफ्तार किए जाने के एक दिन बाद गुरुवार को केंद्र व भाजपा पर जोरदार हमला बोला। ममता ने आरोप लगाया कि भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव जीतने के लिए सभी विपक्षी नेताओं को जेल में डाल रही है। नदिया जिले के शांतिपुर में एक प्रशासनिक सभा के दौरान ममता ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेता सोरेन को गिरफ्तार कराने के पीछे बड़ी साजिश है।

क्या कुछ बोलीं ममता बनर्जी?

भाजपा पर जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए ममता ने कहा कि ईडी-सीबीआई के नाम पर विपक्षी नेताओं को डराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अगर उन्हें भी सलाखों के पीछे डाल दिया जाए तो वह छेद कर इससे बाहर आ जाएंगी। ममता ने कहा,

भाजपा सबको चोर और खुद को साधु समझती है। भाजपा का ईडी और सीबीआई का खेल सिर्फ लोकसभा चुनाव तक ही चलेगा।

यह भी पढ़ें: ममता पर भाजपा का पलटवार, सीएए को रोकने की ताकत किसी के पास नहीं

तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता ने यह भी हुंकार भरी कि भाजपा चाहे कुछ भी करें दिल्ली में इस बार सरकार हम ही बनाएंगे। 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा का सफाया कर देगी। उल्लेखनीय है कि ईडी ने जमीन घोटाला मामले में सात घंटे से अधिक की पूछताछ के बाद बुधवार शाम झारखंड के निवर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को गिरफ्तार कर लिया।

अकेले चुनाव लड़ने की बात फिर दोहराई

इस दौरान ममता ने फिर दोहराया कि उनकी पार्टी आगामी लोकसभा चुनाव में बंगाल की सभी सीटों पर अकेले लड़ेगी। ममता ने कहा कि हमारी पार्टी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन करने के लिए उत्साहित थी, लेकिन उन्होंने हमारे प्रस्ताव को ठुकरा दिया। कांग्रेस पर आरोप लगाया कि चुनाव में भाजपा की मदद करने के लिए उन्होंने माकपा से हाथ मिलाया है।

'महुआ फिर जीतेगी लोगों का वोट'

ममता ने पैसे लेकर संसद में सवाल पूछने के आरोपों में हाल में लोकसभा से निष्कासित की गईं अपनी पार्टी की पूर्व सांसद महुआ मोइत्रा के प्रति एक बार फिर समर्थन जताया। नदिया जिले के शांतिपुर में सार्वजनिक वितरण कार्यक्रम में भाजपा पर निशाना साधते हुए ममता ने कहा कि आप महुआ को संसद से भगा सकते हैं, लेकिन जनता के वोट से वह फिर जीतेंगी। इस दौरान मंच पर महुआ भी मौजूद थीं।

यह भी पढ़ें: 'ममता सरकार ने किया दो लाख करोड़ का घोटाला', अनूठे तरीके से हुई जनता के पैसे की लूट; भाजपा का बंगाल CM पर बड़ा आरोप

ममता ने आरोप लगाया कि महुआ संसद में लोगों के मुद्दों को प्रमुखता से उठा रही थीं, इसलिए उसे निष्कासित कर दिया गया। भाजपा ने राजनीतिक बदले की कार्रवाई की। महुआ को अपना बचाव करने का मौका तक नहीं दिया गया। ममता ने संकेत दिया,

महुआ को पार्टी आगामी लोकसभा चुनाव में फिर से नदिया के कृष्णानगर सीट से ही टिकट देगी।

सनद रहे कि एक उद्योगपति से पैसे व महंगे उपहार के बदले संसद में सवाल पूछने के आरोपों में कृष्णानगर से तृणमूल की सांसद रही महुआ को पिछले साल आठ दिसंबर को लोकसभा की सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया था।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर