Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

पद्मश्री प्रहलाद राय अग्रवाल का हुआ अभूतपूर्व सम्मान, बोले- पद्मश्री मुझे नहीं बल्कि पूरे समाज को मिला है

उद्योग आध्यात्म शिक्षा कला- संस्कृति एवं समाजसेवा के क्षेत्र के विशिष्ट लोगों की उपस्थिति में किया गया सम्मानित। इस मौके पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूरे विधिवत तरीके से पद्मश्री अग्रवाल को दोनों संस्थाओं की ओर से अलग-अलग ममेंटों शाल पुष्प गुच्छ आदि भेंट कर सम्मान किया गया।

By Priti JhaEdited By: Updated: Mon, 25 Apr 2022 11:32 AM (IST)
Hero Image
उद्योगपति प्रहलाद राय अग्रवाल को पद्मश्री सम्मान, सम्मानित करते विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी। स्त्रोत :: जागरण

जागरण संवाददाता, कोलकाता : जाने-माने उद्योगपति व रूपा समूह के चेयरमैन प्रहलाद राय अग्रवाल को भारत सरकार की ओर से पद्मश्री मिलने पर उनके सम्मान में रविवार को कोलकाता में सार्वजनिक अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन एवं सीकर नागरिक परिषद (कोलकाता) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभिनंदन समारोह में उद्योग व वाणिज्य, आध्यात्म, शिक्षा, कला- संस्कृति एवं समाजसेवा के क्षेत्र के विशिष्ट लोगों की उपस्थिति में उन्हें सम्मानित किया गया। इस मौके पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूरे विधिवत तरीके से पद्मश्री अग्रवाल को दोनों संस्थाओं की ओर से अलग-अलग ममेंटों, शाल, पुष्प गुच्छ आदि भेंट कर सम्मान किया गया। इसके साथ ही इस मौके पर प्रतिष्ठित सामाजिक, शैक्षणिक व व्यवसायिक क्षेत्र से जुड़े 43 अन्य संस्थाओं ने भी पद्मश्री अग्रवाल को ममेंटों व पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।

पद्मश्री अग्रवाल की धर्मपत्नी भी इस दौरान उनके साथ थीं। वहीं, इस सम्मान के लिए पद्मश्री अग्रवाल ने सभी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए जो पद्मश्री सम्मान दिया गया है यह मुझे नहीं बल्कि पूरे समाज को मिला है। उन्होंने कहा कि भारत ही ऐसा देश है जहां प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, ऐसे में मुझे नहीं लगता कि मैंने बहुत बड़ा काम किया है। मैंने जो कुछ भी किया वह समाज के हर वर्ग के साथ रहकर और मिलकर किया।

समारोह में पद्मश्री अग्रवाल की जीवन यात्रा पर नौ मिनट की एक डाक्यूमेंट्री भी दिखाई गई। साथ ही शानदार सांस्कृति कार्यक्रम व पारंपरिक राजस्थानी नृत्य भी पेश किया गया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट हस्तियों ने उनके योगदान पर प्रकाश डाला और उन्हें पद्मश्री मिलने पर इसे उद्योग जगत के साथ समाज के लिए गौरव बताया। इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोवर्धन प्रसाद गारोदिया के स्वागत भाषण से हुई।

उन्होंने कहा कि श्री अग्रवाल को मिले पद्मश्री सम्मान से पूरा समाज गौरवान्वित है। उद्योगपति हरिमोहन बांगड़ एवं समाजसेवी व साहित्यप्रेमी सीताराम शर्मा ने कहा कि अग्रवाल जी को पद्मश्री मिलना मेरा, आपका व सभी हिंदी भाषा-भाषी का सम्मान है। वह बहुआयामी व्यक्तित्व हैं और जीवन में काफी संघर्ष के बाद उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। उनका जीवन वास्तव में समाज के लिए प्रेरणादायक है। समारोह में सीकर नागरिक परिषद के अध्यक्ष सुरेश जालान, सचिव रविशंकर सिकरिया, उद्योगपति नंदलाल रूंगटा, विधायक विवेक गुप्ता, पेंटर शुभप्रसन्ना, शिक्षाविद् प्रेमशंकर त्रिपाठी एवं अग्रवाल परिवार के सदस्य कुंज बिहारी अग्रवाल ने भी अपने विचार रखें और उन्हें समाज का प्रेरणा स्त्रोत बताया। कार्यक्रम का संचालन अनिल पोद्दार जबकि धन्यवाद ज्ञापन संतोष सराफ ने किया।