Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

West Bengal: पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी को चुनौती देने के लिए महिला चेहरा तलाश रही भाजपा, ये दो नाम रेस में सबसे आगे

बंगाल की मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी को चुनौती देने के लिए भाजपा सशक्त महिला चेहरा तलाश रही है। बालुरघाट से लगातार दूसरी बार लोकसभा चुनाव जीतने वाले बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री बनाया गया है जिसके बाद वे आगे राज्य में पार्टी की कमान नहीं संभालेंगे। उनकी जगह भाजपा एक सशक्त महिला नेत्री को लाने पर विचार कर रही है।

By Jagran News Edited By: Siddharth Chaurasiya Updated: Sat, 06 Jul 2024 08:38 PM (IST)
Hero Image
बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को चुनौती देने के लिए भाजपा सशक्त महिला चेहरा तलाश रही है। (फाइल फोटो)

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल की मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी को चुनौती देने के लिए भाजपा सशक्त महिला चेहरा तलाश रही है। बालुरघाट से लगातार दूसरी बार लोकसभा चुनाव जीतने वाले बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री बनाया गया है, जिसके बाद वे आगे राज्य में पार्टी की कमान नहीं संभालेंगे। उनकी जगह भाजपा एक सशक्त महिला नेत्री को लाने पर विचार कर रही है, जो ममता को चुनौती पेश कर सके।

इन दो नामों की हो रही चर्चा

बता दें कि महिला होने के कारण ममता को बंगाल की आधी आबादी का भारी समर्थन प्राप्त है। पिछले लोस चुनाव के नतीजों में भी यह परिलक्षित हुआ है इसलिए अब भाजपा राज्य में महिला को आगे रखकर ममता का सामना करना चाहती है। बंगाल भाजपा अध्यक्ष की दौड़ में लाकेट चटर्जी व अग्निमित्रा पाल सबसे आगे बताई जा रही हैं।

दोनों इससे पहले भाजपा की राज्य महिला मोर्चा का नेतृत्व कर चुकी हैं और उनकी लड़ाकू नेत्री के तौर पर पहचान है। लाकेट पूर्व सांसद जबकि अग्निमित्रा वर्तमान विधायक हैं। देबश्री चौधरी का नाम भी सामने आ रहा है। दिलीप घोष के राज्य अध्यक्ष रहते देबश्री महासचिव का पदभार संभाल चुकी हैं। वह सांसद व केंद्रीय महिला व बाल विकास राज्य मंत्री भी रह चुकी हैं और संघ परिवार की करीबी बताई जाती हैं।

मालती राभा राय भी रेस में

एक और नाम मालती राभा राय का है, जो तूफानगंज से पार्टी विधायक हैं। मालती अपनी आक्रामकता के लिए परिचित हैं। विधायक श्रीरूपा मित्रा चौधरी भी दौड़ में शामिल बताई जा रही थी। लेकिन पार्टी सूत्रों के हवाले से खबर है कि वह व्यक्तिगत कारण बताकर पहले ही ऐसी कोई जिम्मेदारी लेने से इनकार कर चुकी हैं।