Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

भारत सेवाश्रम संघ के प्रमुख ने आश्रम पर हमले की जताई आशंका, सुरक्षा की मांग को लेकर हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया

इस टिप्पणी के खिलाफ कार्तिक महाराज ने सोमवार को ममता बनर्जी को कानूनी नोटिस भेजा था। उन्होंने नोटिस में कहा कि मुख्यमंत्री की टिप्पणी से भारत सेवाश्रम और उसके संन्यासियों की बदनामी हुई है। इसके लिए मुख्यमंत्री को अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगनी चाहिए। मुख्यमंत्री से अगले चार दिनों के भीतर नोटिस का जवाब देने को कहा गया है।

By Jagran News Edited By: Siddharth Chaurasiya Updated: Tue, 21 May 2024 06:14 PM (IST)
Hero Image
भारत सेवाश्रम संघ के प्रमुख ने सुरक्षा की मांग को लेकर हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।

राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता। बंगाल के मुर्शिदाबाद के बेलडांगा स्थित भारत सेवाश्रम संघ के प्रमुख कार्तिक महाराज (स्वामी प्रदीप्तानंद) ने आश्रम पर हमले की आशंका जताई है। उन्होंने सुरक्षा की मांग को लेकर हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने कहा कि उन्हें सोमवार को धमकी मिली कि भारत सेवाश्रम संघ के बेलडांगा आश्रम को ध्वस्त कर दिया जाएगा।

कार्तिक महाराज ने कहा कि उन्होंने इसे लेकर राज्य पुलिस के शीर्ष अधिकारियों से बात की है। हालांकि, अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि कार्तिक महाराज की याचिका स्वीकार की गई है या नहीं। बताते चलें कि बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पिछले दिनों एक सभा में कहा था कि रामकृष्ण मिशन व भारत सेवाश्रम संघ के कुछ संन्यासी सीधे तौर पर राजनीति कर रहे हैं और भाजपा के इशारे पर कार्य कर रहे हैं।

इस टिप्पणी के खिलाफ कार्तिक महाराज ने सोमवार को ममता बनर्जी को कानूनी नोटिस भेजा था। उन्होंने नोटिस में कहा कि मुख्यमंत्री की टिप्पणी से भारत सेवाश्रम और उसके संन्यासियों की बदनामी हुई है। इसके लिए मुख्यमंत्री को अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगनी चाहिए। मुख्यमंत्री से अगले चार दिनों के भीतर नोटिस का जवाब देने को कहा गया है। नोटिस में यह भी कहा गया है कि अगर चार दिनों के भीतर मुख्यमंत्री जवाब नहीं देती हैं तो महाराज कानूनी कार्रवाई करेंगे।

ममता की टिप्पणी के बाद ही रामकृष्ण मिशन के कार्यालय पर हुआ हमला : भाजपा

इधर, भाजपा के आईटी सेल के प्रमुख व बंगाल के सह प्रभारी अमित मालवीय ने मंगलवार को कहा है कि बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की टिप्पणी के बाद ही जलपाईगुड़ी में रामकृष्ण मिशन के शाखा कार्यालय पर हमला किया गया है।

आरोप है कि शनिवार देर रात आग्नेयास्त्र से लैस 30 से 35 लोगों ने रामकृष्ण मिशन की जलपाईगुड़ी शाखा पर हमला किया था। प्रधानमंत्री ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की थी। वहीं, दूसरी ओर नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने इस दिन नंदीग्राम में एक सभा में बंगाल इमाम परिषद के महासचिव रौसुद्दीन पुरकैत के उस बयान की कड़ी निंदा की है, जिसमें उन्होंने राज्य के अल्पसंख्यक समुदायों से लोकसभा चुनाव में तृणमूल को पूर्ण समर्थन देने का अनुरोध किया है।

24 मई को विरोध प्रदर्शन करेंगे साधु-संन्यासी

मुख्यमंत्री के बयान के खिलाफ कोलकाता में 24 मई को इस्कान, रामकृष्ण मिशन, भारत सेवाश्रम के साधु-संन्यासी विरोध प्रदर्शन करेंगे। साधु-संतों द्वारा उत्तर कोलकाता के गिरीश एवेन्यू से विवेकानंद के जन्म स्थल तक जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस का नाम संत स्वाभिमान यात्रा दिया गया है।