Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Vladimir Putin Health: रूसी राष्ट्रपति पुतिन के स्वास्थ्य से अमेरिकी खुफिया एजेंसी के प्रमुख ने उठाया पर्दा, कई तरह की उड़ रहीं थी अफवाहें

रूसी राष्ट्रपति के कार्यालय क्रेमलिन ने कहा है कि राष्ट्रपति पुतिन का स्वास्थ्य बिल्कुल ठीक है। उनके स्वास्थ्य को लेकर उड़ाई जा रही अफवाहें नितांत भ्रामक और असत्य हैं। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने यह बात एक सवाल के जवाब में कही।

By Dhyanendra Singh ChauhanEdited By: Updated: Thu, 21 Jul 2022 08:42 PM (IST)
Hero Image
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और सीआईए प्रमुख विलियम बर्न्स की फाइल फोटो

वाशिंगटन, एजेंसियां। Vladimir Putin Health: रूस और यूक्रेन के बीच छिड़ा युद्ध पांच महीने से अभी तक जारी है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के स्वास्थ्य को लेकर कई तरह की वैश्विक स्तर पर चर्चाएं होती रहती हैं। इस बीच, अमेरिका की केंद्रीय खुफिया एजेंसी (CIA) के प्रमुख ने पुतिन के स्वास्थय से पर्दा उठाया है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की सेहत को लेकर जारी तमाम नकारात्मक चर्चाओं को नकारते हुए सीआइए प्रमुख विलियम ब‌र्न्स ने उन्हें पूरी तरह से स्वस्थ बताया है। पुतिन के स्वास्थ्य को लेकर ये चर्चाएं बीते करीब तीन साल से चल रही हैं, यूक्रेन युद्ध के दौरान ये खासी तेजी हुईं।

अमेरिकी खुफिया संगठन सीआइए के निदेशक ब‌र्न्स ने यह बात कोलोराडो में आयोजित आस्पेन सिक्युरिटी फोरम के मंच से कही। उन्होंने कहा, यह सामान्य या सुनी-सुनाई खुफिया जानकारी नहीं है बल्कि पुष्ट तथ्य है। 69 वर्षीय पुतिन भीतरी तौर पर भी पूरी तरह से शारीरिक स्वस्थ हैं। इसलिए उनकी सेहत के बारे में उड़ रही अफवाहें बेबुनियाद हैं। सीआइए प्रमुख का यह बयान पुतिन के ईरान दौरे के एक दिन बाद आया है। ईरान में पुतिन ने वहां के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई, राष्ट्रपति इब्राहीम रईसी और तुर्किये (तुर्की का नया नाम) के राष्ट्रपति तैयप एर्दोगन से मुलाकात की थी। वह स्वस्थ और ऊर्जा से भरे दिखाई दिए थे।

पुतिन को हुआ जुकाम, क्रेमलिन ने कहा-स्वस्थ हैं राष्ट्रपति

रूसी राष्ट्रपति के कार्यालय क्रेमलिन ने कहा है कि राष्ट्रपति पुतिन का स्वास्थ्य बिल्कुल ठीक है। उनके स्वास्थ्य को लेकर उड़ाई जा रही अफवाहें नितांत भ्रामक और असत्य हैं। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने यह बात एक सवाल के जवाब में कही। पुतिन ने बुधवार को मीडिया के सामने मामूली जुकाम होने की बात कही थी। कहा था कि तेहरान में बहुत गर्मी थी। वहां का तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा था। जबकि वहां के कमरों में लगे एयरकंडीशनर बहुत शक्तिशाली थे और वे वातावरण को ठंडा रखे हुए थे। तापमान के अंतर के चलते ही जुकाम हो गया था। इससे कुछ हफ्ते पहले रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने पुतिन के स्वास्थ्य को लेकर स्पष्टीकरण दिया था और उनके स्वस्थ होने की बात कही थी।

यूक्रेन में रूस के 15 हजार सैनिक मरे

सीआइए प्रमुख के अनुसार यूक्रेन युद्ध में रूसी सेना को बड़ा नुकसान हुआ है। लगभग पांच महीने से जारी युद्ध में रूसी सेना के 15 हजार सैनिक मारे गए हैं और करीब 45 हजार घायल हुए हैं। इस युद्ध में यूक्रेन की सेना को भी भारी नुकसान हुआ है।