Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

तपती लू ने अमेरिका में भी बरपाया कहर, कई जगहों पर हेल्थ इमरजेंसी, 41 डिग्री से अधिक पहुंचा तापमान

US Heatwave अमेरिका के नेशनल इंटीग्रेटेड हीट हेल्थ इंफॉर्मेशन सिस्टम के अनुसार गर्मी से 11.5 करोड़ से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। कैलिफोर्निया का अधिकांश भाग गर्मी को लेकर जारी अलर्ट वाले क्षेत्र में शामिल है। बढ़ता तापमान लॉस एंजिल्स सैन डिएगो और सैन फ्रांसिस्को जैसे प्रमुख शहरों को भी प्रभावित करेगा। एनडब्ल्यूएस ने दक्षिणी कैलिफोर्निया के लिए गर्मी संबंधी चेतावनी जारी की है।

By Agency Edited By: Sachin Pandey Updated: Sun, 23 Jun 2024 11:45 PM (IST)
Hero Image
वाशिंगटन डीसी भी गर्मी की आपात स्थिति का सामना कर रहा है।

आईएनएस, लॉस एंजिल्स। अमेरिका के अधिकांश हिस्से में लू जारी है। बढ़ते तापमान की वजह से चेतावनी जारी की गई है। मौसम पूर्वानुमान केंद्र (डब्ल्यूपीसी) ने शनिवार को कहा कि मध्यपश्चिम/ओहायो घाटी के पूर्व से लेकर मध्य-अटलांटिक तक के हिस्सों में तापमान असामान्य और खतरनाक बना हुआ है।

इसमें कहा गया है कि मध्य से दक्षिणी कैलिफोर्निया तक स्थितियां गर्म रहेंगी। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। नेशनल इंटीग्रेटेड हीट हेल्थ इंफॉर्मेशन सिस्टम के अनुसार, गर्मी से 11.5 करोड़ से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। कैलिफोर्निया का अधिकांश भाग गर्मी को लेकर जारी अलर्ट वाले क्षेत्र में शामिल है।

41 डिग्री से अधिक तापमान पहुंचने का अनुमान

बढ़ता तापमान लॉस एंजिल्स, सैन डिएगो और सैन फ्रांसिस्को जैसे प्रमुख शहरों को भी प्रभावित करेगा। एनडब्ल्यूएस ने दक्षिणी कैलिफोर्निया के लिए गर्मी संबंधी चेतावनी जारी की है। इसमें कहा गया है कि तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस से 37.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है।

एजेंसी ने यह भी कहा है कि उत्तरी कैलिफोर्निया की सैक्रामेंटो घाटी में तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, न्यूयार्क में जून में संभवत: लंबे समय तक लगभग 32 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा है।

बढ़ाया गया स्वास्थ्य आपातकाल

पेंसिल्वेनिया के सबसे बड़े शहर फिलाडेल्फिया ने गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य आपातकाल को बढ़ा दिया है। वाशिंगटन डीसी भी गर्मी की आपात स्थिति का सामना कर रहा है, तापमान लगभग 38 डिग्री सेल्सियस से अधिक होने की संभावना है।