Move to Jagran APP

America: 'भारत, जापान से रिश्ते करने होंगे और मजबूत', विवेक रामास्वामी ने चीन पर निर्भरता कम करने की कही बात

अमेरिका में राष्ट्रपति पद के भारतवंशी दावेदार विवेक रामास्वामी (Vivek Ramaswamy) ने कहा है कि चीन और ताइवान पर आर्थिक निर्भरता कम करने के लिए देश को भारत दक्षिण कोरिया और जापान से संबंधों को और मजबूत करना होगा। सर्वेक्षणों में रिपब्लिकन पार्टी की ओर से प्रत्याशी बनने की होड़ में वह ट्रंप के बाद दूसरे नंबर पर बने हुए हैं।

By Jagran NewsEdited By: Devshanker ChovdharyUpdated: Wed, 30 Aug 2023 11:17 PM (IST)
Hero Image
भारत, जापान से संबंध मजबूत कर चीन पर निर्भरता करेंगे कम: रामास्वामी (फोटो- एपी)
वाशिंगटन, पीटीआई। अमेरिका में राष्ट्रपति पद के भारतवंशी दावेदार विवेक रामास्वामी ने कहा है कि चीन और ताइवान पर आर्थिक निर्भरता कम करने के लिए देश को भारत, दक्षिण कोरिया और जापान से संबंधों को और मजबूत करना होगा। सर्वेक्षणों में रिपब्लिकन पार्टी की ओर से प्रत्याशी बनने की होड़ में वह ट्रंप के बाद दूसरे नंबर पर बने हुए हैं।

रामास्वामी ने निक्की हेली पर साधा निशाना

रिपब्लिकन पार्टी की पिछले हफ्ते पहली राष्ट्रपति बहस में 38 वर्षीय रामास्वामी सबसे अधिक चर्चा में रहे। मंगलवार को उन्होंने दूसरी भारतवंशी दावेदार निक्की हेली पर निशाना साधा। निक्की ने बहस के दौरान रामास्वामी को विदेशी मामलों में अनुभवहीन बताते हुए खिल्ली उड़ाई थी।

भारत के साथ मजबूत रिश्तों पर रामास्वामी का जोर

रामास्वामी ने कहा कि हम भारत के साथ एक मजबूत साझेदारी बनाएंगे, जिसमें ताइवान के साथ निकट भविष्य में संघर्ष की स्थिति में मलक्का जलडमरूमध्य को बंद करने की भारतीय प्रतिबद्धता शामिल होगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हेली और उनके परिवार को निजी क्षेत्र में उनके भविष्य के करियर के लिए शुभकामनाएं देते हैं, क्योंकि उन्होंने संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत के रूप में अपने छोटे से कार्यकाल में काफी संपत्ति अर्जित की थी।

इससे पहले 38 साल के विवेक रामास्वामी से शुक्रवार को आयोवा के एक टाउन हॉल में जब पूछा गया कि वह अमेरिका का राष्ट्रपति बनने के बाद किसे अपना सलाहकार चुनेंगे। इसपर उन्होंने एलन मस्क का नाम लिया। यही नहीं एलन मस्क ने जब ट्विटर में बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी की थी तो विवेक रामास्वामी ने उनकी तारीफ की थी। अरबपति ने जवाब में कहा कि वह ऐसे लोगों को चाहते हैं जो सरकार के अंदर से नहीं आते।

मस्क को सलाहकार बनाना चाहते हैं रामास्वामी

एनबीसी की रिपोर्ट में रामास्वामी के हवाले से कहा गया, मुझे हाल ही में एलन मस्क को बेहतर तरीके से जानने में मजा आया। मुझे उम्मीद है कि वह मेरे दिलचस्प सलाहकार होंगे क्योंकि उन्होंने ट्विटर पर 75 फीसदी कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया था। उन्होंने कहा कि इससे उनका प्रभाव वास्तव में बढ़ गया।