Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

चीन के विदेश मंत्री के बाद अब रक्षा मंत्री लापता, आखिरी बार बीजिंग में किया था सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित

चीन में सब कुछ ठीक चलता प्रतीत नहीं हो रहा है। विदेश मंत्री के बाद अब रक्षा मंत्री ली शेंगफू के लापता होने की चर्चा है। उनको गत 29 अगस्त को बीजिंग में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में आखिरी बार देखा गया था। चीन की ओर से इस पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। चीन रक्षा मंत्री के बारे में उसी तरह चुप्पी साधे हुए है

By Jagran NewsEdited By: Sonu GuptaUpdated: Tue, 12 Sep 2023 12:02 AM (IST)
Hero Image
चीनी रक्षा मंत्री ली शेंगफू करीब दो सप्ताह से हैं लापता। फाइल फोटो।

जेएनएन, नई दिल्ली। चीन में सब कुछ ठीक चलता प्रतीत नहीं हो रहा है। विदेश मंत्री के बाद अब रक्षा मंत्री ली शेंगफू के लापता होने की चर्चा है। इंटरनेट मीडिया पर उनके लापता होने की खबर प्रसारित हो रही है। उनको गत 29 अगस्त को बीजिंग में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में आखिरी बार देखा गया था।

जापान में अमेरिकी राजदूत ने लापता का किया दावा

जापान में अमेरिकी राजदूत के एक पोस्ट से शेंगफू के लापता होने की चर्चा शुरू हुई। हालांकि, चीन की ओर से इस पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। चीन रक्षा मंत्री के बारे में उसी तरह चुप्पी साधे हुए है, जिस तरह गत जुलाई में तत्कालीन विदेश मंत्री छिन कांग के लापता होने पर कुछ नहीं कहा था। बाद में कांग की जगह वांग यी को विदेश मंत्री बना दिया गया था।

29 अगस्त को आखिरी बार देखा गया था

जापान में अमेरिका के राजदूत रेहम इमैनुअल ने एक्स पर एक पोस्ट में चीनी रक्षा मंत्री के लापता होने का दावा किया। उन्होंने पोस्ट में कहा कि गत दो सप्ताह से चीन के रक्षा मंत्री को देखा नहीं गया है। उन्हें आखिरी बार 29 अगस्त को तीसरे अफ्रीका-चीन शांति और सुरक्षा फोरम में सार्वजनिक रूप से देखा गया था। बीजिंग में हुए इस सम्मेलन को शेंगफू ने संबोधित किया था। उन्हें इसी वर्ष मार्च में रक्षा मंत्री नियुक्त किया गया था।

सेना हार्डवेयर खरीद मामले की करा रही जांच

रक्षा मंत्री के लापता होने की खबर ऐसे समय सामने आई है, जब सेना पांच साल पहले की गई हार्डवेयर खरीद से जुड़े भ्रष्टाचार के मामलों की जांच करा रही है। यह जांच जुलाई में शुरू की गई। हालांकि, चीनी सेना का कहना है कि वह अक्टूबर 2017 से इन गड़बड़ियों की जांच कर रही है। शेंगफू सितंबर 2017 से 2022 तक उपकरण विभाग के प्रमुख थे।

चिनफिंग ने की सेना में एकता की अपील

चीनी रक्षा मंत्री के लापता होने की खबरों के बीच राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने सेना में एकता और स्थिरता की अपील की है। समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने रविवार को अपनी रिपोर्ट में कहा कि चीनी राष्ट्रपति ने गत शुक्रवार को देश के पूर्वोत्तर में एक निरीक्षण के दौरान यह अपील की। उन्होंने सैनिकों की शिक्षा और प्रबंधन पर भी जोर दिया।

चीन में लापता होने का पहला नहीं है मामला

चीन में बड़ी हस्तियों के गायब होने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई मामले सामने आ चुके हैं। चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के पूर्व महासचिव हू जिंताओ, अलीबाबा ग्रुप के संस्थापक जैक मा, अभिनेत्री फैन बिंगबिंग, झाओ वेई, टेनिस खिलाड़ी पेंग शुआई आदि ऐसे कई नाम हैं जो पहले अचानक लापता हो गए थे। बाद में कुछ समय बाद वे नजर आए।

चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के पूर्व महासचिव लंबे समय तक नहीं आए थे नजर

गत वर्ष अक्टूबर में चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के पूर्व महासचिव हू जिंताओ को चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की 20वीं राष्ट्रीय कांग्रेस के समापन समारोह में हाल से बाहर ले जाया गया। इसके बाद वह नजर नहीं आए। बाद में दिसंबर में एक पूर्व चीनी नेता के अंतिम संस्कार में दिखाई दिए।

यह भी पढ़ेंः  नई दिल्ली घोषणा पत्र पर क्या बोला चीन, जी-20 को लेकर कही ये बड़ी बात

तीन माह के लिए लापता हुए थे उद्यमी जैक मा

उद्यमी जैक मा वर्ष 2020 में तीन महीने के लिए लापता हो गए थे। सामने आने के बाद भी वह काफी समय तक चमक दमक से दूर रहे। जुलाई 2018 में मेगास्टार अभिनेत्री फैन बिंगबिंग अचानक सोशल मीडिया और सार्वजनिक उपस्थिति से गायब हो गईं। वह इसके एक वर्ष बाद नजर आईं।

टेनिस खिलाड़ी पेंग शुआई भी हुई थी लापता

नवंबर 2021 में टेनिस खिलाड़ी पेंग शुआई ने एक कद्दावर नेता पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। इसके दूसरे दिन ही वह लापता हो गई। बाद में वर्ष 2022 में वह कई साक्षात्कार में नजर आईं।

यह भी पढ़ेंः विदेश मंत्री जयशंकर की ड्रैगन को खरी-खरी, कहा- भारतीय क्षेत्र पर बेतुका दावा करने से वह चीन का नहीं हो जाता