Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

India-China Border: तवांग संघर्ष पर चीन ने दी पहली प्रतिक्रिया, कहा- 'भारतीय सीमा पर नियंत्रण में है स्थिति'

India-China Border Clash भारत-चीन के सैनिकों के बीच अरूणाचल प्रदेश के तवांग इलाके में संघर्ष हुआ। इसमें दोनों पक्षों के कई सैनिकों को चोटें आई हैं। तवांग संघर्ष के बीच चीन ने पहली बार प्रतिक्रिया दी है। चीन ने कहा है कि अब स्थिति नियंत्रण में है।

By AgencyEdited By: Mohd FaisalUpdated: Tue, 13 Dec 2022 03:45 PM (IST)
Hero Image
India-China Border: तवांग संघर्ष पर चीन ने दी पहली प्रतिक्रिया (फाइल फोटो)

बीजिंग, एजेंसी। भारत-चीन की सेना के बीच अरुणाचल प्रदेश के तवांग में हुई झड़प का मुद्दा देश की संसद तक पहुंच गया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व गृह मंत्री अमित शाह ने तवांग संघर्ष पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। इस बीच चीनी विदेश मंत्रालय ने तवांग संघर्ष पर बयान दिया। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वांग वेनबिन ने मंगलवार को कहा कि भारत के साथ सीमा पर स्थिति 'स्थिर' है।

भारत-चीन सीमा पर स्थिति स्थिर- चीनी विदेश मंत्रालय

चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वांग वेनबिन ने कहा कि भारत-चीन सीमा पर हालात कुछ दिनों के बाद फिर से सामान्य हैं। उन्होंने कहा कि सीमा पर दोनों पक्षों के सैनिकों के बीच झड़प हुई थी। भारत के तवांग सेक्टर में शुक्रवार को आमने-सामने हुई झड़प में दोनों पक्षों के जवानों को चोटें भी आईं हैं।

क्या बोला चीनी विदेश मंत्रालय

चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वांग वेनबिन ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि दोनों पक्षों ने कूटनीतिक और सैन्य माध्यमों से सीमा से जुड़े मुद्दों पर सहज संवाद बनाए रखा है। हालांकि, वांग ने अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर के यांग्त्से क्षेत्र में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच 9 दिसंबर को हुई संघर्ष के बारे में जानकारी देने से इन्कार कर दिया।

चीन और भारत के बीच मौजूदा सीमा स्थिति सामान्य- चीनी प्रवक्ता

तवांग संघर्ष के बारे में पूछे जाने पर वांग ने कहा जहां तक हम जानते हैं कि चीन और भारत के बीच मौजूदा सीमा स्थिति सामान्य रूप से स्थिर है। वांग ने मीडिया से कहा आपने जिन विशेष सवालों का जिक्र किया है, उनके बारे में मेरा सुझाव है कि आप सक्षम अधिकारियों से संपर्क करें।

चीन के रक्षा मंत्रालय ने नहीं दी कोई प्रतिक्रिया

वांग ने यह भी कहा कि चीन को उम्मीद है कि भारतीय पक्ष उसी दिशा में हमारे साथ काम करेगा और दोनों पक्षों के नेताओं द्वारा प्राप्त महत्वपूर्ण साझा समझ को सुचारू रूप से प्रदान करेगा। हालांकि, चीन के रक्षा मंत्रालय ने अभी तक इस घटना पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

संसद में गूंजा तवांग मुद्दा

बता दें कि भारत में तवांग मुद्दे को लेकर संसद में हंगामा मचा हुआ है। विपक्ष की मांग के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लोकसभा में बयान दिया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संसद में कहा कि इस संघर्ष में हाथापाई हुई, भारतीय सेना ने बहादुरी से PLA को हमारे क्षेत्र में अतिक्रमण करने से रोका और उन्हें उनकी जगह पर वापस जाने के लिए मजबूर कर दिया। इस झड़प में दोनों ओर के कुछ सैनिकों को चोटें आईं हैं।

9 दिसंबर को हुआ था तवांग में संघर्ष

बता दें कि अरुणाचल प्रदेश में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर भारत और चीन के सैनिकों के बीच संघर्ष देखने को मिला था। इसमें दोनों पक्षों के कई सैनिक घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, चीनी-भारतीय सैनिकों के बीच ये संघर्ष 9 दिसंबर को हुआ था। एक दिन पहले ही इस संघर्ष के बारे में जानकारी सामने आई।

संसद में बोले राजनाथ, 'भारतीय सेना की बहादुरी से भागे चीनी सैनिक', शाह ने 'तवांग' पर दिखाया कांग्रेस को आईना

India China: तवांग संघर्ष से पहले चीन ने कई बार किया हवाई क्षेत्र का उल्लंघन, भारत ने तैनात किए लड़ाकू विमान