Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Coronavirus: बुजुर्गो को क्रूज से निकलने देगा जापान, दो भारतीय भी वायरस से पीड़ित

योकोहामा तट पर दस दिन से खड़े डायमंड प्रिंसेज क्रूज पर कोरोना वायरस से 44 और संक्रमित मामले सामने आए हैं।

By Manish PandeyEdited By: Updated: Thu, 13 Feb 2020 07:27 PM (IST)
Hero Image
Coronavirus: बुजुर्गो को क्रूज से निकलने देगा जापान, दो भारतीय भी वायरस से पीड़ित

टोक्यो, रायटर। जापान अपने तट पर दस दिनों से खड़े डायमंड प्रिंसेज क्रूज से उन बुजुर्गो को निकलने की इजाजत देगा, जिनके कोरोना वायरस से संक्रमित नहीं होने की पुष्टि हो चुकी है। क्रूज पर गुरुवार को वायरस के 44 नए मामले सामने आने के साथ ही पीड़ितों की संख्या बढ़कर 218 हो गई है। जापान में कोरोना वायरस से पहली मौत हुई है। जापान के स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री के मुताबिक मृतक एक 80 वर्षीय महि‍ला है जिसमें कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई थी।

पीडि़तों में चालक दल के दो भारतीय सदस्य भी शामिल हैं। हांगकांग से आया यह क्रूज तीन फरवरी से योकोहामा बंदरगाह पर खड़ा है। संक्रमण फैलने के डर से किसी को क्रूज से उतरने नहीं दिया गया। जापान के स्वास्थ्य मंत्री कट्सुनोबु कातो ने गुरुवार को कहा, 'कुछ बुजुर्ग यात्रियों को 14 दिन की अवधि पूरी होने से पहले ही यानी शुक्रवार से क्रूज से निकलने की इजाजत होगी। हम लोगों की सुरक्षा के लिए हर प्रयास करेंगे।' पहला मामला सामने आने के बाद क्रूज को 14 दिन के लिए अलग-थलग रखा गया है। यह अवधि 19 फरवरी को खत्म होगी।

80 फीसद यात्री बुजुर्ग

क्रूज के करीब 80 फीसद यात्रियों की उम्र 60 साल या इससे ज्यादा है। 215 यात्री 80 साल और 11 नब्बे साल के हैं। क्रूज पर करीब 3,700 लोग सवार हैं। इनमें करीब 132 भारतीयों समेत 1,100 तो चालक दल के सदस्य हैं। क्रूज पर छह भारतीय यात्री भी बताए जा रहे हैं।

62 मीटर ऊंचा है क्रूज

डायमंड प्रिंसेज ब्रिटिश क्रूज है। इसका संचालन प्रिंसेज क्रूज लाइंस करती है। 290 मीटर लंबा यह क्रूज 2004 से संचालित किया जा रहा है। यह 62 मीटर ऊंचा है।

चीन में एक दिन में 254 मौत

चीन में कोरोना वायरस से एक दिन में रिकॉर्ड 254 मौत हुईं। इससे इस महामारी से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 1367 हो गई है। संक्रमित लोगों का आंकड़ा भी 60 हजार के करीब पहुंच गया है। बुधवार को सबसे ज्यादा 242 मौतें अकेले हुबेई प्रांत में हुई और करीब 15 हजार नए मामलों की पुष्टि हुई। इसी प्रांत की राजधानी वुहान से पूरे चीन समेत दुनिया के लगभग 30 देशों में यह वायरस फैला है। छह करोड़ की आबादी वाले हुबई में पिछले करीब तीन हफ्ते से आवाजाही ठप है।