Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

काहिरा में अल-हकीम मस्जिद पहुंचे पीएम मोदी, कहा- यह मिस्र की समृद्ध विरासत और संस्कृति का गहरा प्रमाण है

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को काहिरा में मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। अल-सीसी ने पीएम मोदी को ऑर्डर आफ द नील अवार्ड से सम्मानित किया जो मिस्र का सबसे बड़ा राजकीय सम्मान है। प्रधानमंत्री ने अल-हकीम मस्जिद का भी दौरा किया। उन्होंने कहा कि यह मिस्र की समृद्ध विरासत और संस्कृति का गरहा प्रमाण है।

By AgencyEdited By: Achyut KumarUpdated: Sun, 25 Jun 2023 03:49 PM (IST)
Hero Image
PM Modi Egypt Visit: पीएम मोदी ने काहिरा में अल-हकीम मस्जिद का किया दौरा

काहिरा, एएनआई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को मिस्र की राजधानी काहिरा में हेलियोपोलिस युद्ध कब्रिस्तान का दौरा किया और प्रथम विश्व युद्ध में सर्वोच्च बलिदान देने वाले भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी अल-हकीम मस्जिद भी गए। 

अल-हकीम मस्जिद का हुआ जीर्णोद्धार

अल-हकीम मस्जिद काहिरा में 11वीं सदी का एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थल है। यह मस्जिद भारत और मिस्र द्वारा साझा की गई समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रमाण के रूप में खड़ी है। पीएम मोदी की यात्रा का महत्व अल-हकीम मस्जिद का उल्लेखनीय जीर्णोद्धार है, जो दाऊदी बोहरा समुदाय के अटूट समर्पण और समर्थन के माध्यम से संभव हुआ है।

अल-हकीम मस्जिद का दौरा करके सम्मानित महसूस हुआ: मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि काहिरा में ऐतिहासिक अल-हकीम मस्जिद का दौरा करके सम्मानित महसूस हुआ। यह मिस्र की समृद्ध विरासत और संस्कृति का एक गहरा प्रमाण है।

''हमारे लिए आज का दिन ऐतिहासिक है''

भारतीय प्रवासी समुदाय के बोहरा समुदाय के सदस्य शुजाउद्दीन शब्बीर तांबावाला, जो आज अल-हकीम मस्जिद में मौजूद थे, जब पीएम मोदी वहां गए थे, कहते हैं, "यह हमारे लिए एक ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि पीएम मोदी आज यहां आए थे। उन्होंने हमारे साथ बातचीत भी की। उन्होंने हमारे बोहरा समुदाय की भलाई के बारे में भी पूछा और जब उन्होंने हमारे साथ बातचीत की तो हमें एक परिवार की तरह महसूस हुआ।''

पीएम मोदी ने भारतीय सैनिकों को दी श्रद्धांजलि

पीएम मोदी ने मिस्र के काहिरा में हेलियोपोलिस युद्ध कब्रिस्तान का भी दौरा किया। यहां उन्होंने प्रथम विश्व युद्ध के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि दी।

मिस्र के राष्ट्रपति से पीएम मोदी ने की मुलाकात

पीएम मोदी ने मिस्र के राष्ट्रपति अल-सिसी से भी मुलाकात की। इस दौरान दोनों ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।

मिस्र स्वेज नहर के पास आर्थिक क्षेत्र बना रहा है। भारत ने भी वहां एक विशेष आर्थिक क्षेत्र स्थापित करने का प्रस्ताव रखा है। उम्मीद की जा रही है कि इस बारे में भी दोनों देशों के बीच सहमति बनेगी।

पीएम मोदी का मिला मिस्र का सर्वोच्च राजकीय सम्मान

मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी ने काहिरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'ऑर्डर ऑफ द नाइल' पुरस्कार से सम्मानित किया। 'ऑर्डर ऑफ द नाइल', मिस्र का सर्वोच्च राजकीय सम्मान है।

मिस्र के दो दिवसीय दौरे पर काहिरा पहुंचे पीएम मोदी

बता दें, पीएम मोदी दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को मिस्र पहुंचे। मिस्र के प्रधानमंत्री मुस्तफा मदबाउली ने उनका काहिरा एयरपोर्ट पर स्वागत किया। 1997 के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की मिस्र की यह पहली राजकीय यात्रा है। 

भारत पश्चिमी एशिया और अफ्रीका में अपने रिश्तों को नए सिरे से मजबूत करने में जुटा हुआ है, जिसके चलते यह यात्रा उसके लिए बहुत महत्वपूर्ण है। अल-सिसी जब जनवरी, 2023 में भारत आए थे, तब दोनों देशों ने एक-दूसरे को रणनीतिक साझेदार घोषित किया था।

भारत और मिस्र के रिश्ते मजबूत होंगे : पीएम मोदी

काहिरा पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने उम्मीद जताई कि भारत व मिस्र के रिश्ते और मजबूत होंगे। दोनों देशों की जनता को इससे फायदा होगा। माना जा रहा है कि मोदी की इस यात्रा के बाद सितंबर, 2023 में अल-सिसी फिर से भारत आ सकते हैं। भारत ने जी-20 बैठक में हिस्सा लेने के लिए मिस्र को विशेष मेहमान के तौर पर आमंत्रित किया है।