Move to Jagran APP

Chandrayaan-3 Landing: दुनिया में हो रही भारत की जय-जयकार, शेख हसीना समेत वैश्विक नेताओं ने PM मोदी को दी बधाई

23 अगस्त की शाम छह बजकर चार मिनट पर भारत ने इतिहास रच दिया। दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला भारत दुनिया का पहला देश बन गया है। इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना समेत कई वैश्विक नेताओं ने बधाई दी है। चंद्रयान-3 को 14 जुलाई को दोपहर दो बजकर 35 मिनट पर लॉन्च किया गया था।

By AgencyEdited By: Achyut KumarUpdated: Thu, 24 Aug 2023 08:13 AM (IST)
Hero Image
BRICS Banquet Dinner: वैश्विक नेताओं ने चंद्रयान-3 की सफलता पर पीएम मोदी को दी बधाई, देखें तस्वीरें
जोहान्सबर्ग, एएनआइ। दक्षिण अफ्रीका की राजधानी जोहान्सबर्ग में बुधवार को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान भोज में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को चंद्रयान-3 की सफलता पर बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना सहित कई विश्व नेताओं ने बधाई दी।

'प्रवासी भारतीयों का उत्साह खुशी देने वाला है'

इससे पहले, बुधवार को पीएम मोदी ने चंद्रयान-3 मिशन का जिक्र करते हुए कहा था कि अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों के लिए दक्षिण अफ्रीका में हमारे प्रवासी भारतीयों का उत्साह वास्तव में खुशी देने वाला है।

प्रधानमंत्री ने बुधवार को जोहान्सबर्ग के एक होटल में एकत्र हुए प्रवासी भारतीयों का अभिवादन करते हुए अपनी तस्वीरें भी साझा कीं।

चंद्रयान-3 ने चांद पर की सॉफ्ट लैंडिंग

गौरतलब है कि चंद्रयान-3 ने बुधवार को चंद्रमा पर सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग की। इसरो ने ट्वीट किया, "चंद्रयान-3 मिशन: 'भारत, मैं अपनी मंजिल तक पहुंच गया और आप भी!' चंद्रयान-3 चंद्रमा पर सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग कर चुका है! बधाई हो, भारत!" 

चांद के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडिंग करने वाला पहला देश बना भारत

बता दें, जैसे ही विक्रम लैंडर ने चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग की, भारत चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक उतरने वाला चौथा देश बन गया है। भारत से पहले अमेरिका, चीन और रूस ने यह कारनामा किया था। हालांकि, चंद्रमा के दक्षिण ध्रुव पर उतरने वाला भारत दुनिया का पहला देश बन गया है।

स्कूलों, विज्ञान केंद्रों और सार्वजनिक संस्थानों सहित पूरे देश में सॉफ्ट लैंडिंग की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई थी। इसरो ने लाइव एक्शन को इसरो वेबसाइट, इसके यूट्यूब चैनल, फेसबुक और सार्वजनिक प्रसारक डीडी नेशनल टीवी पर उपलब्ध कराया। अंतरिक्ष यान को 14 जुलाई को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा में सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से लॉन्च किया गया था।

पीएम मोदी ने इसरो चीफ को फोन कर दी बधाई

चंद्रयान -3 की सफलता के बाद, पीएम मोदी ने दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग से भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष एस सोमनाथ को बधाई देने के लिए फोन किया और कहा कि वह जल्द ही पूरी टीम का व्यक्तिगत रूप से स्वागत करने के लिए बेंगलुरु जाएंगे।

पीएम मोदी ने टेलीफोन पर बातचीत में कहा, ''सोमनाथ जी, आपका नाम सोमनाथ है, जो चंद्रमा से जुड़ा है और इसलिए आपके परिवार वाले भी आज बहुत खुश होंगे। मेरी तरफ से आपको और आपकी पूरी टीम को बहुत-बहुत बधाई।'' उन्होंने आगे कहा, "कृपया सभी को मेरा अभिवादन बताएं। यदि संभव हुआ तो मैं जल्द ही व्यक्तिगत रूप से आपका अभिनंदन करूंगा।"

पीएम ने ऑनलाइन देखा चंद्रयान-3 की लैंडिंग

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए दक्षिण अफ्रीका में मौजूद प्रधानमंत्री चंद्रयान-3 की लैंडिंग के लाइव प्रसारण में ऑनलाइन शामिल हुए। विक्रम लैंडर की चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग के बाद अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और भूटान के पीएम समेत कई नेताओं ने भारत को बधाई दी।