Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

50 अरब का महल, खुद का बोइंग विमान और हर दीवार पर सोने की परत... हैरान कर देगी इस देश के सुल्तान की कहानी

दुनिया का सबसे अमीर राजा कौन-सा है वह कहां रहता है और उसके पास कितनी दौलत है... ये सभी प्रश्न अक्सर लोगों के मन में आते हैं। आज हम इन्हीं सारे सवालों का जवाब जानेंगे। पढ़ें यह खास रिपोर्ट.....

By Achyut KumarEdited By: Achyut KumarUpdated: Mon, 12 Jun 2023 08:21 PM (IST)
Hero Image
50 अरब का महल, खुद का बोइंग विमान इकलौती राइड हैंड मर्सिडीज... हैरान कर देगी ब्रुनेई के सुल्तान की कहानी

Brunei's Sultan Hasan Bolkiah: भव्य आलीशान महल, विलासिता भरी जिंदगी और राजसी ठाठ-बाट... राजा के बारे में हमारे मन में कुछ ऐसे ही ख्याल आते हैं। यूं तो आज अमूमन सभी देशों में लोकतंत्र है, लेकिन फिर भी कुछ देश ऐसे हैं, जहां आज भी राजसी व्यवस्था कायम है। ऐसा ही एक देश है- ब्रुनेई। ब्रुनेई के सुल्तान को दुनिया का सबसे अमीर राजा माना जाता है, जिनका नाम है- हसनल बोलकियाह।

ब्रुनेई कहां स्थित है?

राजा की बात करने से पहले हम आपको ब्रुनेई के बारे में बता दें। ब्रुनेई बोर्नियो द्वीप पर स्थित है। इसकी राजधानी बंदर सेरी बेगवान (Bandar Seri Begawan) है। यहीं पर सुल्तान का निवास स्थान 'इस्ताना नुरुल इमान महल' (Istana Nurul Iman palace) स्थित है। यह एक छोटा, लेकिन अमीर देश है। 2021 के मुताबिक, यहां की कुल आबादी 4.45 लाख है। हसनल बोलकियाह यहां के प्रधानमंत्री हैं। ब्रुनेई में प्रचुर मात्रा में तेल और गैस के भंडार हैं।

(सुल्तान हसनल बोलकियाह, ब्रुनेई के प्रधानमंत्री)

दुनिया के सबसे लंबे समय तक शासन करने वाले राजा

अब बात करते हैं ब्रुनेई के सुल्तान हसनल बोलिकयाह (Brunei's Sultan Hassanal Bolkiah) की... वे ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के बाद सबसे लंबे समय तक शासन करने वाले राजा हैं। उन्होंने 2017 में राजा के तौर पर 50 साल पूरे करने पर गोल्डन जुबली मनाई थी। वे ब्रुनेई के 29वें सुल्तान हैं। वे 1984 में अंग्रेजों के जाने के बाद से देश के प्रधानमंत्री के तौर पर भी काम कर रहे हैं।

(ब्रुनेई के सुल्तान हसनल बोलकियाह )

50 अरब रुपये का आलीशान महल, 1700 से अधिक रूम

ब्रुनेई के सुल्तान ने 50 अरब रुपये में अपना आलीशान महल बनवाया है। इसमें जो गुंबद है, उसमें 22 कैरेट का सोना लगा हुआ है। इस पूरे आलीशान महल में 1788 रूम और 217 वॉशरूम हैं । इस महल में 800 कारों को रखने के लिए एक गैराज भी बना हुआ है।

(सुल्तान का आलीशान महल)

20 लाख वर्ग फीट में फैला महल

सबसे खास बात यह है कि इस महल की दीवारों पर सोने का पानी चढ़ा हुआ है। यह पूरा आलीशान महल 20 लाख वर्ग फीट में फैला हुआ है। इसका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज है। यह दुनिया का सबसे बड़ा महल है, जिसमें पांच स्विमिंग पूल भी है। इसके अलावा, महल में 110 गैराज और 200 घोड़ों के लिए एयर कंडीशंड अस्तबल भी है। राजा अपने महलों में जो पार्टियां देते हैं, उसमें लोगों को सोने के बर्तनों में भोजन परोसा जाता है।

(सोने के बर्तन में परोसा जाता है भोजन)

खुद का बोइंग विमान

ब्रुनेई के सुल्तान के पास दौलत की कोई कमी नहीं है। उनके पास जो प्राइवेट जेट है, उस पर सोने का पानी चढ़ाया गया है। उन्होंने खुद के लिए बोइंग 747 विमान भी खरीदा है, जिसकी कीमत तीन हजार करोड़ रुपये है। अब तक उन्होंने इसमें अलग से 989 हजार करोड़ रुपये खर्च कर दिए गए हैं। यही नहीं, विमान के फ्लोर पर सोने के तारों वाली कालीन भी बिछाई गई है।

(सुल्तान बोलिकयाह का प्राइवेट बोइंग 747)

जेट में लगे हीरे जड़े झूमर

सरकारी जेट में सुल्तान के आराम के लिए बेडरूम, ऑफिस और हीरे जड़े झूमर लगे हुए हैं। सुल्तान के पास बोइंग 767- 200, एक एयर बेस A340- 200 और दो सिकोरस्की हेलीकॉप्टर भी हैं। इसका इस्तेमाल वे तब करते हैं, जब उन्हें विदेश जाना होता है। ये एक घंटे में 13 हजार 450 किलोमीटर तक उड़ सकता है।

(जेट के अंदर का दृश्य)

लंदन से बाल काटने आता है नाई

ब्रुनेई के सुल्तान के पास कितनी दौलत है, इसका अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि उनका बाल काटने के लिए लंदन से नाई बुलाए जाते हैं, जिस पर हर महीने 16 लाख रुपये का खर्च आता है।

बिल गेट्स ने छीना सबसे अमीर व्यक्ति का ताज

ब्रुनेई के सुल्तान 1980 के दशक के मध्य से लेकर 1990 के दशक तक दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति थे। इसके बाद बिल गेट्स ने उनसे यह ताज छीन लिय। फोर्ब्स के मुताबिक, 2008 में उनकी कुल संपत्ति 1.4 लाख करोड़ रुपये थी।

गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ नाम

सुल्तान का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है। यह सम्मान उन्हें 2011 में सबसे बड़े रॉल्स रॉयस संग्रह के लिए किया गया था। सुल्तान के पास एक स्पेशल रॉल्स रॉयस है, जिसकी छत खुल सकती है। इस कार पर सोने की परत चढ़ी हुई है। 

(गोल्ड रॉल्स रॉयस)

सुल्तान के पास 500 रॉल्स रॉयस समेत कई कारें हैं, जिनमें एक लेम्बोर्गिनी मर्सिएलेगो एलपी 640, बेंटले कॉन्टिनेंटल आर, फेरारी मिथोस कॉन्सेप्ट कार, दो फेरारी 456 जीटी सेडान, दुनिया में एकमात्र दाएं हाथ की मर्सिडीज-बेंज सीएलके-जीटीआर और पांच मैकलेरन एफ1 शामिल हैं।

(Rolls Royce Phantom)

खुद का चिड़ियाघर

सुल्तान के पास खुद का चिड़ियाघर भी है, जिसमें उन्होंने लगभग 30 बंगाल टाइगर रखे हैं। ये टाइगर सुलतान के मनोरंजन के संसाधनों में से एक हैं। जू में रहने वाले जानवरों को बास्केटबाल खेलने, साइकिल चलाने, गीत गाने, बात करने और अन्य जानवरों की आवाज की नकल करने के लिए प्रशिक्षित किया जाता है।

(बंगाल टाइगर)

गोल्फ खेलने का शौक

सुल्तान को गोल्फ खेलने का भी बहुत शौक है। उन्होंने मशहूर गोल्फ खिलाड़ी जैक निक्लॉस (Jack Nicklaus) से गोल्फ कोर्स डिजाइन करवाया है।

(ब्रुनेई में सुल्तान एम्पायर होटल एंड कंट्री क्लब में गोल्फ कोर्स)

ब्रुनेई के सुल्तान की जिंदगी पर एक नजर

  • हसनल बोलकियाह का जन्म 15 जुलाई 1946 को  हुआ था। उनके पिता का नाम सुल्तान उमर अली सैफुद्दीन III था।
  • सुल्तान उमर उली सैफुद्दीन III के 10 बच्चे थे, जिनमें छह बेटियां और चार बेटे थे। उनकी कई पत्नियां थीं। उन्होंने कम उम्र में ही बोल्कैया को अपना उत्तराधिकारी चुना था।

(सुल्तान उमर उली सैफुद्दीन III)

  • बोलकियाह ने मलेशिया के द विक्टोरिया इंस्टीट्यूशन स्कूल, कुआललंपुर से शिक्षा ग्रहण की।
  • उनकी स्कूली शिक्षा घर पर ही हुई।

(कुआलालंपुर, मलेशिया में प्रसिद्ध विक्टोरिया इंस्टीट्यूशन स्कूल)

  • उन्होंने पढ़ाई पूरी करने के बाद अपनी कजिन पेंगिरन अनाक सालेहा (Pengiran Anak Saleha) से शादी की। उस समय वे 19 साल के थे।
  • बोलिकयाह के दो बेटे और चार बेटियां हैं। उनकी दो पत्नियों से उनके चार बच्चे और हैं। उन्हें 1968 में सुल्तान का ताज पहनाया गया।
  • बोलकियाह ने 1981 में एक गैर शाही फ्लाइट अटेंडेट मरियम हाजी अब्दुल अजीज (Mariam Haji Abdul Aziz) से दूसरी शादी की। यह शादी 2003 तक चली।
  • इसके बाद 2005 में उन्होंने मलेशियाई टीवी एंकर अजीनाज मजहर हकीम (Azrinaz Mazhar Hakim) से तीसरी शादी की। वह उनसे 33 साल छोटी थी। यह शादी भी महज पांच साल तक ही चल पाई। इसके बाद 2010 में दोनों का तलाक हो गया।

(अपनी पत्नी के साथ सुल्तान)

समलैंगिक शादी करने वालों को मौत की सजा

बोलकियाह ने अप्रैल 2019 में उस समय सुर्खियां बटोरीं, जब ब्रुनेई ने घोषणा की कि वह अब 2014 में पहली बार प्रस्तावित शरिया कानून पर आधारित एक नए दंड संहिता के हिस्से के रूप में समलैंगिक शादी करने वालों को पत्थरों से मार कर मौत की सजा देगा। हालांकि, इसका बुरा असर पड़ा। पश्चिम के देशों में ब्रुनेई के स्वामित्व वाले नौ लक्जरी होटलों का मशहूर हस्तियों और राजनेताओं ने बहिष्कार कर दिया। इसके जवाब में ब्रुनेई ने लोगों से फैसले का सम्मान करने का आग्रह किया।

कानूनों को लागू करना मुश्किल

ब्रुनेई कहा कि नए कानून सजा देने के बजाय इस तरह की शादियों को रोकने और पारिवारिक मूल्यों की रक्षा करने के लिए है। उसने स्वीकार किया कि इन कानूनों को लागू करना बहुत कठिन होगा, लेकिन बाद में भारी अंतरराष्ट्रीय दबाव में बोलकियाह ने घोषणा की कि सजा लागू नहीं की जाएगी। टेलीविजन पर प्रसारित एक भाषण में सुल्तान ने कहा कि अल्लाह दूसरों पर अत्याचार करने वाले कानून कभी नहीं सौंपेगा।