Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Burqa ban: ईस्टर बम-धमाकों के बाद श्रीलंका में बुर्के और नकाब पर प्रतिबंध

श्रीलंका में मुस्लिम महिलाओं को राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना द्वारा लागू किए गए नए नियमों के तहत किसी भी सार्वजनिक जगह पर अपना चेहरा ढकने की अनुमति नहीं होगी।

By Nitin AroraEdited By: Updated: Mon, 29 Apr 2019 02:38 PM (IST)
Hero Image
Burqa ban: ईस्टर बम-धमाकों के बाद श्रीलंका में बुर्के और नकाब पर प्रतिबंध

कोलंबो, प्रेट्र/आइएएनएस। श्रीलंका ने चेहरा ढकने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। सोमवार को लागू हुए इस प्रतिबंध के तहत बुर्का या नकाब नहीं पहना जा सकेगा। 21 अप्रैल को ईस्टर के मौके पर स्थानीय इस्लामिक आतंकी संगठन द्वारा किए गए आत्मघाती हमलों के बाद सुरक्षात्मक कदम के तौर पर यह फैसला किया गया है।

राष्ट्रपति मैत्रिपाल सिरिसेन ने अपनी आपातकालीन शक्तियों का प्रयोग करते हुए रविवार रात यह फैसला लिया।उल्लेखनीय है कि ईस्टर पर हुए भीषण आतंकी हमले में 253 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 500 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट (आइएस) ने ली है। हालांकि सरकार स्थानीय आतंकी संगठन नेशनल तौहीद जमात (एनटीजे) को जिम्मेदार मान रही है।

राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, 'राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबंध लगाया गया है। किसी को भी चेहरा इस तरह से नहीं ढकना चाहिए कि उसकी पहचान मुश्किल हो जाए।' आदेश में विशेष रूप से उल्लेख किया गया है कि चेहरे पर पहना जाने वाला कोई भी ऐसा कपड़ा स्वीकार्य नहीं है, जिससे पहचान छिप जाए।

आदेश में बुर्का या नकाब शब्द का प्रयोग नहीं किया गया है।चेहरा ढकने पर प्रतिबंध लगाने के सरकार के इस फैसले को कुछ मुस्लिम उलेमाओं का भी साथ मिला है। जमीयातुल उलेमा के प्रवक्ता फाजिल फारूक ने कहा, 'सुरक्षा एजेंसियों के साथ सहयोग के तौर पर हमने लोगों को बिना चेहरा ढके बाहर निकलने की अनुमति दे दी है।' आतंकी हमले के बाद से ही यहां बुर्का और नकाब पर प्रतिबंध की मांग उठ रही थी। श्रीलंका की आबादी में करीब 10 फीसद मुस्लिम हैं।

सेना की वर्दी में हमलों की चेतावनी
श्रीलंका की सुरक्षा एजेंसियों ने और भी आतंकी हमलों की चेतावनी जारी की थी। आशंका थी कि आतंकी इस बार सुरक्षाबलों की वर्दी में हमले को अंजाम दे सकते हैं। चेतावनी रविवार और सोमवार के बारे में दी गई थी, हालांकि दोनों दिन सुरक्षित बीत गए।

बिना वैध वीजा के रह रहा भारतीय गिरफ्तार
श्रीलंका पुलिस ने बिना वैध वीजा के रह रहे 13 विदेशियों को गिरफ्तार किया है, इनमें एक भारतीय भी शामिल है। 20 वर्षीय भारतीय को सोमवार को माउंट लाविनिया से गिरफ्तार किया गया। उसके अलावा 10 नाइजीरियाई, एक इराकी और एक थाइलैंड वासी को गिरफ्तार किया गया है।

नए पुलिस प्रमुख की हुई नियुक्ति
राष्ट्रपति मैत्रिपाल सिरिसेन ने सोमवार को नए पुलिस प्रमुख और रक्षा मंत्रालय के नए सलाहकार की नियुक्ति की। सिरिसेन ने वरिष्ठ डीआइजी सीडी विक्रमरत्ने को कार्यवाहक इंस्पेक्टर जनरल बनाया गया है। पूर्व इंस्पेक्टर जनरल को एनके इलनगाकून को रक्षा मंत्रालय का सलाहकार बनाया गया है। पिछले हफ्ते हुए आतंकी हमले में सुरक्षा चूक सामने आने के बाद राष्ट्रपति ने रक्षा सचिव हेमासिरि फर्नाडो और आइजीपी पुजित जयसुंदरा का इस्तीफा ले लिया था।