Move to Jagran APP

Charles Sobhraj: रिहाई के बाद नेपाल ने चा‌र्ल्स शोभराज को भेजा फ्रांस, 19 साल के बाद जेल से निकला बाहर

बिकिनी किलर के नाम से कुख्यात चा‌र्ल्स शोभराज को शुक्रवार को फ्रांस भेज दिया गया। समाचार एजेंसी पीटीआइ के मुताबिक नेपाल के सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को उसे रिहा करने का आदेश दिया था। एक अमेरिकी महिला की हत्या के मामले में वह 19 साल से जेल में बंद था।

By Jagran NewsEdited By: Piyush KumarUpdated: Fri, 23 Dec 2022 11:10 PM (IST)
Hero Image
बिकिनी किलर के नाम से कुख्यात चा‌र्ल्स शोभराज की फाइल फोटो।

काठमांडू, एजेंसी। काठमांडू सेंट्रल जेल से रिहा हुए बिकिनी किलर के नाम से कुख्यात चा‌र्ल्स शोभराज को शुक्रवार को फ्रांस भेज दिया गया। समाचार एजेंसी पीटीआइ के मुताबिक, नेपाल के सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को उसे रिहा करने का आदेश दिया था। एक अमेरिकी महिला की हत्या के मामले में वह 19 साल से जेल में बंद था। उसे इस मामले में उम्रकैद की सजा मिली थी। फ्रांसीसी नागरिक शोभराज भारतीय एवं वियतनामी माता-पिता की संतान है।नेपाल के इमिग्रेशन विभाग और फ्रांसीसी दूतावास ने शोभराज के यात्रा दस्तावेज तैयार किए। काठमांडू से शोभराज कतर एयरवेज से दोहा गया है और वहां से वह पेरिस रवाना होगा।

2003 में काठमांडू में एक कैसिनो से गिरफ्तार हुआ था शोभराज

शोभराज के वकीलों में से एक सुदेश सुबेदी ने कहा कि पेरिस में शोभराज की मां और बेटी प्रतीक्षा कर रहे हैं। गृह मंत्रालय के प्रवक्ता एवं संयुक्त सचिव फनिद्र मणि पोखरेल कहा कि शोभराज का अगले 10 वर्ष तक नेपाल में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। धोखा देने और लूटने में की हरकतों के कारण शोभराज को थाइलैंड में 'बिकिनी किलर' और 'धोखेबाज' के उपनाम से जाना जाता है। अमेरिकी महिला कोन्निए जो ब्रोंजिच की 1975 में हुई हत्या के मामले में शोभराज को 2003 में काठमांडू में एक कैसिनो से गिरफ्तार किया गया था। उस समय से वह इस मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा था।

10 साल के दौरान की थी 20 से ज्यादा लोगों की हत्या 

2014 में उसे एक कनाडाई की हत्या मामले में भी उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। नेपाल में उम्रकैद की सजा का अर्थ 20 वर्ष की जेल है।पुलिस से बचने में माहिर शोभराज पर संदेह है कि उसने 1970 और 1980 के दौरान एशिया के विभिन्न हिस्सों में 20 से ज्यादा पश्चिमी नागरिकों की हत्या की थी। जिसे शिकार बनाता था उसके साथ दोस्ती कर उसकी खाने-पीने की चीजों में ड्रग्स मिला देता था।

यह भी पढ़ें: Charles Sobhraj: एक सीरियल किलर, जिसका कई मुल्कों की पुलिस को था इंतजार, अब फिर से चर्चा में है बिकिनी किलर