Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

US China Tension: क्‍या चीन के इस महाविनाशक युद्धक विमान से घबड़ाता है US, जानें क्‍या है Aircraft J-16D की खूबियां

US China Tension आखिर J-16 D लड़ाकू विमान की क्‍या खासियत है। ताइवान स्‍ट्रेट में युद्ध जैसे हालात को देखते हुए चीन के ये विमान काफी अहम हो जाते हैं। इस विमान से अमेरिका और भारत की चिंताए क्‍यों बढ़ गई है। इससे अमेरिका का सुरक्षा तंत्र कैसे प्रभावित होगा।

By Ramesh MishraEdited By: Updated: Sat, 17 Sep 2022 07:25 PM (IST)
Hero Image
US China Tension: क्‍या चीन के इस महाविनोशक युद्धक विमान से घबड़ाता है US। एजेंसी।

नई दिल्‍ली, जेएनएन। US China Tension: चीन के लड़ाकू विमान  J-16 D को असल युद्ध की स्थितियों का सामना करने के लिए रियल काम्‍बेट ट्रेनिंग पर भेज दिया गया है। यह विमान चीन के जे-20 स्‍टेल्‍थ लड़ाकू विमान के साथ जंग के मैदान में उतरेगा। ग्‍लोबल टाइम्‍स के मुताबिक, यह विमान युद्ध जैसी स्थितियों के लिए एक दम तैयार है। आखिर J-16 D लड़ाकू विमान की क्‍या खासियत है। ताइवान स्‍ट्रेट में युद्ध जैसे हालात को देखते हुए चीन के ये विमान काफी अहम हो जाते हैं। इस विमान से अमेरिका और भारत की चिंताए क्‍यों बढ़ गई है। इससे भारत और अमेरिका का सुरक्षा तंत्र कैसे प्रभावित होगा।

अमेरिका और चीन के बीच युद्ध जैसे हालात

नैंसी पेलोसी की ताइवान की यात्रा के बाद अमेरिका और चीन के बीच तनाव चरम पर है। ताइवान स्‍ट्रेट में अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव के बाद चीन अपनी तैयारी जोरों पर कर रहा है। वह अपने अत्‍याधुनिक हथ‍ियारों का प्रदर्शन भी कर रहा है। उधर, अमेरिका ने भी उसके किसी भी प्रहार का जवाब देने के लिए कमर कस ली है। अमेरिकी वायु सेना के सातवें बेड़े और F-16 जैसे युद्धक विमान यह संकेत दे रहे हैं कि वह चीन की किसी भी चुनौती से निपटने को तैयार है। अमेरिका ने यह संकेत दिया है कि चीन को उसकी ही भाषा में जवाब दिया जाएगा।

जे-16 डी विमान की खूबियां

1- चीन के लड़ाकू विमान J-16D की सबसे बड़ी खूबी यह है कि यह दुश्मनों के अत्‍याधुनिक रडार सिस्‍टम को जाम कर सकता है। इस विमान में इलेक्ट्रानिक सर्विलांस, कम्युनिकेशन डिस्ट्रप्शन और रडार जाम करने वाले उपकरण लगे हुए हैं। इसके अलावा इसमें हवा से हवा में मार करने वाली कई आधुनिक मिसाइलें भी लगी हैं। यह कई तरह के आधुनिक उपकरणों की एक विस्तृत सीरीज को लेकर उड़ान भर सकता है।

2- J-16D विमान के पंखों के नीचे छोटे उपकरण, जबकि बीच वाले हिस्से में भारी उपकरणों को लगाया जा सकता है। यह जंगी विमान वास्तविक युद्ध की स्थिति में अपने इलेक्ट्रानिक वारफेयर से दुश्मन में खलबली मचा सकता है। इससे दुश्मन के कम्युनिकेशन और सर्विलांस सिस्टम काम करना बंद कर सकते हैं। इसमें प्रयोग किए गए इलेक्ट्रानिक वारफेयर जेट दूसरे लड़ाकू विमानों के साथ युद्ध के मैदान में कहर बरपा सकता है।

3- यह विमान इलेक्ट्रानिक वारफेयर में कुशल बताया जा रहा है। चीन की योजना J-16D को J-20 लड़ाकू विमान के साथ युद्ध के मैदान में उतारने की है। इलेक्ट्रानिक वारफेयर के लिए चीन ने इस लड़ाकू विमान को अपने पुराने J-16 लड़ाकू विमान को अपग्रेड कर बनाया है। J-16D लड़ाकू विमान से चीनी वायु सेना की युद्धक क्षमताओं में काफी इजाफा होने की उम्मीद है।

4- यह लड़ाकू विमान एक ट्विन सीटर, ट्विन इंजन वाला हैवी फाइटर जेट है। चीन का दावा है कि उसने इस विमान को स्वदेशी तकनीक के आधार पर विकसित किया है। इसे मल्टीरोल फाइटर जेट के रूप में देखा जा रहा है। इसका इस्‍तेमाल हमलावर और रक्षात्मक दोनों तरह की भूमिकाओं में किया जा सकता है। इसमें चीन के दूसरे लड़ाकू विमानों की तुलना में फायर कंट्रोल सिस्टम, रडार और ऑपरेशन सिस्टम्स को उन्नत किया गया है।

5- चीन का J-16 D विमान J-20 के साथ मिलकर दुश्मन की सेना पर भारी पड़ेगा। एक लड़ाकू विमान दुश्मन के अर्ली वार्निंग सिस्टम को बंद कर देगा और रडार को जाम कर देगा, जबकि J-20 खुद ही स्टील्थ तकनीक से लैस है। ऐसी स्थिति में वह दुश्मन के ऊपर सटीक हमला कर सकता है। ऐसे में दुश्मन को जवाबी कार्रवाई का मौका भी नहीं मिलेगा।

6- चीन ने इस विमान को अपने एयरशो चाइना 2021 में प्रदर्शित किया था। उस वक्‍त चीन का यह विमान सुर्खियों में था। अब चीन ने अमेरिका के साथ ताइवान को लेकर जारी तनाव के बीच अपने सबसे आधुनिक J-16D लड़ाकू विमान को युद्धाभ्यास में उतार दिया है। चीनी वायु सेना का जे -16 डी इलेक्ट्रानिक वारफेयर विमान युद्ध की ट्रेनिंग कर रहा है। चीन की योजना इस विमान को जंग के मैदान में उतारने की है।