Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Maldives: चीन की राजकीय यात्रा पर निकले राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू, PM मोदी पर अपमानजनक टिप्पणी को लेकर चल रहा विवाद

मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू और प्रथम महिला साजिदा मोहम्मद रविवार रात चीन के लिए रवाना हो गए। मालदीव सरकार के मुताबिक ये मोहम्मद मुइज्जू की पहली राजकीय यात्रा है। मोहम्मद मुइज्जू की यात्रा चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के निमंत्रण पर हो रही है। राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू के साथ मालदीव सरकार का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी साथ है।

By Jagran News Edited By: Siddharth ChaurasiyaUpdated: Mon, 08 Jan 2024 10:36 AM (IST)
Hero Image
मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू और प्रथम महिला साजिदा मोहम्मद रविवार रात चीन के लिए रवाना हो गए।

जागरण न्यूज नेटवर्क, माले। मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू और प्रथम महिला साजिदा मोहम्मद रविवार रात चीन के लिए रवाना हो गए। मालदीव सरकार के मुताबिक, ये मोहम्मद मुइज्जू की 'पहली राजकीय यात्रा' है। मोहम्मद मुइज्जू की यात्रा चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के निमंत्रण पर हो रही है। राष्ट्रपति मुइज्जू के साथ मालदीव सरकार का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी साथ है।

यह यात्रा मालदीव के निकटतम पड़ोसी और पर्यटन के एक महत्वपूर्ण स्रोत भारत के साथ राजनयिक विवाद की पृष्ठभूमि में हो रही है। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ की गई अपमानजनक टिप्पणियों का मुद्दा भारतीय उच्चायोग द्वारा उठाए जाने के बाद रविवार को मालदीव की सरकार द्वारा उसके तीन उप मंत्रियों को निलंबित कर दिया गया था।

इन मंत्रियों ने प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया पर पमानजनक टिप्पणियां की थीं। इससे पहले, मालदीव सरकार ने टिप्पणियों से खुद को अलग करते हुए इसे संबंधित सांसदों के निजी विचार करार दिया और कहा कि ये सरकार का आधिकारिक रुख नहीं है।

यह भी पढ़ें: India Maldives Row: PM मोदी पर टिप्पणी के बाद सरकार का एक्शन, मालदीव के राजदूत को किया तलब

मालदीव के तीन उप मंत्रियों ने मोदी की लक्षद्वीप यात्रा के बाद ‘एक्स’ पर उनकी आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि नई दिल्ली इस केंद्र शासित प्रदेश को मालदीव के वैकल्पिक पर्यटन स्थल के रूप में पेश करने का प्रयास कर रही है।

मालदीव के स्थानीय मीडिया ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि युवा मंत्रालय में उप मंत्रियों – मालशा शरीफ, मरियम शिउना और अब्दुल्ला महज़ूम माजिद को उनके पदों से निलंबित कर दिया गया है। यह विवाद ऐसे दिन शुरू हुआ, जब राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइज्जू एक सप्ताह की चीन यात्रा पर रवाना हुए हैं।

मालदीव के मंत्रियों की अपमानजनक टिप्पणियों की भारत में आलोचना हुई है और कई मशहूर हस्तियों ने ‘एक्स’ पर लोगों से मालदीव जाने के बजाय घरेलू पर्यटन स्थलों की यात्रा करने का आग्रह किया। सोशल मीडिया पर कई पोस्ट में दावा किया गया कि कुछ भारतीय मालदीव की अपनी निर्धारित यात्रा रद्द कर रहे हैं।

मालदीव के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘मालदीव की सरकार विदेशी नेताओं और उच्च पदस्थ लोगों के खिलाफ सोशल मीडिया मंचों पर की गई अपमानजनक टिप्पणियों से अवगत है। ये विचार व्यक्तिगत हैं और मालदीव की सरकार के विचारों का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं।’’

यह भी पढ़ें: Vibrant Gujarat Global Summit: आज से तीन दिन के गुजरात दौरे पर पीएम मोदी, वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट का करेंगे उद्घाटन