Move to Jagran APP

किसी चमत्कार से कम नहीं...हथिनी ने जुड़वा बच्चों को दिया जन्म, उनमें से एक नर और एक मादा

थाईलैंड में जब बौद्ध भिक्षुओं को हथिनी के जुड़वा बच्चों की जानकारी मिली तो उन्होंने दोनों बच्चों को आशीर्वाद दिया। जानकारों का मानना है कि जुड़वा हाथियों का जन्म दुर्लभ है और नर-मादा जुड़वा बच्चे तो और भी दुर्लभ हैं। इस चमत्कार पर अयुथया एलीफेंट पैलेस और रॉयल क्राल का कहना है कि यह प्रांत के लिए पहली बार हुआ है।

By Jagran News Edited By: Siddharth Chaurasiya Updated: Sat, 15 Jun 2024 08:29 PM (IST)
Hero Image
आपने इंसानों के जुड़वा बच्चे तो अक्सर देखे होंगे। लेकिन क्या आपने किसी हाथी के जुड़वा बच्चे देखे हैं।

जागरण न्यूज नेटवर्क, बैंकॉक। आपने इंसानों के जुड़वा बच्चे तो अक्सर देखे होंगे। लेकिन क्या आपने किसी हाथी के जुड़वा बच्चे देखे हैं। थाईलैंड में एक हथिनी ने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया है, जो बेहद दुर्लभ है। 36 साल की इस हथिनी का नाम जमजुरी है और खुद इस हथिनी के लिए जुड़वा बच्चों को जन्म देना हैरान करने वाला था। जमजुरी नामक 30 वर्षीय मादा हाथी ने 7 जून की रात को थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक से 80 किलोमीटर (50 मील) उत्तर में स्थित एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल अयुथया के एक एलीफेंट कैंप में जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। ये जुड़वा बच्चे जमजुरी की चौथी और पांचवीं संतान हैं।

जुड़वा बच्चों के जन्म को चमत्कार बता रहे लोग

पिछले शुक्रवार को जमजुरी हथिनी ने एक नर हाथी बच्चे को जन्म दिया था। अयुथया एलिफेंट पैलेस और रॉयल क्राल के कर्मचारियों ने सोचा कि प्रसव सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। जब वह पहले बच्चे को साफ कर रहे थे तो उन्होंने एक तेज आवाज सुनी। इसे सुनकर वहां मौजूद सभी कर्मी घबरा गए। जब तक वह कुछ समझ पाते तब तक हथिनी ने एक दूसरे बच्चे को जन्म दे दिया। दूसरे जन्म से हथिनी भी घबरा गई। इस बीच, घबराहट में हथिनी अपने दूसरे मादा बच्चे पर पैर रखने लगी तो कर्मचारियों ने उसे रोक लिया। इस कोशिश में एक केयरटेकर घायल हो गया।

बौद्ध भिक्षुओं ने दोनों जुड़वा बच्चों को दिया आशीर्वाद

थाईलैंड में जब बौद्ध भिक्षुओं को हथिनी के जुड़वा बच्चों की जानकारी मिली तो उन्होंने दोनों बच्चों को आशीर्वाद दिया। जानकारों का मानना है कि जुड़वा हाथियों का जन्म दुर्लभ है और नर-मादा जुड़वा बच्चे तो और भी दुर्लभ हैं। इस चमत्कार पर अयुथया एलीफेंट पैलेस और रॉयल क्राल का कहना है कि यह प्रांत के लिए पहली बार हुआ है, जबकि थाई सरकार के एक बयान में कहा गया है कि वे दुनिया में इस तरह के तीसरे जोड़े हैं।

बता दें कि ये दोनों 30 वर्षीय मादा हाथी की चौथी और पांचवीं संतान हैं। एलीफेंट कैंप के केयरटेकर एक बच्चे के जन्म में मदद की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन जब 18 मिनट बाद एक दूसरा बच्चा अपनी मां के गर्भ से बाहर आया, तो वे हैरान रह गए।

हथिनी द्वारा जुड़वा बच्चों को जन्म देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वायरल वीडियो में महावतों को मादा बच्चे से अलग करते दिख रहे हैं। यह बेहद दुर्लभ है। सेव द एलीफेंट्स संगठन के मुताबिक, हाथियों में सिर्फ एक फीसदी मामले ही जुड़वा बच्चों के होते हैं। नर और मादा का एक साथ होना और भी दुर्लभ है। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, पशुचिकित्सक लार्डथॉन्गटारे मीपन ने कहा, "एक बार जब हमने दूसरे बच्चे को मां से खींच लिया तो वह खड़ा हो गया। हम सभी खुश थे क्योंकि यह चमत्कार है।"

थाईलैंड जहां कि ज्यादातर आबादी बौद्ध है वहां हाथियों को पवित्र माना जाता है। यह राष्ट्रीय प्रतीक भी हैं। थाई राजा युद्ध में हाथियों पर सवार होकर जाते थे और शाही शक्ति का पवित्र प्रतीक माना जाने वाला एक सफेद हाथी 1917 तक थाई ध्वज की शोभा बढ़ाता था।