Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

यूक्रेनी गोलाबारी में नोवा काखोव्का बांध क्षतिग्रस्त, कम हुआ पानी तो यूक्रेन को होगी भारी परेशानी

यूक्रेनी सेना की गोलाबारी में खेरसान का विशाल नोवा काखोव्का बांध क्षतिग्रस्त हो गया है और उससे पानी का रिसाव शुरू हो गया है। फिलहाल यह बांध रूसी सेना के कब्जे में है और उससे रूस के कब्जे वाले क्रीमिया को जलापूर्ति हो रही है।

By AgencyEdited By: Sonu GuptaUpdated: Sun, 06 Nov 2022 10:58 PM (IST)
Hero Image
यूक्रेनी गोलाबारी में नोवा काखोव्का बांध क्षतिग्रस्त। फोटो- एपी।

कीव, रायटर। यूक्रेनी सेना की गोलाबारी में खेरसान का विशाल नोवा काखोव्का बांध क्षतिग्रस्त हो गया है और उससे पानी का रिसाव शुरू हो गया है। यह जानकारी रूसी मीडिया ने दी है। फिलहाल यह बांध रूसी सेना के कब्जे में है और उससे रूस के कब्जे वाले क्रीमिया को जलापूर्ति हो रही है। खेरसान प्रांत मार्च से रूसी सेना के कब्जे में था लेकिन सितंबर में उस पर यूक्रेनी सेना ने फिर से कब्जा करना शुरू कर दिया। इस समय खेरसान शहर के अतिरिक्त ज्यादातर ग्रामीण इलाकों पर यूक्रेनी सेना ने फिर से कब्जा कर लिया है। वैसे इस प्रांत को अक्टूबर में रूस ने खुद में शामिल करने की घोषणा की थी।

राकेट हमले में बांध हुआ क्षतिग्रस्त

रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास के अनुसार यूक्रेनी सेना के राकेट हमले में बांध क्षतिग्रस्त हो गया है। बांध से पानी का रिसाव शुरू हो गया है। बर्बादी से बचाव के लिए आपात सेवाओं को सक्रिय कर दिया गया है। एजेंसी ने सूचना से संबंधित कोई तस्वीर या अन्य जानकारी नहीं दी है। डेनिप्रो नदी की अपस्ट्रीम पर 30 मीटर ऊंचे बने नोवा काखोव्का बांध में पैदा बिजली की आपूर्ति यूक्रेन के कई शहरों में की जाती है। साथ ही क्षेत्र में जलापूर्ति का यह बड़ा स्त्रोत है। अगर इसमें पानी कम हो गया तो यूक्रेन के लिए बिजली-पानी का बड़ा संकट पैदा हो जाएगा।

रूस ने खेरसान शहर को कराया खाली

अक्टूबर से रूस और यूक्रेन, दोनों ही एक-दूसरे पर बांध को नुकसान पहुंचाने के लिए षडयंत्र करने का आरोप लगा रहे थे। इससे रूस के कब्जे वाले खेरसान शहर और उसके आसपास के इलाकों को भारी नुकसान हो सकता है। इस आशंका से रूस ने खेरसान शहर और कई इलाकों को खाली भी करा दिया है। शुक्रवार रात खेरसान में रूसी सेना ने कर्फयू लगा दिया था।

रूस की धमकी में नहीं आया विश्व, संकट टल गया : जेलेंस्की

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि वैश्विक एकजुटता के चलते खाद्यान्न समझौता तोड़ने की रूसी धमकी कामयाब नहीं हुई और उसे समझौते में वापस लौटना पड़ा है। समझौते को लेकर दुनिया रूस की ब्लैकमें¨लग में नहीं आई और इसके कारण विश्व खाद्यान्न संकट का शिकार होने से बच गया। जेलेंस्की ने बताया कि बीते सप्ताह खाद्यान्न लेकर 28 जहाज विभिन्न देशों के लिए रवाना हुए। इनमें एक मालवाही जहाज संयुक्त राष्ट्र के खाद्यान्न कार्यक्रम के तहत 30 हजार टन गेहूं लेकर इथोपिया भी गया है।

यह भी पढ़ें- यूक्रेन को मिलेगा 400 मिलियन डालर की अमेरिकी सैन्य सहायता, कई घातक हथियार शामिल

यह भी पढ़ें- रूसी सेना में शामिल होंगे हत्यारे, डकैत और तस्कर, राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने बनाया नया कानून