Move to Jagran APP

पीछे हटने को तैयार नहीं राष्ट्रपति जेलेंस्की, विजय योजना की कर दी घोषणा; रूस बोला- यूक्रेनी लोगों के हित में नहीं

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बुधवार को अपनी बहुप्रतीक्षित विजय योजना की घोषणा की। उधर रूस ने विजय योजना की निंदा करते हुए कहा कि इससे हमारे और रूस के बीच सीधे तनाव के हालात बन सकते हैं। रूस ने कहा कि अब हमारे व नाटो के बीच सीधे टकराव के आसार बन रहे हैं। रूस बोला कि यह योजना यूक्रेनी लोगों के लिए तबाही का कारण बनेगी।

By Agency Edited By: Jeet Kumar Updated: Thu, 17 Oct 2024 05:45 AM (IST)
Hero Image
राष्ट्रपति जेलेंस्की ने विजय योजना की कर दी घोषणा, रूस बोला- यूक्रेनी लोगों के हित में नहीं

 रॉयटर, कीव। रूस के साथ लगभग ढाई साल से युद्ध लड़ रहे यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बुधवार को अपनी बहुप्रतीक्षित ''विजय योजना'' की घोषणा की। संसद में विजय योजना की घोषणा करते हुए कहा कि हमारे प्रमुख सहयोगी देश अमेरिका में पांच नवंबर को होने जा रहे चुनाव के कारण हमें एकजुट रहना होगा। इस विजय योजना पर रूस ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। रूस ने कहा कि अब हमारे व नाटो के बीच सीधे टकराव के आसार बन रहे हैं।

जेलेंस्की गुरुवार को नाटो रक्षामंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगे

एक अन्य खबर के अनुसार जेलेंस्की गुरुवार को नाटो रक्षामंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगे। इस बीच अमेरिका ने यूक्रेन के लिए 42.5 करोड़ डालर की सैन्य सहायता की एक और खेप जारी करने की घोषणा कर दी है। जेलेंस्की ने सांसदों को बताया कि उनकी योजना में पांच मुख्य बिंदु शामिल हैं। इनमें एक बिंदु नाटो में बिना शर्त शामिल होने और विशिष्ट हथियार हासिल करने का है। इसका दारोमदार हमारे सहयोगी देशों पर है।

सहयोगियों की मदद से हालात बदल कर रहेंगे

उन्होंने कहा कि भले ही युद्ध खत्म हो जाए या पुतिन कुछ भी चाहते हों हम अपने सहयोगियों की मदद से हालात बदल कर रहेंगे। हमे ऐसा हर हाल में करना होगा ताकि रूस को शांति के लिए मजबूर किया जा सके। उन्होंने यूक्रेन द्वारा गैर-परमाणु निरोधक क्षमता हासिल करने पर जोर दिया ताकि रूसी सैन्य शक्ति को नष्ट किया जा सके। गोपनीयता के कारण उन्होंने इस बारे में विस्तार से कुछ नहीं कहा। उनके भाषण के दौरान शीर्ष सैन्य व खुफिया विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।

यूक्रेनी लोगों के लिए तबाही लाएगी विजय योजना: रूस

उधर रूस ने ''विजय योजना'' की निंदा करते हुए कहा कि इससे हमारे और रूस के बीच सीधे तनाव के हालात बन सकते हैं। रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने बताया यह योजना यूक्रेनी लोगों के लिए तबाही का कारण बनेगी। उन्होंने कहा कि जेलेंस्की के साझीदार, भरोसे के काबिल नहीं हैं। वे यूक्रेनी लोगों को कब्र में देखना चाहते हैं।

अमेरिका ने नई सैन्य सहायता की घोषणा की

व्हाइट हाउस ने एक बयान के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने बुधवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से बात की और 42.5 करोड़ डालर के नए सैन्य सहायता पैकेज की घोषणा की। इस सहायता पैकेज में हवाई रक्षा क्षमता, हवा से जमीन पर मार करने वाले हथियार, बख्तरबंद वाहन और अन्य महत्वपूर्ण हथियार शामिल हैं।

जापान में अमेरिकी परमाणु हथियारों से शांति को खतरा

रूस ने चेतावनी दी है कि अमेरिका द्वारा जापान में परमाणु हथियारों की तैनाती से क्षेत्रीय अस्थिरता ध्वस्त हो जाएगी और उसके बाद शांति को खतरा पैदा हो जाएगा। रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जाखारोवा ने कहा कि अमेरिका एशियन नाटो का ढांचा तैयार करने की दिशा में कार्य कर रहा है जो क्षेत्र के लिए घातक होगा।

प्रवक्ता ने कहा, जापान के नए प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा शपथ ग्रहण के बाद इस आशय के संकेत दे चुके हैं। वह पड़ोस के परमाणु हथियारों वाले देशों से सुरक्षा के लिए प्रतिरोधी परमाणु शक्ति के पक्षधर हैं। इसके लिए वह अमेरिका को अपने सबसे मजबूत सहयोगी के तौर पर देखते हैं। ऐसे में आशंका पैदा हो गई है कि निकट भविष्य में जापान में अमेरिकी परमाणु हथियारों की तैनाती होगी।

विदित हो कि जापान में पहले से ही अमेरिकी सैनिक तैनात हैं जो उसकी सुरक्षा के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं। हालांकि जापान नाटो (उत्तर अटलांटिक संधि संगठन) का सदस्य नहीं है।