Move to Jagran APP

PHOTOS: ओलंपिक उद्घाटन से पहले फ्रांस में बवाल, रेल नेटवर्क पर तोड़फोड़ व आगजनी; 10 प्वाइंट्स में पढ़ें सबकुछ

पेरिस ओलंपिक के उद्घाटन से कुछ घंटे पहले फ्रांस की हाई-स्पीड रेल नेटवर्क पर हमले ने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया। लाखों लोगों पर इसका सीधा असर पड़ा है। कई ट्रेनों को रद्द किया गया है तो कई देरी से चल रही हैं। फ्रांस के प्रधानमंत्री ने कहा कि हमलों में पेरिस के तीन मुख्य मार्गों को निशाना बनाया गया। इसका उद्देश्य हाई-स्पीड रेल नेटवर्क को अवरुद्ध करना था।

By Jagran News Edited By: Ajay Kumar Updated: Fri, 26 Jul 2024 05:48 PM (IST)
Hero Image
फांस की हाई-स्पीड रेललाइन पर हमला। (फोटो- रॉयटर्स)

एजेंसी, पेरिस। फ्रांस की राजधानी पेरिस में ओलंपिक के उद्घाटन से पहले रेल लाइन पर बड़ा हमला किया गया है। फ्रांस के हाई-स्पीड रेल नेटवर्क पर कई स्थानों पर आगजनी की घटना सामने आई है। फ्रांस की सरकार ने इसे आपराधिक कृत्य बताया है। बता दें कि हाई-स्पीड रेल नेटवर्क पर हमले के बाद से राजधानी पेरिस और बाकी फ्रांस व यूरोप के मध्य रूट बाधित हो गया है। करीब आठ लाख लोग स्टेशनों पर फंसे हैं। आइए जानते हैं इस घटना से जुड़ी 10 अहम बातें।

यह भी पढ़ें: ट्रांसजेंडर बेटी ने एलन मस्क पर लगाया परेशान करने का आरोप, झूठा भी कहा; बोली- रिश्ता नहीं रखना चाहती हूं

  • 1- फ्रांस के प्रशासन का कहना है कि रेल लाइन पर हुए हमले का 25 लाख लोगों पर असर पड़ सकता है। यह संकट एक सप्ताह या इससे भी अधिक दिनों तक जारी रह सकता है। अधिकारियों ने कहा कि यह आपराधिक कार्रवाई है। मामले की जांच की जा रही है।
  • 2- फ्रांस के परिवहन मंत्री पैट्रिस वर्ग्रीटे ने कहा कि आगजनी के बाद घटनास्थल से लोगों को भागते देखा गया है। मौके पर आग लगाने वाले उपकरण भी मिले हैं। इससे साफ है कि यह आपराधिक आगजनी है। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं ने पेरिस को फ्रांस के बाकी हिस्सों और पड़ोसी देशों से जोड़ने वाली कई हाई-स्पीड लाइनों को बाधित कर दिया है।

  • 3- अटलांटिक, नॉर्ड और इस्ट की हाई-स्पीड लाइनों पर आग लगने की तीन घटनाएं सामने आई हैं। सबसे अधिक पेरिस का प्रमुख मोंटपर्नासे स्टेशन प्रभावित हुआ है।
  • 4- पेरिस पुलिस को शहर के सभी स्टेशनों पर तैनात कर दिया गया है। पेरिस के पुलिस प्रमुख लॉरेंट नुनेज ने कहा कि हमले के बाद से टीजीवी हाई-स्पीड नेटवर्क ठप है। यूरोप के सबसे व्यस्ततम रेलवे स्टेशनों में से एक गारे डू नॉर्ड पर यात्रियों की भीड़ है। उत्तरी फ्रांस, बेल्जियम और यूनाइटेड किंगडम को जाने वाली अधिकांश ट्रेनें लेट हैं।

  • 5- फ्रांस के खेल मंत्री एमेली ओडेया कास्टेरा ने कहा कि अधिकारी यात्रियों और एथलीटों पर पड़ने वाले प्रभाव का मूल्यांकन कर रहे हैं। ओलंपिक में आने वाले सभी प्रतिनिधिमंडलों को प्रतियोगिता स्थलों तक पहुंचाने के लिए परिवहन सुनिश्चित करने पर काम किया जा रहा है।

  • 6- फ्रांसीसी मीडिया के मुताबिक पश्चिमी मार्ग पर भीषण आगजनी की गई थी। फांस की राष्ट्रीय पुलिस घटना की जांच में जुटी है। लंदन के सेंट पैनक्रास स्टेशन पर जानकारी दी गई है कि यूरोस्टार यात्रा में देरी हो सकती है।
  • 7- एसएनसीएफ की टीमें मरम्मत में जुटी हैं। एसएनसीएफ टीमों का कहना है कि समस्या एक हफ्ते तक बनी रह सकती है। इस दौरान एसएनसीएफ ने यात्रियों को अपनी यात्रा स्थगित करने और स्टेशन पर न जाने की सलाह दी।

  • 8- जर्मनी की डॉयचे बान ने शुक्रवार को अपने लंबी दूरी के रेल नेटवर्क में व्यवधान की चेतावनी दी। यात्रियों से कहा कि वे पेरिस ओलंपिक खेलों से पहले फ्रांस में रेल बुनियादी ढांचे पर हमलों के बाद यात्रा करने से पहले जानकारी जरूर कर लें।
  • 9- जर्मनी की सरकारी स्वामित्व वाली डॉयचे बान ने अपनी वेबसाइट पर एक नोटिस में कहा कि रेल लाइन पर हमले के कारण फ्रांस और जर्मनी के बीच डॉयचे बान की लंबी दूरी की सेवाएं कुछ समय के लिए रद्द और देरी के अधीन हैं।

  • 10- उधर, यूरोस्टार ने यात्रियों से शुक्रवार को अपनी यात्रा स्थगित करने की सलाह दी है। हमले के बाद लंदन और पेरिस के बीच रेल सेवाएं बाधित हो गई थीं। रेल ऑपरेटर ने कहा कि हम अपने ग्राहकों को अगर संभव हो तो अपनी यात्रा स्थगित करने को प्रोत्साहित कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें:  पेरिस ओलंपिक से पहले फ्रांस में रेल लाइनों पर हमला, 8 लाख लोग स्टेशनों पर फंसे