Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

यूक्रेन में बांध के पानी में सात लोग बहे, खाद्यान्न वाली फसल बर्बाद; जेलेंस्की ने क्षेत्र का दौरा किया

रूस ने कहा है कि अमोनिया फर्टिलाइजर का निर्यात करने वाली पाइपलाइन उड़ाने के बाद रूस-यूक्रेन के बीच हुआ खाद्यान्न निर्यात समझौता खतरे में पड़ गया है उसकी समीक्षा की जा रही है। इस पाइपलाइन से रूस कई देशों में फर्टिलाइजर का निर्यात करता था।

By AgencyEdited By: Ashisha Singh RajputUpdated: Fri, 09 Jun 2023 12:15 AM (IST)
Hero Image
बांध टूटने से मची तबाही के बीच भी खेरसान में युद्ध नहीं रुका है।

खेरसान, एपी। नोवा काखोव्का बांध टूटने से दक्षिणी यूक्रेन में तबाही जारी है। खेरसान प्रांत के रूसी सेना के कब्जे वाले इलाके में और उससे बाकी स्वतंत्र इलाके में भीषण बर्बादी हुई है। रूसी इलाके में पांच लोगों के मारे जाने की खबर है जबकि दोनों क्षेत्रों में दसियों हजार एकड़ धरती पर लगी दसियों लाख टन उपज वाली फसल बर्बाद हो गई है।

राष्ट्रपति जेलेंस्की ने नुकसान का लिया जायजा

रूस और यूक्रेन ने बांध को बर्बाद करने के लिए एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं। वैसे बांध टूटने से रूसी हितों को ज्यादा नुकसान हुआ है, क्रीमिया के लिए जल संकट के हालात बन गए हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने गुरुवार को यूक्रेनी नियंत्रण वाले प्रभावित इलाकों का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया।

प्रभावित इलाकों में राहत के कार्यों पर दिया जा रहा जोर

नोवा काखोव्का क्षेत्र के रूस द्वारा नियुक्त मेयर व्लादिमीर लियोंतयेव ने कहा है कि पांच लोगों के मारे जाने के अतिरिक्त दो लोग लापता हैं। उनकी तलाश का काम चल रहा है। प्रभावित इलाकों में राहत के कार्यों पर पूरा जोर है और नुकसान को कम करने की हर संभव कोशिश की जा रही है। दोनों ओर के प्रभावित क्षेत्रों से करीब चार हजार लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

प्रभावित इलाके में भेजी गई सामग्री

उल्लेखनीय है कि डेनिप्रो नदी पर बने इस बांध का बड़ा हिस्सा रूस के कब्जे वाले इलाके में था जबकि शेष यूक्रेन के नियंत्रण वाले क्षेत्र में था। यूक्रेन के नियंत्रण वाले क्षेत्र के गवर्नर ओलेक्जेंडर प्रोकुदिन ने बताया है कि बांध टूटने से 600 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में बर्बादी हुई है और 60 हजार लोग उससे प्रभावित हुए हैं। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने प्रभावित इलाके में जल शुद्ध करने वाले उपकरण, जल शुद्ध करने वाली पांच लाख टेबलेट और अन्य राहत सामग्री भेजी है।

खतरे में खाद्यान्न निर्यात समझौता

रूस ने कहा है कि अमोनिया फर्टिलाइजर का निर्यात करने वाली पाइपलाइन उड़ाने के बाद रूस-यूक्रेन के बीच हुआ खाद्यान्न निर्यात समझौता खतरे में पड़ गया है, उसकी समीक्षा की जा रही है। इस पाइपलाइन से रूस कई देशों में फर्टिलाइजर का निर्यात करता था। पाइपलाइन को सोमवार रात यूक्रेन में खार्कीव क्षेत्र के नजदीक उड़ाया गया। रूस ने इस कृत्य के लिए यूक्रेन की सेना के निर्देशन में कार्य करने वाले आतंकी दस्ते को जिम्मेदार ठहराया है।

तबाही के बीच रूस की गोलाबारी, एक मरा

बांध टूटने से मची तबाही के बीच भी खेरसान में युद्ध नहीं रुका है। गुरुवार को रूसी सेना ने यूक्रेन के नियंत्रण वाले खेरसान के कुछ खास क्षेत्रों को निशाना बनाकर गोलाबारी की। इस गोलाबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और आठ घायल हो गए। यूक्रेन के गृह मंत्रालय ने बताया है कि यह गोलाबारी तब हुई जब जल सैलाब से प्रभावित इलाकों से लोगों को निकाला जा रहा था।