Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Flood in Pakistan: पाकिस्‍तान में बाढ़ से 20 लाख से ज्यादा हुए बेघर, 3.3 करोड़ लोग प्रभावित

पाकिस्‍तान में बाढ़ के चलते 20 लाख से अधिक घर क्षतिग्रस्त या नष्ट हो गए हैं। किसानों की फसलें तबाह हो गई हैं। यह आपदा डेढ़ करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी में धकेल सकती है। शिविरों में रह रहे लोगों के बीच बीमारियों के फैलने की आशंका है।

By Jagran NewsEdited By: Ramesh MishraUpdated: Sat, 08 Oct 2022 07:38 PM (IST)
Hero Image
Flood in Pakistan: पाकिस्‍तान में बाढ़ पीड़‍ितों की मदद में आगे आया संयुक्‍त राष्‍ट्र। एजेंसी।

इस्‍लामाबाद, एजेंसी। पाकिस्‍तान में बाढ़ के चलते 20 लाख से अधिक घर क्षतिग्रस्त या नष्ट हो गए हैं। किसानों की फसलें तबाह हो गई हैं। पाकिस्‍तान की यह आपदा डेढ़ करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी में धकेल सकती है। इसी बीच शिविरों में रह रहे लोगों के बीच मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों की आशंका भी है। संयुक्त राष्ट्र ने बाढ़ के बाद पाकिस्तान में जलजनित और अन्य बीमारियों के दूसरे संकट की संभावना के बारे में चेतावनी दी है।

मदद में आगे आया संयुक्‍त राष्‍ट्र

पाकिस्‍तान में बाढ़ पीड़‍ितों की मदद में संयुक्‍त राष्‍ट्र आगे आया है। संयुक्‍त राष्‍ट्र ने अंतरराष्‍ट्रीय समर्थन और सहायता जुटाने के प्रयासों को तेज करने का आग्रह किया है। संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने पाकिस्तान के हालात सुधारने के लिए पूरे विश्व से एकजुटता दिखाने को कहा है। गौरतलब है कि पाकिस्तान में 20 लाख से अधिक घर क्षतिग्रस्त या नष्ट हो गए और किसानों की फसलें तबाह हो गई हैं।

यूएन प्रमुख ने चेताया, प्रकृति विनाशकारी तरीके से कर रही पलटवार

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने चेतावनी जारी किया है कि दुनिया एक आपदा की ओर बढ़ रही है। उन्‍होंने कहा कि हमने प्रकृति के खिलाफ युद्ध छेड़ रखा है और प्रकृति विनाशकारी तरीके से पलटवार कर रही है। यूएन प्रमुख ने कहा कि आज आपदा पाकिस्तान में है, कल यह आपका देश हो सकता है। हमें उत्सर्जन में वृद्धि को रोकने और उन्हें अभी कम करने की जरूरत है।

करीब 3.3 करोड़ लोग प्रभावित, उत्‍पन्‍न हो सकता है अनाज का संकट

पाकिस्तान की राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी का कहना है कि इस बाढ़ से करीब 3.3 करोड़ लोग प्रभावित हुए हैं। इसके चलते अब तक कम से कम 1,314 लोगों की मौत हो चुकी है। मरने वालों में बड़ी तादाद बच्‍चों की है। अनुमान है कि बाढ़ के कारण देश को कम से कम 10 अरब डालर से ज्‍यादा का नुकसान हुआ है। देश में अनाज का संकट उत्‍पन्‍न हो सकता है, क्‍यों कि जरूरत का आधा से ज्‍यादा अनाज सिंध प्रांत में होता है। ऐसे में यह चिंता जताई जा रही है कि फसल बर्बाद होने से अनाज संकट पैदा हो सकता है।

यह भी पढ़ें: Ukraine War: क्‍या Nuclear Attack के लिए तैयार है रूस, बाइडन ने क्‍यों दी चेतावनी - एक्‍सपर्ट व्‍यू