Move to Jagran APP

पाकिस्तान में डकैतों ने किए पुलिस अधिकारियों पर रॉकेट से हमले, 11 की मौत; घायलों की स्थिति काफी गंभीर

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में गुरुवार को डाकुओं द्वारा राकेट से किए गए हमले में कम से कम 11 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। डकैत कुछ पुलिस वालों को अपने साथ अगवा करके भी ले गए। पंजाब पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि घायलों की स्थिति काफी गंभीर होने के कारण मौतों की संख्या बढ़ सकती हैं।

By Agency Edited By: Jeet Kumar Updated: Fri, 23 Aug 2024 01:14 AM (IST)
Hero Image
पाकिस्तान में डकैतों ने किए पुलिस अधिकारियों पर रॉकेट से हमले

 पीटीआई, लाहौर। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में गुरुवार को डाकुओं द्वारा राकेट से किए गए हमले में कम से कम 11 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और कई घायल हो गए।पुलिस के अनुसार लाहौर से 400 किलोमीटर दूर रहीम यार खान जिले में मचाह पाइंट पर पुलिस के दो वाहन कच्चे रास्ते में कीचड़ में फंस गए थे।

हमले में मौके पर ही 11 पुलिस मारे गए

इसी बीच डकैतों का एक गिरोह वहां पहुंचा और उसने दोनों वाहनों पर रॉकेटों से हमला किया। हमले में मौके पर ही 11 पुलिस वाले मारे गए और गई घायल हो गए। डकैत कुछ पुलिस वालों को अपने साथ अगवा करके भी ले गए।

पंजाब पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि घायलों की स्थिति काफी गंभीर होने के कारण मौतों की संख्या बढ़ सकती हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने आइजी डा.उस्मान अनवर को मौके पर जाने और अगवा किए गए पुलिसवालों को मुक्त कराने का आदेश दिया है।

पूर्व आइएसआइ प्रमुख का करीबी पाकिस्तान छोड़कर भागा

पाकिस्तान के पूर्व आइएसआइ प्रमुख जनरल फैज हमीद का एक करीबी देश छोड़कर भाग गया है। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मोहसिन हबीब वारियाच को भ्रष्टाचार के आरोपों में गिरफ्तार किया गया था और जिसके खिलाफ कोर्ट मार्शल की कार्रवाई चल रही है। उसने आधिकारिक अधिकारों के दुरुपयोग के लिए अपने खिलाफ चल रही जांच के बीच गिरफ्तारी से बचने के लिए देश छोड़कर ब्रिटेन भागा है।

समा टीवी के अनुसार, माना जाता है कि मोहसिन हबीब वारियाच ने हमीद के लिए पाकिस्तान और विदेशों में बड़े व्यापारिक सौदों का प्रबंधन किया था। हमीद को एक प्राइवेट हाउसिंग सोसाइटी से पैसे ऐंठने के लिए अपने पद का दुरुपयोग करने के आरोप में कोर्ट मार्शल की कार्यवाही का सामना करना पड़ रहा है।

हमीद के साथ कथित संबंधों के सिलसिले में कई सैन्य अधिकारियों और कुछ नागरिकों को हिरासत में लिया गया है। पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने वारियाच के देश छोड़ने की खबरों की न तो पुष्टि की और न ही खंडन किया है।