Move to Jagran APP

Pakistan: पाकिस्तानी सेना के चार सैनिकों की हत्या, आर्मी का दावा- ईरान से संचालित आतंकियों ने दिया अंजाम

पाकिस्तान ने दावा किया है कि ईरान से संचालित आतंकवादियों ने उनके चार सैनिकों को मार डाला है। पाकिस्तान की सेना शनिवार को कहा कि सीमा पर गश्त कर रहे उनके चार सैनिकों की ईरान से संचालित एक समूह के हमले में मौत हो गई है।

By AgencyEdited By: Mohd FaisalUpdated: Sun, 02 Apr 2023 08:17 AM (IST)
Hero Image
Pakistan: पाकिस्तानी सेना के चार सैनिकों की हत्या (फाइल फोटो)

क्वेटा (पाकिस्तान), एजेंसी। पाकिस्तान ने दावा किया है कि ईरान से संचालित आतंकवादियों ने उनके चार सैनिकों को मार डाला है। पाकिस्तान की सेना शनिवार को कहा कि सीमा पर गश्त कर रहे उनके चार सैनिकों की ईरान से संचालित एक समूह के हमले में मौत हो गई है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस हमले की निंदा भी की है।

बलूच लिबरेशन आर्मी ने ली हमले की जिम्मेदारी

दरअसल, अलगाववादी समूह बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने एक ईमेल के जरिए इस हमले की जिम्मेदारी ली है। इससे पहले बलूच लिबरेशन आर्मी क्षेत्र में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों और चीन के हितों वालों क्षेत्र पर हुए हमलों में भी शामिल रहा है।

चार जवानों की हुई हमले में मौत

ये घटना बलूचिस्तान प्रांत के केच जिले के दक्षिण-पश्चिम में हुई है। जो अफगानिस्तान और ईरान बॉर्डर पर है। सेना ने एक बयान में कहा कि ईरान से संचालित आतंकवादियों के एक समूह ने जवानों पर हमला किया है। जिस दौरान ये हमला किया गया पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की पाकिस्तान-ईरान सीमा पर एक नियमित सीमा गश्ती चल रही थी। इसी हमले में चार जवानों की जान गई है।

प्राकृतिक गैस और खनिजों से समृद्ध है बलूचिस्तान प्रांत

बता दें कि बलूचिस्तान प्रांत प्राकृतिक गैस और खनिजों से समृद्ध है और यहां ग्वादर बंदरगाह भी है, जिसमें चीन द्वारा 65 अरब डॉलर का निवेश भी किया गया है। सेना ने कहा है कि पाकिस्तानी अधिकारी जांच कर रहे हैं और ईरान भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के तरीकों की तलाश करेगा।

ईरानी दूतावास ने की हमले की निंदा

हालांकि, ईरानी अधिकारियों की ओर से इस मामले में कोई टिप्पणी नहीं की गई है, लेकिन ईरानी राज्य मीडिया ने इस्लामाबाद में स्थित ईरान के दूतावास के हवाले से कहा कि हम बलूचिस्तान राज्य में हुए आतंकवादी हमले की निंदा करते हैं। बता दें कि इससे पहले भी अलगाववादी समूह बलूच लिबरेशन आर्मी ने पाकिस्तानी आर्मी को निशाना बनाया है।