Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

शी जिनपिंग को सता रहा BLA का खौफ! अपने नागरिकों को दी पाकिस्तान न जाने की सलाह; बम धमाकों से उड़े होश

पाकिस्तान में बलूच लिबरेशन आर्मी यानी बीएलए ने चीनी नागरिकों का जीना हराम कर रखा है। रविवार को कराची में चीनी नागरिकों को निशाना बना बीएलए ने बड़ा आत्मघाती हमला किया। इस हमले ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की चिंता बढ़ा दी है। चीन ने तुरंत अपने 400 नागरिकों को पाकिस्तान छोड़ने का आदेश दिया। अब चीन ने अपने नागरिकों को पाकिस्तान की यात्रा से बचने की अपील की।

By Jagran News Edited By: Ajay Kumar Updated: Tue, 08 Oct 2024 10:27 PM (IST)
Hero Image
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग। (फाइल फोटो)

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तान में कराची अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास रविवार की रात बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने चीनी नागरिकों पर बड़ा आत्मघाती हमला किया। इस हमले में दो चीनी नागरिक समेत तीन की जान गई। वहीं 17 अन्य लोग घायल हैं। इस बीच चीन ने अपने नागरिकों से पाकिस्तान की यात्रा पर पुनर्विचार करने की अपील की।

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान छोड़कर भागे चीनी नागरिक, अधर में लटका CPEC; क्यों जिनपिंग सरकार ने 400 लोगों को बुलाया वापस?

यहां की यात्रा से बचें चीनी नागरिक

पाकिस्तान में स्थित चीनी दूतावास ने सोमवार को एक एडवाइजरी जारी की। इसमें कहा गया कि पाकिस्तान की यात्रा पर पुनर्विचार करें। चीनी नागरिक खासकर बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा की यात्रा करने से बचें। पिछले दिनों इन प्रांतों में चीनी नागरिकों और परियोजनाओं को निशाना बनाकर कई हमलों को अंजाम दिया गया है।

400 चीनी इंजीनियर लौटे

बता दें कि रविवार की रात करीब 11 बजे पाकिस्तान के सिंध प्रांत में स्थित कराची एयरपोर्ट के पास एक बड़ा धमाका हुआ था। इस हमले में चीनी इंजीनियरों और निवेशकों को निशाना बनाया गया था। बाद में बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने हमले की जिम्मेदारी ली। इसी बीच चीन ने पाकिस्तान में रहने वाले अपने 400 नागरिकों को वापस बुला लिया है। जानकारी के मुताबिक बलूचिस्तान से 250 और गिलगिट बाल्टिस्तान से 150 चीनी इंजीनियर अपने वतन लौट चुके हैं।

कोई कसर नहीं छोड़ेंगे: शहबाज

चीन ने पाकिस्तान सरकार पर हमलावरों के खिलाफ सख्त कदम उठाने का दबाव बनाया। उधर, पाकिस्तान ने चीनी नागरिकों की सुरक्षा की प्रतिबद्धता को दोहराया। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि चीनी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

चीनी नागरिकों को हमला बना रहा बीएलए

बीएलए बलूचिस्तान और सिंध में लगातार चीनी नागरिकों को अपना निशाना बना रहा है। इससे पहले भी यह अलगाववादी संगठन कई हमलों को अंजाम दे चुका है। बीएलए साल 2018 में कराची स्थित चीनी वाणिज्य दूतावास पर घातक हमला भी कर चुका है।

यह भी पढ़ें: जाकिर नाइक ने पाकिस्तान में भारत के लिए दिया ये बयान, पढ़ें पाकिस्तानियों को चुभ गई भगोड़े की कौन-सी बात