Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

बाढ़ के बाद पाकिस्तान में फैल रहीं बीमारियां, हो सकती है अनेक बच्चों की मौत; UN ने दी चेतावनी

पाकिस्तान में बाढ़ के कारण तो लोगों की मौत हुई ही है अब इसके बाद फैलने वाली बीमारियों से सबसे अधिक बच्चों पर खतरा है। संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी UNICEF ने इस बारे में शुक्रवार को आगाह किया।

By Monika MinalEdited By: Updated: Fri, 02 Sep 2022 04:26 PM (IST)
Hero Image
बाढ़ के बाद पाकिस्तान में फैल रहीं बीमारियां, हो सकती है अनेक बच्चों की मौत; UN ने दी चेतावनी

जेनेवा, एजेंसी। डायरिया, हैजा, मलेरिया, डेंगू जैसी बीमारियां इन दिनों पाकिस्तान में तेजी से फैल रहा है। यहां आए बाढ़ का कहर थमने के साथ ही इन जानलेवा बीमारियों का प्रकोप शुरू हो गया है। पाकिस्तान में बाढ़ के कारण तो लोगों की मौत हुई ही है अब इसके बाद फैलने वाली बीमारियों से सबसे अधिक बच्चों पर खतरा है। संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी UNICEF ने इस बारे में शुक्रवार को आगाह किया।

एजेंसी ने कहा कि पाकिस्तान में बाढ़ के बाद फैलने वाली बीमारियों के कारण अनेकों बच्चों की जिंदगी पर मौत का खतरा मंडरा रहा है। इन बीमारियों के कारण अब तक करीब 400 लोगों की मौत हो चुकी है।

पाकिस्तान के अधिकतर हिस्सों में मानसून की भीषण बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ से मरने वालों का आंकड़ा गुरुवार को 1,186 हो गया। राहत कार्य जारी है, प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री मुहैया कराने के प्रयास में रेस्क्यू टीम जुटी है। बाढ़ के कारण बलूचिस्तान और सिंध प्रांतों समेत देश का एक तिहाई हिस्सा जलमग्न हो गया। आपदाओं से निपटने के लिए मुख्य संस्था राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) ने कहा, 'बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में अब तक 1,186 लोग मारे गए हैं और 4,896 घायल हुए हैं। बाढ़ से 5,063 किलोमीटर सड़कें क्षतिग्रस्त हुई है तथा 1,172,549 आवास आंशिक रूप से या पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं। वहीं, 733,488 मवेशी मारे गए हैं।'

सेना ने बताया कि बचाव कार्य शुरू होने के बाद से करीब 50,000 लोगों को निकाला गया है। विदेश कार्यालय के प्रवक्ता असीम इफ्तिखार अहमद ने कहा कि 3.3 करोड़ से अधिक लोग बड़े पैमाने पर आपदा से प्रभावित हुए हैं।

आर्थिक संकट का सामना कर रही पाकिस्तान सरकार ने इस सप्ताह संयुक्त राष्ट्र के साथ मिलकर देश में जलवायु परिवर्तन का ‘ग्राउंड जीरो’ बनने वाली आपदा से निपटने के लिए 16 करोड़ डालर की तत्काल मदद की अपील की।

अहमद ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुतेरस इस कठिन समय में पाकिस्तान के प्रति एकजुटता और अंतरराष्ट्रीय समुदाय का समर्थन दर्शाने के लिए 9-10 सितंबर को पाकिस्तान का दौरा करेंगे।