Move to Jagran APP

रूस की जेल से 6 कैदी फरार, गुप्त सुरंग से भाग निकले आरोपी; तलाशी के लिए पुलिस ने बिछाया जाल

Russia रूस की जेल से कैदियों के भागने की दुर्लभ घटना सामने आई है। गौरतलब है कि रूस की जेलों से भागना आसान नहीं है और बमुश्किल ही वहां से ऐसी घटनाएं सामने आती हैं। ऐसे में हालिया घटना ने सबको चौंका दिया है। कुल 6 कैदी एक जेल से फरार हो गए हैं। उन्होंने इसके लिए गुप्त सुरंग का इस्तेमाल किया। पढ़ें पूरी घटना।

By Agency Edited By: Sachin Pandey Updated: Sat, 26 Oct 2024 06:17 PM (IST)
Hero Image
कैदियों ने जेल से भागने के लिए गुप्त सुरंग का इस्तेमाल किया। (File Image)
एएफपी, मॉस्को। रूस की एक जेल से छह कैदी फरार हो गए। इन कैदियों ने भागने के लिए गुप्त सुरंग का इस्तेमाल किया। समाचार एजेंसी एएफपी ने रूसी अधिकारियों के हवाले से इसकी जानकारी दी।

अधिकारियों ने दोषियों के जेल से भागने के बाद तलाशी अभियान की घोषणा की। एजेंसी के अनुसार पश्चिमी लिपेत्स्क क्षेत्र में जेल प्रहरियों को नियमित निरीक्षण के बाद उनके लापता होने के बारे में पता चला।

गश्त के दौरान मिली सुरंग

लिपेत्स्क क्षेत्र की जेल सेवा ने एजेंसी से कहा, 'सामान्य शासन दंड कॉलोनी नंबर 2 में परिसर की गश्त के दौरान एक भूमिगत सुरंग की खोज की गई। तुरंत दोषियों की गिनती शुरू की गई, जिसमें छह कैदियों के अनुपस्थित होने का पता चला।'

जेल प्रशासन ने फरार कैदियों की पहचान का खुलासा नहीं किया है। हालांकि, उसने एक बयान में कहा कि संदिग्ध मध्य एशिया से थे। उनकी खोज के लिए अस्थायी चौकियां स्थापित की गई हैं। साथ ही स्थानीय कानून प्रवर्तन को भी सतर्क कर दिया गया है और वे उनकी तलाश में जुट गए हैं।

रूस में जेल से भागने की घटनाएं बेहद कम

प्रशासन ने कहा, 'भागने वाले व्यक्तियों का पता लगाने के लिए वर्तमान में उपाय किए जा रहे हैं। अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।' लिपेत्स्क क्षेत्र मॉस्को से लगभग 300 किलोमीटर (190 मील) दक्षिण में है।

(कड़ी सुरक्षा के बीच रूस की जेल से भाग पाना आसान नहीं होता है। File Photo Source: Reuters)

गौरतलब है कि रूस दुनिया के सबसे अधिक जेल कैदियों की आबादी वाले देश में से एक है। हालांकि, यूक्रेन के साथ युद्ध में लड़ने के लिए बड़ी संख्या में अपराधियों को भेजा गया है, जिसके बाद इनकी संख्या में गिरावट आई है। रूस में जेल से भागने की घटनाएं भी बेहद कम होती हैं। यहां तक कि जो भागने में सफल भी हो जाते हैं, उन्हें अक्सर कुछ ही दिनों में पकड़ लिया जाता है।

बढ़के तनाव पर रूस ने जताई चिंता

इधर, रूस ने इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव पर चिंता जताई है और सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की है। रूसी विदेश मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि वह इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव को लेकर बहुत चिंतित है और उसने मध्य पूर्व में स्थिति को सामान्य बनाने का आग्रह किया, क्योंकि इजरायल ने ईरान में सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं। मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने कहा, 'हम सभी संबंधित पक्षों से संयम बरतने, हिंसा रोकने और विनाशकारी परिदृश्य से बचने का आग्रह करते हैं।'