Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

जमीन से भी हाथ धो बैठा यूक्रेन! रूस ने इस साल 547 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र पर जमाया कब्जा, जर्मनी ने दे दी ये चेतावनी

रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगू ने शुक्रवार को वरिष्ठ सैन्य कमांडरों को संबोधित करते हुए कहा कि उसके सैनिकों ने युद्ध के दौरान इस वर्ष 547 वर्ग किलोमीटर भूक्षेत्र पर नियंत्रण कर लिया। रूस इसे नए क्षेत्र कहता है। रूस का यूक्रेन के पूर्वी और दक्षिणी क्षेत्र में 18 प्रतिशत भूभाग पर कब्जा है। उन्होंने कहा कि यूक्रेनी बल अपने गढ़ में लगातार पीछे हट रहे हैं।

By Jagran News Edited By: Abhinav Atrey Updated: Fri, 03 May 2024 10:30 PM (IST)
Hero Image
क्रीमियाई पुल पर हमला हुआ तो देंगे मुंहतोड़ जवाब- रूस (फाइल फोटो)

रॉयटर्स, मॉस्को। रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगू ने शुक्रवार को वरिष्ठ सैन्य कमांडरों को संबोधित करते हुए कहा कि उसके सैनिकों ने युद्ध के दौरान इस वर्ष 547 वर्ग किलोमीटर भूक्षेत्र पर नियंत्रण कर लिया। रूस इसे 'नए क्षेत्र ' कहता है। रूस का यूक्रेन के पूर्वी और दक्षिणी क्षेत्र में 18 प्रतिशत भूभाग पर कब्जा है।

रक्षा मंत्री शोइगू ने सैन्य कमांडरों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि अग्रिम मोर्चे पर यूक्रेनी बल अपने गढ़ में लगातार पीछे हट रहे हैं, जबकि रूसी बल उन पर नियंत्रण कर रहे हैं। कहा, बीते दो हफ्तों में रूसी सेना ने डोनेस्क पीपुल्स रिपब्लिक में नोवोबाखमुतिवका, सेमेनिवका और बर्डीकी को मुक्त कराया है। रूस यह नाम यूक्रेन के मिलाए गए चार क्षेत्रों में से एक के लिए करता है।

नियंत्रण करके बाद में रूस ने अपना भूभाग घोषित किया

रूस ने यूक्रेन में सेना भेजने के सात महीने बाद सितंबर, 2022 में चार यूक्रेनी क्षेत्रों-डोनेस्क, खेरसान, लुहांस्क और जपोरीजिया पर नियंत्रण कर लिया था। इसे बाद में रूस ने अपना भूभाग घोषित कर दिया था। लेकिन यूक्रेन इस कार्रवाई को अवैध बताता है, जिसमें 2014 में क्रीमिया पर रूसी कब्जा शामिल है।

रूस को भुगतना होगा साइबर हमले का परिणाम- जर्मनी

जर्मन विदेश मंत्री एनालेना बायरबाक ने रूस की सैन्य खुफिया एजेंसी पर साइबर हमले का आरोप लगाते हुए कहा कि उसे इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा। नाटो और यूरापीय संघ के देशों ने कहा कि वे रूस के दुर्भावनापूर्ण साइबर व्यवहार को अनुत्तरित नहीं छोड़ सकते। युद्ध के दौरान यूक्रेन को सैन्य सहयोग करने से रूस और जर्मनी के बीच पहले से ही तनाव है। एनालेना ने कहा कि पिछले वर्ष सत्तारूढ़ सोशल डेमोक्रेट्स गठबंधन को निशाना बनाकर किए गए साइबरस्पेस हमले के पीछे रूसी सरकार के हैकरों का हाथ था।

क्रीमियाई पुल पर हमला हुआ तो देंगे मुंहतोड़ जवाब- रूस

रूस ने चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि क्रीमिया पुल पर पश्चिम के समर्थन से कोई यूक्रेनी हमला हुआ तो इसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका और बेल्जियम को चेतावनी देना चाहती हूं कि क्रीमिया पर कोई भी कार्रवाई विफल कर दी जाएगी। इसके साथ ही रूस ने कहा कि उसने बालोवने में फ्यूल टर्मिनल पर हमले की योजना बना रहे एक यूक्रेनी एजेंट को मार गिराया है। एफएसबी ने कहा कि यह एजेंट यूक्रेनी सेना द्वारा भर्ती किया गया था।

रूसी एक्टिविस्ट एंजेल को 15 वर्ष की सजा

रूस के सेना भर्ती कार्यालय में आग लगाने के प्रयास में एक रूसी एक्टिविस्ट को 15 वर्ष की सजा सुनाई गई है। पूर्व में खबरोवस्क स्थित एक सैन्य अदालत ने कहा कि एंजेल निकोलायेव को आतंकी गतिविधि में सजा सुनाई गई है। उसने यूक्रेन के विरुद्ध रूसी कार्रवाई के विरोध में सैन्य कार्यालय में आग लगाने की कोशिश की थी।

ये भी पढ़ें: 40 सालों में सबसे खराब प्रदर्शन ने बढ़ाई PM सुनक की टेंशन, ब्रिटेन के स्थानीय चुनाव में मिली करारी शिकस्त