Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Road Accident Jamui: देवघर से पूजा कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त, नौ घायल, मधुवनी के हैं सभी

Road Accident Jamui चकाई के घोरमो मोड़ के समीप एक भयंकर हादसा हुआ। इस दुर्घटना में बोलेरो सवार नौ लोग घायल हो गए। देवघर से पूजा-अर्चना कर दस लोग बोलेरो वाहन पर सवार होकर सभी लोग मधुबनी के तीसी परसौनी गांव लौट रहे थे।

By Dilip Kumar ShuklaEdited By: Updated: Tue, 23 Nov 2021 05:46 PM (IST)
Hero Image
जमुई में सड़क दुर्घटना में कई लोग जख्‍मी हो गए हैं।

संवाद सूत्र, चंद्रमंडी (जमुई)। चकाई-देवघर मुख्य मार्ग पर घोरमो मोड़ के समीप अनियंत्रित बोलेरो वाहन ने सड़क किनारे लगे पेड़ में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बोलेरो सवार नौ लोग घायल हो गए। दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जाता है कि देवघर से पूजा-अर्चना कर एक ही परिवार के दस लोग बोलेरो वाहन पर सवार होकर अपने गांव मधुबनी जिले के तीसी परसौनी गांव लौट रहे थे। इसी क्रम में चालक को झपकी आ जाने के कारण घोरमो मोड़ के समीप बोलेरो सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि उस पर सवार सभी लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घायल लोग वाहन में ही फंसे रहे। दुर्घटना में आयुष कुमार, इंद्र महतो, गीता देवी, बटोही महतो, रामजी देवी, शीला देवी, संजय महतो, किरण देवी, मुकेश कुमार तथा एक अन्य मु शाहनवाज घायल हो गए। घटना के दौरान गश्त कर रही चंद्रमंडी पुलिस ने वाहन में फंसे सभी घायलों को निकालकर इलाज के लिए चकाई रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों द्वारा प्रारंभिक इलाज किए जाने के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है।

10 लीटर देसी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

संवाद सूत्र, बरहट(जमुई)। पुलिस ने 10 लीटर देसी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। तस्कर की पहचान मलयपुर गांव निवासी कार्तिक साव के रूप में हुई है। बरहट थानाध्यक्ष चित्तरंजन कुमार ने बताया कि 10 लीटर महुआ देसी शराब के तस्कर को वांझिप्यार गांव के समीप से गिरफ्तार किया गया है। केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के हत्थे चढ़ा इंद्रदेव यादव

संवाद सहयोगी, जमुई। खैरा पुलिस ने थाना क्षेत्र के दरिमा गांव से अपराधी इंद्रदेव यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थानाध्यक्ष सिद्धेश्वर पासवान ने बताया कि इंद्रदेव के खिलाफ थाना में कांड संख्या 287/20 दर्ज है और वह कई माह से फरार चल रहा था। इंद्रदेव का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। मारपीट, जानलेवा हमला तथा गोलीबारी के मामले में वह पहले भी जेल जा चुका है। दबंग प्रवृति होने के कारण उसके खिलाफ सीसीए थ्री की भी कार्रवाई चल रही है। गिरप्तारी अभियान में थानाध्यक्ष के साथ पुअनि संजीत कुमार एवं ज्योति प्रकाश शामिल थे।

उत्पात मचाता शराबी गिरफ्तार

संवाद सूत्र, सोनो(जमुई)। थाना क्षेत्र से पुलिस ने शराब पीकर उत्पात मचाते एक शराबी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार शराबी की पहचान सोनो बाजार निवासी मनोज मिश्रा के रूप में हुई है। प्रभारी थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार ङ्क्षसह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सोनो बाजार से हंगामा करते हुए एक शराबी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को देखते ही शराबी भागने लगा जिसे जवानों के सहयोग से खदेड़कर पकड़ा गया। गिरफ्तार शराबी की ब्रेथ एनेलाइजर से जांच में शराब पीने की पुष्टि हुई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि शराबी पर केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।