Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bihar Weather Today: आज बिहार के इन जिलों में होगी झमाझम बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

बिहार में दो दिनों की सुस्ती के बाद एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। गुरुवार की तरह ही शुक्रवार को भी कई जिलों में झमाझम बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राजधानी पटना समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश से मौसम सुहावना होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने किशनगंज और अररिया जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

By prabhat ranjan Edited By: Rajat Mourya Updated: Fri, 12 Jul 2024 07:14 AM (IST)
Hero Image
बिहार के कई जिलों में बारिश की चेतावनी। (फोटो- ANI)

जागरण संवाददाता, पटना। Bihar Rain Alert 12th July राजधानी समेत प्रदेश में दो दिनों से कमजोर पड़ा मानसून गुरुवार से सक्रिय हो गया है। गुरुवार को पटना सहित प्रदेश के अधिसंख्य भागों में गरज-तड़क के साथ झमाझम वर्षा से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है।

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, पटना समेत प्रदेश के अधिसंख्य भागों में गरज-तड़क के साथ वर्षा के आसार हैं। जबकि किशनगंज और अररिया जिले में अतिभारी वर्षा को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के तराई वाले इलाकों में भारी वर्षा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

अगले चार दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

पटना सहित प्रदेश के अलग-अलग भागों में अगले चार दिनों तक कहीं छिटपुट तो कहीं भारी से अतिभारी वर्षा की संभावना है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अलग-अलग जिलों में भारी से अतिभारी वर्षा हुई।

किशनगंज जिले के बहादुरगंज में सर्वाधिक वर्षा 112.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। जबकि गुरुवार को पटना में 5.5 मिमी वर्षा एवं रोहतास के डेहरी में 52.8 मिमी वर्षा दर्ज हुई।

तापमान का हाल

पटना का अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि, 38.0 डिग्री सेल्सियस के साथ औरंगाबाद में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। पटना सहित अरवल, गया, नवादा, शेखपुरा, जमुई, बांका, भागलपुर, पूर्णिया, मधुबनी के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

इन स्थानों पर दर्ज हुई वर्षा

पश्चिम चंपारण के त्रिवेणी में 102.0 मिमी, बेगूसराय के साहेबपुर कनाल में 76.4 मिमी, अररिया के नरपतगंज में 60.2 मिमी, सिवान के सिसवन में 60.2 मिमी, पश्चिम चंपारण के गौनाहा में 55.4 मिमी, पटना के मसौढ़ी में 54.4 मिमी, सुपौल के नरपतगंज में 54.2 मिमी, रोहतास के संझौली में 43.2 मिमी, लखीसराय के सूर्यगढ़ा में 42.8 मिमी, पश्चिम चंपारण के लौरिया में 42.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

वहीं, सुपौल के राघोपुर में 38.8 मिमी, सारण के जलालपुर में 38.4 मिमी, गया के बेलागंज में 35.2 मिमी, किशनगंज के तैबपुर में 32.4 मिमी, रोहतास के सासाराम में 30.2 मिमी, अरवल में 28.2 मिमी, भोजपुर के सहर में 27.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

ये भी पढ़ें- Bihar Flood News: मधेपुरा-खगड़िया में कोसी उफनाई, पश्चिम चंपारण में आधा दर्जन घर गंडक में समाए; मची अफरा-तफरी

ये भी पढ़ें- Bihar Flood: मानसूनी बारिश से उफान पर बिहार की नदियां, पटना में खतरे के निशान के करीब बह रही गंगा