Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

बिहार में आंधी-बारिश से आठ की मौत, चार जून तक आफत का अलर्ट

बिहार में गुरुवार को आफत की आंधी-बारिश आई। जगह-जगह तबाही व वज्रपात से आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ घायल हो गए। आंधी-बारिश का सिलसिला चार जून तक चल सकता है।

By Amit AlokEdited By: Updated: Fri, 01 Jun 2018 09:38 PM (IST)
Hero Image
बिहार में आंधी-बारिश से आठ की मौत, चार जून तक आफत का अलर्ट

पटना [जागरण टीम]। उत्तर बिहार के विभिन्न जिलों में गुरुवार की दोपहर बाद से रात तक आंधी-पानी और वज्रपात से आठ लोगों की मौत हो गई। इस दौरान जगह-जगह पेड़ गिर गए। बिजली के खंभे उखड़ गए। मौसम विभाग ने चार जून तक आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के अनुसार तीन जून तक पटना सहित राज्य के अधिकांश शहरों का तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है। चार जून के बाद तापमान में वृद्धि हो सकती है।

बीते दो दिनों से राजधानी और आसपास के इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने से लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की है। हालांकि, आंधी-बारिश ने तबाही भी मचा दी है।

कई लोगों की मौत, कई घायल

आंधी व बारिश के दौरान पूर्वी चंपारण के चकिया में पेड़ के नीचे दबने से देवपुर निवासी कमलेश कुमार पटेल के पुत्र डब्ल्यू कुमार की मौत हो गई, जबकि दिलीप कुमार घायल हो गए। केसरिया में वज्रपात से ढेकहा निवासी दिनेश सहनी के 13 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार की मौत हो गई। मेहसी के विशंभरपुर में ठनका गिरने से नाजिद खान, पिता सऊद खान की मौत हो गई। पिपराकोठी में ठनका गिरने से ही रामगढ़ महूआवा के किशोरी महतो के 11 वर्षीय पुत्र सन्नी की मौत हो गई। राजेपुर में भी एक बच्चे की मौत ठनका से हुई है।

सिवान में सुबह तेज हवा के साथ बारिश के दौरान दो प्रखंडों में ठनका गिरने से दो युवतियों सहित नौ लोग घायल हो गए। घायलों में जीरादेई थाना क्षेत्र के सिसहनी गांव निवासी 20 वर्षीय पूनम कुमारी और 18 वर्षीय निशा कुमारी शामिल हैं।

मुजफ्फरपुर में भी आंधी-पानी की वजह से कई बड़े पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए। साहेबगंज थाना क्षेत्र के तारावां गांव में वज्रपात से दीपक कुमार (40) और रूपछपरा में देवेंद्र राय की आठ वर्षीय पुत्री गुड्डी कुमारी की मौत हो गई। अहियापुर थाना क्षेत्र के जमालाबाद में आंधी से पेड़ गिरने के कारण सूरज कुमार व रोहित कुमार घायल हो गए। दरभंगा के इटहरवा गांव निवासी शीतल सहनी की पत्नी दुखिया देवी (45) ठनका गिरने से घायल हो गईं। वहीं शिवहर के तरियानी  थाना क्षेत्र स्थित मंगुराहा गांव में जीत लाल पासवान का 16 वर्षीय पुत्र रीतेश कुमार बगीचे में गया था। इस दौरान एक पेड़ की डाली टूटकर उसकी जांघ पर आ गिरी, जिससे उसकी वहीं मौत हो गई।

10 जून तक आएगा मॉनसून

इस बीच राजधानी पटना समेत आसपास के इलाकों में मॉनसून की आहट हो रही है। बिहार में 10 जून तक दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून के प्रवेश करने की संभावना है। उम्मीद है कि इस साल राज्य में 97 फीसद बारिश होगी।