Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

सोनपुर मेला का कल उद्घाटन करेंगे तेजस्‍वी यादव, यहां मिलेगा बिहार के किसी भी गांव का नक्‍शा

Sonpur Mela 2022 पल-पल आकार ले रहा हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेला कल डिप्टी सीएम तेजस्‍वी यादव करेंगे उद्घाटन। समारोह के अति विशिष्ट अतिथि होंगे राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश नारायण सिंह। मेले में राजस्‍व एवं भूमि सुधार विभाग भी लगाएगा स्‍टाल

By Jagran NewsEdited By: Shubh Narayan PathakUpdated: Sat, 05 Nov 2022 01:37 PM (IST)
Hero Image
सोनपुर मेला का कल होगा उद्घाटन। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

संवाद सहयोगी, सोनपुर (सारण)। Sonpur Mela News: विश्वविख्यात हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेला पल-पल आकार ले रहा है। शुभारंभ में 24 घंटे शेष हैं, इस कारण तैयारियां चरम पर हैं। उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव विधिवत उद्घाटन करेंगे। अति विशिष्ट अतिथि राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश नारायण सिंह होंगे। अध्यक्षता विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री सुमित कुमार सिंह करेंगे।

ये सभी मंत्री भी रहेंगे मौजूद 

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री आलोक कुमार मेहता, कला संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री जितेंद्र कुमार राय तथा श्रम संसाधन मंत्री सुरेंद्र राम मौजूद होंगे। अनेक सांसद, विधायक, विधान पार्षद व जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे। मेला स्थित पर्यटन विभाग का मुख्य पंडाल बनकर तैयार है। परिसर में सैंड आर्ट का नमूना भी पेश किया गया है।

हर रोज होंगे सांस्‍कृतिक कार्यक्रम 

उद्घाटन के बाद इसी पंडाल में प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। डीआरडीए का ग्रामश्री मंडप, आर्ट एंड क्राफ्ट ग्राम, सहकारिता विभाग, स्वास्थ्य विभाग, ब्रेडा एवं कृषि की प्रदर्शनी शनिवार को तैयार हो जाएगी। इस बार उद्घाटन के दिन ही तमाम प्रदर्शनियां व स्टाल तैयार रहेंगे।

गर्म कपड़े लेकर आए कश्मीरी

जम्मू-कश्मीर के दर्जन भर व्यवसायी गर्म कपड़ों की खेप लेकर आए हैं, इनकी दुकानें सजने लगी हैं। मेरठ, लुधियाना, हरियाणा, पंजाब, सहारनपुर तथा कानपुर के कंबल चादर के कारोबारी पहुंच चुके हैं। ड्रोलिया चौक से बाबा हरिहर नाथ चौक तक दोनों तरफ दुकानें लगी हैं। बाबा हरिहरनाथ मंदिर के आसपास पूजन सामग्री दुकानें सज गई है। चिड़िया बाजार रोड में खेल तमाशे तथा झूले वाले भी तैयार हैं। घोड़ों और बैलों की विभिन्न प्रजातियां बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। साधु संतों का आगमन हो चुका है। कार्तिक पूर्णिमा के एक दिन पहले इनके शिविर लग जाएंगे। 

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का स्टाल

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग सोनपुर मेले में अपना स्टाल लगाएगा। यह छह नवंबर से शुरू हो रहा है। एक महीने तक चलेगा। भू अभिलेख एवं परिमाप के सहायक निदेशक अनिल कुमार सिंह ने सारण के जिलाधिकारी को पत्र लिखकर विभाग के लिए स्टाल उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। विभाग के स्टाल पर आगंतुकों को जमीन से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। वहां गांवों का डिजिटाइज्ड नक्शा भी बिक्री के लिए उपलब्ध रहेगा। इससे पहले 2019 में विभाग का स्टाल लगा था। 

जल्द मिलेंगे नए अधिकारी

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग को जल्द ही 66 नए अधिकारी मिलेंगे। बिहार लोकसेवा आयोग की 66 वीं प्रतियोगिता परीक्षा के आधार पर विभाग को राजस्व एवं समकक्ष सेवा के लिए 66 अधिकारी मिले हैं। शुक्रवार को इनके प्रमाण पत्रों का सत्यापन किया गया। जल्द ही इसका परिणाम घोषित होगा।

उसके बाद इन अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। तब अंचल, जिला एवं मुख्यालय में विभिन्न पदों पर इनकी पोस्टंग होगी। अंचलों में अंचलाधिकारी के समानांतर राजस्व अधिकारी का पद सृजित किया गया है। कुछ अंचलों में इस समय यह पद रिक्त है। यह रिक्ति इन्हीं अधिकारियों से भरेगी।