Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

युद्ध स्मारक के लिए 1857 की क्रांति से जुड़ी वस्तुएं दे सकते हैं आमजन : धर्मवीर

देश की आजादी के लिए 1857 में लड़े गए पहले स्वाधीनता संग्राम से जुड़ी वस्तुओं को आमजन दान दे सकता है।

By JagranEdited By: Updated: Thu, 11 Feb 2021 07:25 AM (IST)
Hero Image
युद्ध स्मारक के लिए 1857 की क्रांति से जुड़ी वस्तुएं दे सकते हैं आमजन : धर्मवीर

जागरण संवाददाता, अंबाला : देश की आजादी के लिए 1857 में लड़े गए पहले स्वाधीनता संग्राम से जुड़ी वस्तुओं को आमजन दान दे सकता है। धरोहर के रूप में दिए जाने वाली वस्तु को व्यक्ति के नाम, पते सहित गैलरी में दर्शाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि 1857 की क्रांति की याद में वीर जवानों की बहादुरी एवं शहादत को नमन करने के लिए अंबाला-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर अंबाला छावनी में 22 एकड़ भूमि पर लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से भव्य और विशाल स्मारक का निर्माण कार्य किया जा रहा है।

जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी धर्मवीर सिंह ने आमजन से अपील की है कि अगर किसी भी व्यक्ति के पास उनके पूर्वजों की धरोहर के रूप में 1857 की क्रांति से संबंधित कोई भी वस्तु जैसे राइफल, बंदूक, पिस्टल, बंदूक की गोली (मस्कट कार्टरिज), वर्दी, तलवार, चाकू, बैज, मेडल, दस्तावेज, 1857 की क्रांति पर जारी हुई पोस्टल स्टांप (डाक टिकट), पत्र या पत्र व्यवहार, मूल रूप में कोई समाचार पत्र, उस दौर की पेंटिग, कोई मानचित्र या अन्य कोई भी वस्तु जो 1857 की क्रांति से सम्बन्धित हो, को हरियाणा सरकार को धरोहर के लिए दे सकते हैं। अगर दी गई वस्तु, दस्तावेज या अन्य चीजें प्रामाणिक पाए जाते हैं तो उसे दिए जाने वाले व्यक्ति के नाम व पते सहित गैलरी में दर्शाया जाएगा। इसके लिए मोबाइल नंबर 9463437252 अथवा 9888009339 पर संपर्क किया जा सकता है। बता दें कि इस शहीदी स्मारक को लेकर प्रदेश के गृह, शहरी स्थानीय निकाय एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज लगातार मॉनीटरिग कर रहे हैं।