Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

ताऊ देवीलाल की जयंती के बहाने परवान चढ़ेगी विपक्षी दलों की एकता, फतेहाबाद में जुटेंगे दिग्गज नेता

ताऊ देवीलाल की जयंती पर 25 सितंबर को फतेहाबाद में कार्यक्रम रखा गया है। इस मंच से विपक्षी दल एकजुटता दिखाने का प्रयास भी करेंगे। तमाम दिग्गज विपक्षी नेताओं को एक मंच पर लाने की पहल ओमप्रकाश चौटाला ने की है।

By Kamlesh BhattEdited By: Updated: Thu, 08 Sep 2022 04:10 PM (IST)
Hero Image
नीतिश कुमार, ओमप्रकाश चौटाला, शरद पंवार, सुखबीर बादल, तेजस्वी यादव व सत्यपाल मलिक। फाइल फोटो

राज्य ब्यूराे, चंडीगढ़। केंद्र में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के खिलाफ विपक्षी एकता की मुहिम अब तेज होगी। विपक्षी एकजुटता का मंच बनेगा। पूर्व उप प्रधानमंत्री स्व. ताऊ देवीलाल की जयंती पर 25 सितंबर को फतेहाबाद में होने वाला सम्मान समारोह, जहां विपक्षी एकता के पैरोकार तमाम दिग्गज जमा होंगे। इन्हें मंच देने की पहल इनेलो प्रमुख ओमप्रकाश चौटाला और उनके विधायक बेटे अभय सिंह चौटाला ने की है।

सम्मान समारोह की तैयारियों को लेकर वीरवार को इंडियन नेशनल लोकदल के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने पार्टी के प्रमुख लोगों के साथ चर्चा की। उन्होंने बताया कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री शरद पंवार, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और अकाली दल सुप्रीमो प्रकाश सिंह बादल, पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल, मेघालय के राज्यपाल सत्यपाल मलिक, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के संस्थापक हनुमान बेनीवाल समारोह में शामिल होंगे।

इसके अलावा महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री एवं शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे, पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व आंध्रप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू समेत कई नेताओं के सम्मान समारोह में शामिल होने उम्मीद है।

विपक्षी दलों की एकता को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला की बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के साथ चर्चा हो चुकी है। नीतीश कुमार ने फोन पर तेजस्वी यादव से भी चौटाला की बात कराई है।

विपक्षी दलों के दिग्गजों को चौधरी देवीलाल की 109वीं जयंती के कार्यक्रम में पहुंचने का न्योता देने खुद अभय चौटाला भी पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब एक मंच पर सभी नेता आएंगे तो तीसरे मोर्चे की बात बनेगी। कांग्रेस को इससे अलग नहीं रखा जा सकता, क्योंकि जब चौधरी देवीलाल ने तीसरा मोर्चा बनाया था, तब भाजपा को साथ लिया था। एक बार फिर थर्ड फ्रंट बनने की चर्चा देश में है। इसलिए अब इसमें कांग्रेस को भी शामिल किया जा सकता है।

इनेलो नेता ने कहा कि हमारा प्रयास है कि हरियाणा की धरती से सभी नेता चर्चा कर बदलाव की शुरुआत करें। पिछले महीने ही भाजपा का साथ छोड़कर नीतीश कुमार ने बिहार में राजद और कांग्रेस के साथ गठजोड़ करते हुए महागठबंधन की नई सरकार बनाई है।

भाजपा से रिश्ता तोड़ने के बाद से नीतीश कुमार सक्रिय हैं। हाल ही में दिल्ली दौरे के दौरान नीतीश कुमार ने चौटाला समेत कई नेताओं से मुलाकात की थी। इस दौरान विपक्षी एकता की मुहिम पर मंथन हुआ।

हर वर्ग दुखी और परेशान : चौटाला

अभय चौटाला ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की गलत नीतियाें से हर वर्ग दुखी और परेशान है। कोई सरकार की कमी को उजागर करता है तो उसके खिलाफ ईडी और सीबीआइ केस दर्ज कर परेशान करने लगती है। कानून व्यवस्था पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि नूंह में खनन माफिया ने डीएसपी को डंपर से कुचल दिया। इसी तरह सोनीपत में रोडवेज चालक को कुचलकर मार दिया गया।

अपराधियों को संरक्षण के चलते प्रदेश में शराब घोटाले, धान घोटाले और रजिस्ट्री घोटाले समेत विभिन्न घोटालों में शामिल बड़े लोगों पर आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इतना ही नहीं, सरकार ने जो आयोग बनाए, उनकी कोई रिपोर्ट नहीं आई और जिसकी आई, उसे ठंडे बस्ते में डाल दिया गया।

एसवाईएल पर स्टैंड साफ करें केजरीवाल

एसवाईएल को लेकर फिर से गरमाई सियासत के बीच अभय चौटाला ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल अपना स्टैंड साफ करें। वह बताएं कि वे सुप्रीम कोर्ट में आए फैसले को मानते हैं या नहीं। हरियाणा के हित के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता है। अरविंद केजरीवाल हरियाणा में जहां भी जाएंगे, इनेलो तब तक उनका विरोध करेगी जब तक वह एसवाईएल पर अपना पक्ष साफ नहीं करेंगे।