Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

'पार्टी में खूनी संघर्ष शुरू हो जाएगा', मनोहर लाल ने कांग्रेस को सीएम फेस घोषित करने की दी चुनौती

हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद को लेकर खींचतान शुरू है। पूर्व सीएम मनोहर लाल ने कहा कि सभी भाजपा के सभी प्रत्याशियों को सीएम पद की दावेदारी चाहिए इससे वोट प्रतिशत बढ़ता है। मनोहर लाल ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि अगर दम है तो वह सीएम का चेहरा घोषित करे। चेहरा घोषित करते ही कांग्रेस में खूनी संघर्ष शुरू हो जाएगा।

By Jagran News Edited By: Rajiv Mishra Updated: Wed, 25 Sep 2024 08:23 AM (IST)
Hero Image
मनोहर लाल ने कहा- दम है तो कांग्रेस घोषित करे सीएम फेस

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय ऊर्जा, आवास व शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा है कि कांग्रेस में अगर दम है तो वह सीएम का चेहरा घोषित करे। सीएम का चेहरा घोषित करते ही कांग्रेस में खूनी संघर्ष शुरू हो जाएगा।

भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल विज और राव इंद्रजीत सिंह की ओर से मुख्यमंत्री पद का दावा पेश करने पर मनोहर लाल ने कहा कि इस तरह का दावा सभी 90 प्रत्याशियों को करना चाहिए। इससे वोट प्रतिशत बढ़ता है। मनोहर लाल ने कहा कि अंत में पार्टी हाईकमान तथा संसदीय बोर्ड ही सीएम तय करता है। इस फैसले को सभी को स्वीकार करना होता है।

मनोहर लाल ने सैलजा के लिए कही ये बात

एक टीवी चैनल के कार्यक्रम में मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस हाईकमान को इस खूनी संघर्ष के बारे में पता है। इसलिए वह सीएम का चेहरा घोषित नहीं कर रहे।

कुमारी सैलजा के मुद्दे पर लाल ने कहा कि कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होना या कांग्रेस में रहना यह उनका अपना फैसला है। जिस तरह से कांग्रेस के एक बड़े नेता के इशारे पर दलित महिला का अपमान किया गया और उन पर निजी हमले किए गए यह बेहद निंदनीय व दुर्भाग्यपूर्ण है।

यह भी पढ़ें- Haryana Election 2024: कुमारी सैलजा की नाराजगी दूर, राहुल गांधी के हस्तक्षेप के बाद कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने सुलझाया विवाद

'सैलजा को कई गुना अधिक सम्मान भाजपा में मिलेगा'

मनोहर लाल ने कहा कि जो स्थिति कुमारी सैलजा की कांग्रेस में हो रही है, उसमें उनको यह न लगे कि उनका कोई भाई हाथ पकड़ने के लिए नहीं है तो इस नाते से ही उन्होंने भाजपा में आने का प्रस्ताव दिया था। मनोहर लाल ने कहा कि यह मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि जो अपमान कांग्रेस में हो रहा है, उससे कई गुणा अधिक सम्मान भाजपा में मिलेगा।

उन्होंने किसी नेता का नाम लिए बिना कहा है कि इससे पहले अशोक तंवर कांग्रेस के अध्यक्ष और वह प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। दलित प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर के साथ भी कांग्रेस के नेताओं ने मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया था। इसके बाद कांग्रेस के तथाकथित नेता उनका हाल पूछने के लिए दिल्ली में नहीं गए लेकिन वह तथा भाजपा के कुछ अन्य लोग कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर का हालचाल जानने के लिए दिल्ली अस्पताल में गए थे। वह हरियाणा के चुनाव प्रचार में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- 'कोई चपरासी का पद नहीं छोड़ता मैंने तो CM की कुर्सी छोड़ी, हरियाणा में बोले अरविंद केजरीवाल