Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Surya Grahan 2022: 30 अप्रैल को साल का पहला सूर्यग्रहण, जानिए समय और सूतक काल

Solar Eclipse 2022 Date And Time शनिचरी अमावस्या पर 30 अप्रैल को लगेगा साल का पहला सूर्य ग्रहण। इस साल दो सूर्यग्रहण पड़ रहे हैं। दूसरा सूर्यग्रहण अक्‍टूबर में है। ज्‍योतिष की मानें तो राशि पर इसका खासा असर पड़ता है।

By Anurag ShuklaEdited By: Updated: Thu, 07 Apr 2022 03:59 PM (IST)
Hero Image
साल का पहला सूर्यग्रहण 30 अप्रैल को।

कुरुक्षेत्र, जागरण संवाददाता। Surya Grahan 2022: सूर्यग्रहण का ज्योतिषीय व वैज्ञानिक महत्व है। सूर्यग्रहण की घटना को ज्योतिष में शुभ नहीं माना जाता है। साल का पहला सूर्यग्रहण कई राशि वालों पर प्रभाव डालेगा। गायत्री ज्योतिष अनुसन्धान संस्थान के संचालक डा. रामराज कौशिक ने बताया की साल का पहला सूर्यग्रहण 30 अप्रैल को लगेगा। हालांकि भारत में यह सूर्यग्रहण आंशिक होगा। इसलिए यहां कोई स्नान दान सूतक आदि का कोई महत्व नहीं हैं।

30 अप्रैल को लग रहा साल का पहला सूर्यग्रहण भारत में नहीं देखा जा सकेगा। यह सूर्य ग्रहण दक्षिण अमेरिका, प्रशांत महासागर, अंटार्कटिका और अटलांटिक क्षेत्र में देखा जा सकता है। भारत में सूर्य ग्रहण का सूतक काल प्रभावी नहीं होगा। वैदिक पंचांग के अनुसार साल का पहला सूर्यग्रहण 30 अप्रैल यानी वैशाख मास की अमावस्या को लगेगा। अमावस्या के दिन शनिवार पड़ने के कारण शनिचरी अमावस्या का योग बन रहा है। जिसे ज्योतिषीय दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सूर्य ग्रहण का वैज्ञानिक और आध्यात्मिक पक्ष

सूर्य ग्रहण के वैज्ञानिक पक्ष की बात करें तो जब सूर्य को चंद्रमा पूरी तरह से ढक लेता है, तो इसे ही सूर्य ग्रहण माना जाता है। ज्‍योतिषियों का कहना है कि कोई भी ग्रहण अगर भारत में नजर नहीं आता तो यहां सूतक काल मान्‍य नहीं होता। यह सूर्य ग्रहण अपने देश भारत में दिखाई नहीं देगा। सूर्य ग्रहण के बारे में वेद और पुराणों में भी जिक्र किया गया है। मान्‍यता के अनुसार ग्रहण देखे जाने के समय सूतक काल का खास महत्‍व है। 30 अप्रैल को लगने वाला सूर्य ग्रहण अगर भारत के किसी इलाके में नजर आता है तो उसका सूतक काल मान्य होगा। जबकि भारत में सूर्य ग्रहण नहीं देखे जाने पर सूतक काल का असर नहीं माना जाएगा।

पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

सूर्य ग्रहण कब लगता है

जब सूर्य को चंद्रमा ढंक दे और सूर्य की किरणें धरती तक नहीं पहुंच पाए तो इस खगोलीय घटना को ही सूर्य ग्रहण कहा जाता है। इस तरह अगर चंद्रमा सूर्य को आंशिक रूप से ढकता है तो आंशिक सूर्यग्रहण, चंद्रमा अगर सूर्य के मध्य भाग को ढके तो वलयाकार सूर्य ग्रहण कहते हैं।

सूर्य ग्रहण तिथि, समय और सूतक काल

30 अप्रैल को साल 2022 का पहला सूर्य ग्रहण आधी रात के बाद 12 बजकर 15 मिनट से शुरू होगा। सूर्य ग्रहण 2022 सुबह 4 बजकर 7 मिनट तक जारी रहेगा। साल 2022 का पहला सूर्य ग्रहण एक आंशिक सूर्यग्रहण होगा। साल का दूसरा सूर्य ग्रहण 25 अक्‍टूबर को है। यह पूरे भारत में दिखाई देगा। यह सूर्य ग्रहण मंगलवार की शाम 4:29 से 5:42 बजे तक लगेगा। यह सूर्य ग्रहण 2022 भारत में कुछ जगहों पर देखा जा सकता है। तब साल के दूसरे और अंतिम सूर्य ग्रहण का सूतक काल भी देशभर में प्रभावी होगा। इसे एशिया, यूरोप, अफ्रीका के उत्तर-पूर्वी भाग और अटलांटिक में देख सकेंगे।