Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Himachal News: केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने CM केजरीवाल पर कसा तंज, बोले- ED के सामने पेश होने से डरते है दिल्ली के सारे मंत्री

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आप पर झूठ की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल कहते थे कि वह राजनीति में नहीं आएंगे लेकिन राजनीति में आए। फिर ईमानदारी की बात करते थे और ईमानदार सरकार देने की ढींगे हांकते थे लेकिन उनके वादे झूठे व खोखले साबित हुए हैं। भ्रष्टाचार में संलिप्त एक-एक करके उनके विधायक व मंत्री जेल चले गए हैं।

By Jagran News Edited By: Paras PandeyUpdated: Thu, 04 Jan 2024 02:15 AM (IST)
Hero Image
कांग्रेस पर भी निशाना साधा और उन्हें भ्रष्टाचार की जननी करार दिया

जेएनएन, बिलासपुर। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आप पर झूठ की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल कहते थे कि वह राजनीति में नहीं आएंगे लेकिन राजनीति में आए। फिर ईमानदारी की बात करते थे और ईमानदार सरकार देने की ढींगे हांकते थे, लेकिन उनके वादे झूठे व खोखले साबित हुए हैं।

भ्रष्टाचार में संलिप्त एक-एक करके उनके विधायक व मंत्री जेल चले गए हैं और अब केजरीवाल की बारी है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा तीन समन देने के बावजूद वह पेश नहीं हुए हैं।

पता नहीं उन्हें क्या डर है और वह क्या वह छिपाना चाहते हैं। कांग्रेस को नसीहत देने वाले केजरीवाल आज उसके सहयोगी बन गए है। ईडी स्वतंत्र रूप से कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचारी नेता, अधिकारी व व्यापारियों पर कार्रवाई कर रही है।

उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा और उन्हें भ्रष्टाचार की जननी करार दिया। कहा कि कांग्रेस के नेताओं के केजरीवाल के विरुद्ध एक भी शब्द कहने के लिए होंठ सिल जाते हैं। घमंडिया गठबंधन के साथ केजरीवाल व अन्य राजनीतिक दलों का गठबंधन देश के लोगों को क्या न्याय प्रदान करेगा। 

इनके ज्यादातर नेता जेल में हैं या फिर बेल पर हैं। ईडी स्वतंत्र रूप से कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचारी नेता , अधिकारी व व्यापारियों पर कार्रवाई कर रही है। घुमारवीं में बुधवार को सांसद खेल महाकुंभ के समापन अवसर पर उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने खेलो इंडिया अभियान की शुरुआत कर इसके लिए 3200 करोड़ रुपये का बजट दिया है। 2014 से पहले कांग्रेस की सरकार खेलों को बढ़ावा नहीं देती थी। खेलों में भाई-भतीजावाद व भ्रष्टाचार चरम पर था। उस समय खेलों के लिए केवल 900 करोड़ रुपये का बजट होता था। 

सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए देश में 1000 खेलो इंडिया सेंटर खोलने जा रहे हैं। इसके तहत हर जिले में एक सेंटर खोला जाएगा। 1000 पूर्व खिलाड़ियों को सेंटर चलाने का अवसर दिया जाएगा। अनुराग ने कहा कि आगामी खेल महाकुंभ हर विधानसभा क्षेत्र में होगा और इसका शुभारंभ फरवरी में किया जाएगा।

मोदी सरकार में खिलाड़ियों ने सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीते। आज तक के इतिहास में एशियन गेम्स में भारतवर्ष ने सबसे ज्यादा 107 मेडल हासिल किए हैं। इसी तरह पैरा एशियाई गेम्स में दिव्यांग खिलाड़ियों ने 111 मेडल जीतकर इतिहास रचा है।

22 को घरों व मंदिरों में जलाएं दीप केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि श्री रामलला की जन्मभूमि अयोध्या धाम पर भव्य और दिव्य राम मंदिर के निर्माण से करोड़ों हिंदुओं के 450 से ज्यादा वर्षों का इंतजार खत्म हुआ है। कहा, कल तक जो विपक्षी पार्टियां कहती थी कि मंदिर वही बनाएंगे पर तारीख नहीं बताएंगे उन्हें जवाब मिल गया है। वे सभी आज निमंत्रण का इंतजार कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जिन्हें निमंत्रण मिला है सिर्फ वही 22 जनवरी को अयोध्या धाम जाएं।

अनुराग ठाकुर ने कहा, जिन्हें निमंत्रण नहीं मिला है वे घरों, गांव और मंदिरों को सफाई कर वहां दीप जलाएं और रामलला का स्वागत करें। अनुराग ने भव्य व दिव्य श्रीराम मंदिर के निर्माण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मंदिर आंदोलनमें योगदान और बलिदान देने वालों असंख्य वीरों को नमन किया।

कहां, ऐसे असंख्य लोग हैं, जिन्होंने मंदिर निर्माण के लिए लंबा संघर्ष किया। कई ऐसे परिवार हैं, जिन्होंने स्वजन खोए। कई लोगों ने मंदिर निर्माण के लिए जीवन खपा दिए। ऐसे सभी लोगों को उन्होंने श्रद्धापूर्वक नमन किया।