Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार के लिए गढ़वा से आलोक कुमार का चयन, जानिए इन्होंने क्या किया खास

स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग झारखंड सरकार रांची के द्वारा प्रत्येक वर्ष जिला एवं राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार की घोषणा की जाती है। जिसके अंतर्गत प्रत्येक जिले एवं राज्य में बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों को सरकार के द्वारा पुरस्कृत किया जाता है।

By Vikram GiriEdited By: Updated: Wed, 01 Sep 2021 12:24 PM (IST)
Hero Image
उच्च विद्यालय मेराल के शिक्षक आलोक कुमार की फाइल फोटो। जागरण

गढ़वा, जासं। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग झारखंड सरकार रांची के द्वारा प्रत्येक वर्ष जिला एवं राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार की घोषणा की जाती है। जिसके अंतर्गत प्रत्येक जिले एवं राज्य में बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों को सरकार के द्वारा पुरस्कृत किया जाता है। जिसके अंतर्गत गढ़वा जिले से इस वर्ष जमा दो उच्च विद्यालय मेराल के शिक्षक आलोक कुमार का चयन राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार के लिए किया गया है। इनके द्वारा कोरोना काल में शिक्षा के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य किए गए। आलोक कुमार ने मोहल्ला कक्षा का आयोजन किया तथा विभिन्न गांव में जाकर बच्चों को शिक्षा देने का काम किया इसके अतिरिक्त डिजिटल क्लास के माध्यम से इन्होंने बच्चों को स्मार्ट शिक्षा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

आलोक कुमार के द्वारा कोविड-19 के दौरान ऑनलाइन क्लास रेडियो पाठशाला तथा मोबाइल कक्षा का भी आयोजन किया गया। रेडियो पाठशाला झारखंड सरकार एवं आकाशवाणी के संयुक्त प्रयास से जारी किया गया, एक बहुत ही महत्वपूर्ण प्रयास है। आलोक कुमार के द्वारा इतिहास विषय की कक्षाएं नियमित रूप से ली गई। वे इन सबों के अलावे यूट्यूब के माध्यम से बच्चों को शिक्षित करने का काम कर रहे हैं। जेसीआरटी रांची के तत्वाधान में डीजी साथ में वर्ग 9 से 12 तक के बच्चों के लिए डिजिटल कंटेंट का निर्माण का भी कार्य कर रहे हैं। इनके द्वारा ली गई कक्षाएं पूरे राज्य में प्रसारित की जाती हैं।

शैक्षणिक कार्यों के अतिरिक्त आलोक सामाजिक गतिविधियों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। नियमित रक्तदान, बच्चों के लिए निशुल्क पाठ्य पुस्तक का वितरण, सामाजिक कुरीतियों एवं समस्याओं व जागरूकता कार्यक्रम समय-समय पर इनके द्वारा किए जाते हैं। जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए शिक्षक के शिक्षण क्षेत्र में योगदान, विगत 5 वर्षों के परीक्षा परिणाम, सामाजिक कार्यों में भूमिका आदि को मापदंड बनाया जाता है। वहीं जिला स्तरीय चयन में उपायुक्त, उप विकास आयुक्त, जिला कल्याण पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी शामिल होते हैं।

जबकि राज्यस्तरीय पुरस्कार के लिए सचिव स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग के अध्यक्ष, निदेशक प्राथमिक शिक्षा, निदेशक माध्यमिक शिक्षा, अध्यक्ष झारखंड अधिविध परिषद निदेशक, जेसीईआरटी एवं एक शिक्षक प्रतिनिधि शामिल होते हैंl राज्य स्तर पर पर अंतिम रूप से चयनित पांच शिक्षकों को झारखंड सरकार के द्वारा शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को सम्मानित किया जाएगा।