Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Weather Update: गर्मी से मिलेगी राहत या होगी बारिश? बदल रहा मौसम का मिजाज; यहां देखें अपने राज्य का हाल

लगातार बढ़ती गर्मी के बीच शनिवार से उत्तर पश्चिमी भारत में मौसम का मिजाज बदल सकता है।एक के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभों और अरब सागर से उच्च नमी के आने से पहाड़ों और मैदानी दोनों ही इलाकों में मध्यम वर्षा होने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार अगले तीन दिन पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक से लेकर आमतौर पर बादल छाए रह सकते हैं।

By Jagran News Edited By: Anurag GuptaUpdated: Fri, 12 Apr 2024 11:45 PM (IST)
Hero Image
उत्तर पश्चिम भारत में फिर बदलेगा मौसम (फाइल फोटो)

जागरण टीम, नई दिल्ली। लगातार बढ़ती गर्मी के बीच शनिवार से उत्तर पश्चिमी भारत में मौसम का मिजाज बदल सकता है। एक के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभों और अरब सागर से उच्च नमी के आने से पहाड़ों और मैदानी दोनों ही इलाकों में मध्यम वर्षा होने के आसार हैं। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान एवं उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में भी शनिवार से सोमवार के बीच आंधी-तूफान आने, बिजली गिरने, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।

दिल्ली का सबसे गर्म दिन

वहीं, शुक्रवार का दिन दिल्ली में इस वर्ष अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से अगले तीन दिन राजधानी में बादल, तेज हवा और वर्षा का दौर बने रहने के आसार हैं। दिनभर खिली रही तेज धूप के चलते शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले बुधवार को 39.1 डिग्री रहा था।

वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार की शाम से ही पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल सकता है। इसके चलते अधिकतम तापमान में छह डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। शनिवार और रविवार के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

यह भी पढ़ें: दिल्ली में 3 दिन बारिश, तेज हवाओं के साथ छाए रहेंगे बादल; IMD ने जारी किया अलर्ट

पहाड़ों में ओलावृष्टि और वर्षा का अलर्ट

उत्तराखंड में शुक्रवार को पहाड़ से मैदान तक चटख धूप खिली रही। इससे अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, अगले तीन दिन पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक से लेकर आमतौर पर बादल छाए रह सकते हैं। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून, टिहरी और अल्मोड़ा में कहीं-कहीं गरज के साथ बौछार पड़ने और ओलावृष्टि को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

हिमाचल में शनिवार से मौसम करवट बदलेगा और तीन दिन वर्षा के साथ आंधी चलने व ओलावृष्टि की आशंका है। मौसम विभाग ने 13 अप्रैल को चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू व शिमला में 40 किमी प्रति घंटा की गति से आंधी चलने और भारी ओलावृष्टि का आरेंज अलर्ट जारी किया है। इससे सेब सहित गेहूं की फसल को नुकसान की आशंका जताई है।

जम्मू कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण 20 अप्रैल तक कश्मीर में मौसम का मिजाज फिर बदला रहेगा। 13 और 14 अप्रैल को ऊपरी इलाके में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में वर्षा के आसार बने हुए हैं।

यह भी पढ़ें: गर्मी से मिलेगी लोगों को राहत, आज से बौछार के आसार; ओले बढ़ा सकते हैं किसानों की चिंता

फसलों का ध्यान रखें किसान

मौसम विभाग ने उत्तर पश्चिम भारत में किसानों को जल्द से जल्द पकी फसलों और फल-सब्जियों की कटाई करने व कटी हुई उपज को सुरक्षित स्थानों पर रखने का सुझाव दिया है। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर के किसानों को जल जमाव से बचने के लिए फसल के खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने की भी सलाह भी दी है।