Maharashtra Politics: अटकलों के बीच एयरपोर्ट पर मिले अजित पवार और अमित शाह, क्या हुई बातचीत?
Maharashtra Politics केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिवसीय मुंबई दौरे पर पहुंचे थे। इस दौरान उनके कार्यक्रमों में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की गैरमौजूदगी से राजनीतिक गलियारों में कई तरह के कयास लगाए जाने लगे थे। हालांकि अटकलों पर विराम लगाते हुए दोनों नेताओं ने एयरपोर्ट में मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी मौजूद थे।
पीटीआई, मुंबई। राजनीतिक गलियारों में लगाई जा रही अटकलों के बीच आखिरकार मुंबई में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के बीच मुलाकात हो ही गई। गौरतलब है कि गृह मंत्री अमित शाह दो दिवसीय मुंबई दौरे पर हैं।
इससे पहले उनके एयरपोर्ट पर स्वागत से लेकर गणपति के पंडालो पर दर्शन तक हर जगह मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस साथ-साथ थे, लेकिन अजित पवार की गैरमौजूदगी से अफवाहों का बाजार गर्म था। हालांकि, अटकलों पर विराम लगाते हुए दोनों नेता मुंबई एयरपोर्ट पर मिले। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री अजित पवार के साथ मुंबई एयरपोर्ट पर एक संक्षिप्त बैठक की। इस दौरान उन्होंने कुछ गणेश पंडालों का भी दौरा किया।
बैठक में क्या हुआ?
बैठक में क्या हुआ, इस बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से बताया कि शाह ने भारतीय जनता पार्टी के दोनों सहयोगियों को आश्वासन दिया कि नवंबर में होने वाले राज्य चुनावों के लिए महायुति सहयोगियों के बीच विधानसभा सीटों का सम्मानजनक बंटवारा होगा।
इससे पहले मुंबई दौरे पर पहुंचे अमित शाह ने रविवार शाम को एक मीडिया संगठन द्वारा निर्मित वृत्तचित्र को जारी करने के लिए आयोजित समारोह में भाग लिया। इसके बाद उन्होंने दक्षिण मुंबई में राज्य सरकार के सह्याद्री गेस्ट हाउस में भारतीय जनता पार्टी की राज्य इकाई के कोर कमेटी के सदस्यों से मुलाकात की।
गृहमंत्री ने किए गणेश पंडाल के दर्शन
मुंबई से रवाना होने से पहले शाह ने सोमवार को शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, अजित पवार, राकांपा के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल, इसके प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे और अन्य प्रमुख नेताओं से मुलाकात की। इससे पहले दिन में शाह ने मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा गणेश पंडाल का दौरा किया।
लालबाग इलाके में मुंबई के सबसे लोकप्रिय गणेश पंडाल के दौरे के दौरान शाह के साथ मुख्यमंत्री शिंदे, फडणवीस और भाजपा महासचिव विनोद तावड़े भी थे। केंद्रीय मंत्री ने भाजपा के वरिष्ठ नेता फडणवीस के आवास का भी दौरा किया और वहां स्थापित गणेश मूर्ति की पूजा की। बाद में उन्होंने शिंदे के आधिकारिक आवास 'वर्षा' बंगले में स्थापित देवता की मूर्ति की पूजा की।