Bareilly News: बहन पर आपत्तिजनक टिप्पणी का विरोध करने पर 14 साल के लड़के की हत्या, नाबालिगों का दुस्साहस देख सन्न रह गए लोग
बरेली में एक 14 साल के लड़के की हत्या कर दी गई जब उसने अपनी बहन पर आपत्तिजनक टिप्पणी का विरोध किया। चार आरोपी में से तीन नाबालिग हैं। उन्होंने किशोर को बीच सड़क पर घेरकर लाठी-डंडों से पीटा। आसपास के लोग चीखते रहे लेकिन हमलावर तब तक नहीं रुके जब तक किशोर की मौत नहीं हो गई। सभी आरोपित फरार हैं।
जागरण संवाददाता, बरेली। बहन पर आपत्तिजनक टिप्पणी का विरोध करने पर चार मनचलों ने किशोर की हत्या कर दी। आरोपितों का दुस्साहस इस कदर था कि किशोर को बीच सड़क पर घेरा और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आसपास के लोग चीखते रहे मगर, चारों हमलावर किशोर की जान लेने के बाद ही रुके।
रविवार देर रात कामरान और उसके तीन नाबालिग भाइयों के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी, हत्या की धारा में प्राथमिकी पंजीकृत की गई। सभी आरोपित फरार हैं। शीशगढ़ में रहने वाला 14 वर्षीय किशोर रात आठ बजे शरीफनगर के पास से गुजर रहा था। स्वजन के अनुसार, रास्ते में 15 वर्ष के लड़के ने उसे रोक लिया। वह किशोर से अभद्रता करने लगा।
आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए कहने लगा कि उसकी बहन से जबरन निकाह कर लेगा। किशोर के विरोध करने पर उसने अपने बड़े भाई कामरान व अन्य दो छोटे भाइयों को बुला लिया। सभी ने किशोर को जमीन पर गिराकर लाठी-डंडों से पीटा। इस बीच मुहल्ले के कई लोग एकत्र होने लगे तो आरोपित फरार हो गए।
कुछ ही देर में किशोर के स्वजन पहुंचे। उसे लहूलुहान हाल में बरेली के अस्पताल में भर्ती कराने ले जा रहे थे मगर, रास्ते में उसकी मौत हो गई। रात 10 बजे इसकी सूचना पुलिस को दी गई। इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि किशोर के मामा की तहरीर पर कामरान और उसके तीन नाबालिग भाइयों के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत कर ली गई है।
घटना की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची मगर, सभी आरोपित व स्वजन घर बंदकर फरार हो चुके थे। मुहल्ले में सतर्कता की दृष्टि से पुलिस लगा दी गई है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपित पक्ष का नाबालिग लड़का इससे पहले भी आपत्तिजनक टिप्पणी कर चुका था।