Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

जेपी नड्डा ने बस्ती में क‍िया सांसद खेल महाकुंभ का शुभारंभ, कहा- इंडिया के दायरे से निकलकर विकसित हुई भारत की सोच

बस्ती में सांसद खेल महाकुंभ का उद्घाटन करते हुए जेपी नड्डा ने कहा नए भारत का प्रतिबिंब यहां के युवाओं में दिख रहा है। सत्तर वर्ष में एशियन गेम्स में इतने मेडल नहीं आए जो पिछले गेम्स में आए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेलों को इंडिया के दायरे से हटाकर भारत की सोच विकसित करने का काम किया है।

By brajeshp k pandeyEdited By: Vinay SaxenaUpdated: Wed, 20 Dec 2023 07:19 PM (IST)
Hero Image
बस्ती में सांसद खेल महाकुंभ के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा।- जागरण

जागरण संवाददाता, बस्ती। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार को अमर शहीद सत्यवान सिंह स्टेडियम बस्ती में सांसद खेल महाकुंभ का उद्घाटन करते हुए कहा कि नए भारत का प्रतिबिंब यहां के युवाओं में दिख रहा है। सत्तर वर्ष में एशियन गेम्स में इतने मेडल नहीं आए, जो पिछले गेम्स में आए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेलों को इंडिया के दायरे से हटाकर भारत की सोच विकसित करने का काम किया है। पहले बड़े शहरों के लोग खेलों में प्रतिभाग करते थे, अब गांवों से निकलकर लोग ओलंपिक में हिस्सा ले रहे हैं।

नड्डा ने कहा कि आज देश की नई खेल नीति के कारण विदेश में भी खिलाड़ियों की ट्रेनिंग की व्यवस्था हो रही है। भारत सरकार 50 हजार प्रति माह खिलाड़ियों को दे रही है, जो ओलंपिक की तैयारी में जुटे है। आठ हजार खिलाड़ियों को ट्रेनिंग दी जा रही है।

खेलो इंडिया खेलो कार्यक्रम में एक हजार करोड़ का बजट रखा गया है। ढाई हजार खिलाड़ी चयनित हुए हैं। 80 स्पोर्ट्स सेंटरों में खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने का कार्य किया जा रहा है। मोदी के नेतृत्व में भारत 11वें स्थान से ऊपर उठकर पांचवीं अर्थव्यवस्था का देश बन गया है। साढ़े तेरह करोड़ परिवार गरीबी रेखा से ऊपर हुआ है। कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी जोकर का काम कर रहे थे, अब कैमरामैन का काम भी संभाल लिया है। सब विपक्ष मोदी को हटाने के लिए एक हुए हैं और मोदी देश को आगे बढ़ा रहे हैं।

देश के युवाओं में खेल के प्रति बढ़ा है उत्साह: सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश के युवाओं में खेल के प्रति उत्साह बढ़ा है। तीन राज्यों के चुनाव में प्रचंड विजय में पिछले नौ वर्षो में नए भारत का दर्शन हम कर रहे हैं। कहा कि प्रदेश के हर गांवों में खेल का मैदान और जिम होगा। 65 हजार युवक मंगल दल को खेल किट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। खेल कोटे से पांच सौ खिलाड़ियों को नौकरी दी गई है। खिलाड़ियों के भरण-पोषण की व्यवस्था में भी कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने खेल महाकुंभ कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताया।

सांसद हरीश द्विवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से यह आयोजन तीन वर्ष से किया जा रहा है। हम सबका सौभाग्य है कि इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश मुख्यमंत्री का मार्गदर्शन मिला है। चार लाख खिलाड़ियों ने इसमें हिस्सा लिया है। चित्रकला, निबंध और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं हुई हैं। 27 प्रकार के खेल का आयोजन ब्लाक स्तर पर हुआ है।

प्रदेश के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बस्ती सांसद खेल कुंभ के माध्यम से कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने कहा कि ब्लाकों और विद्यालयों में प्रतिस्पर्धा हुईं, जिसमें सफल टीमों को यहां जिले पर खेलने का मौका मिल रहा है। यही बच्चे प्रदेश और देश स्तर पर खेलेंगे। प्रधानमंत्री का सपना बस्ती में साकार होता दिख रहा है। संचालन भाजपा के जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने किया।