Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

खाने में थूक मिलाने वालों पर लगे रासुका, गाजियाबाद में हुई हिंदू संगठनों की महापंचायत

गाजियाबाद के लोनी में जूस में मूत्र मिलाने के आरोपों को लेकर महापंचायत का आयोजन किया गया। इसमें लोनी विधायक समेत विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारी साधु-संतों ने भाग लिया। महापंचायत में जूस में मूत्र मिलाने रोटी पर थूक लगाने जैसे कृत्यों का विरोध किया गया। साथ ही ऐसे कृत्य करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।

By Rahul Kumar Edited By: Abhishek Tiwari Updated: Mon, 23 Sep 2024 07:56 AM (IST)
Hero Image
महापंचायत के दौरान एसीपी भास्कर वर्मा को ज्ञापन देते साधु संत व विधायक नंदकिशोर गुर्जर।

संवाद सहयोगी, लोनी। हाल ही में खुशी जूस कार्नर पर जूस में मानव मूत्र मिलाने के आरोपों को लेकर लोनी के टीला शाहबाजपुर गांव के शिव मंदिर परिसर में रविवार को महापंचायत हुई। इसमें लोनी विधायक समेत विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारी, साधु-संतों ने शामिल होकर इस कृत्य का एक सुर में विरोध किया।

उन्होंने कहा कि बहुसंख्यक होकर भी हम सुरक्षित नहीं हैं। ऐसा कृत्य करने वाले के खिलाफ कानून बनाकर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। इसके लिए हम सभी को एक होकर आगे आना होगा। पंचायत में पहुंचे सभी लोगों ने हाथ उठाकर समर्थन किया।

मंदिर परिसर में हुई महापंचायत 

मंदिर परिसर में सुबह 10 बजे महापंचायत शुरू हुई। समय बढ़ने के साथ ही संख्या भी बढ़ती गई। दोपहर तक सैकड़ों की संख्या में विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता, साधु-संत व स्थानीय लोग पहुंचे। महापंचायत में मुख्य रूप से लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर, स्वामी दीपांकर महाराज, साध्वी प्राची, यशवीर महाराज, मंगलदास सुधांशु, दयालु महाराज, योगी राजेंद्र नाथ, अशोक कृष्ण ठाकुर, डा. आयुषी राणा भारती आदि शामिल हुईं।

सभी ने महापंचायत में जूस में मूत्र मिलाने, रोटी पर थूक लगाने से जैसा घिनौना कार्य करने का विरोध किया। डा. आयुषी राणा भारती ने कहा कि हमारे कुछ लोग कहते हैं कि दुकानों पर नाम लिखने से भाईचारे में रुकावट आती है। खुशी जूस कार्नर नाम है चलाते हैं आमिर साहब। हमें अपनी पहचान बताने में आखिर शर्म क्यों आती है। हम तभी अपना नाम छुपाते हैं जब गलत होते हैं। ऐसे लोगों को रोकना होगा। ये केवल लोनी विधायक का नहीं सभी का कर्तव्य है।

योगी राजेंद्र नाथ ने कहा कि विभिन्न प्रकार से जिहाद किया जा रहा है। इन सभी से बचने के लिए हमें सतर्क रहना होगा। अशोक कृष्ण ठाकुर बोले कि महापंचायत का उद्देश्य प्रधानमंत्री व मंत्रियों तक अपनी बात को पहुंचाना है। खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों पर कार्रवाई हो।

योगी राजेंद्र नाथ ने कहा कि कुछ लोग हिंदू धर्म के कपड़े पहन वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर रहे हैं। इससे धर्म को बदनाम करने का कार्य किया जा रहा है। दयालु महाराज ने कहा कि इसके लिए कड़ा कानून बनना चाहिए।

महापंचायत में ये प्रस्ताव रखे गए

  • ऐसे कार्य करने वालों के खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई हो।
  • मुस्लिम समाज भी फतवा जारी कर ऐसे लोगों का बहिष्कार करें।
  • सुप्रीम कोर्ट दो बच्चों का कानून लागू करे।
  • सभी प्रतिष्ठानों पर नाम लिखे जाएं।

जूस में मूत्र मिलाकर दिया जा रहा है और रोष व्यक्त करना पड़ रहा है। इससे बड़ा दुर्भाग्य हिन्दुस्तान का नहीं हो सकता। भय दूसरों के अंदर होना चाहिए। चिंता हम लोग व्यक्त कर रहे हैं। उन्होंने न तो इंसान छोड़ा, न तिरुपति में भगवान को छोड़ा। धूर्तता की ये पराकाष्ठा है कि न तो भगवान सुरक्षित हैं और न ही हिंदू। -स्वामी दीपांकर महाराज।

इस मुद्दे को हम विधानसभा में उठाएंगे और इस पर हम कानून बनवाएंगे। ये हमारा संकल्प होना चाहिए। ये समस्या केवल उत्तर प्रदेश की नहीं बल्कि पूरी देश की है। कुछ लोग कहीं गेहूं में जहर मिला रहे हैं, कोई पेशाब मिलाकर बड़े लोगों के घरों में जूस पहुंचाया रहा है। ये कोई आनन-फानन में नहीं हो रहा बल्कि ये पूरा षड़यंत्र है। लोनी की आवाज पूरे देश में जानी चाहिए। कुछ अपनी राजनीतिक रोटियां सेंक रहे हैं। हम सभी को मिलकर ऐसे कृत्य करने वालों को रोकना होगा।

-साध्वी प्राची।

महापंचायत में जो भी प्रस्ताव रखे गए हैं। उन्हें पास कराने के लिए मैं विधानसभा में जोर-शोर से उठाऊंगा। इन प्रस्तावों को हर संभव पास कराना जनता के लिए मेरा कर्तव्य है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हमेशा सनातनियों के लिए आगे बढ़कर कार्य किया है। देश के मंदिरों व धर्म स्थलों का जीर्णोद्धार कराया है। यही कारण है कि 500 वर्ष बाद अयोध्या में राम मंदिर बन सका है।

-नंदकिशोर गुर्जर, विधायक, लोनी।

डायवर्जन के कारण लोनी टीला रोड पर लगा जाम

महापंचायत के कारण लोनी-टीला मोड पर डायवर्जन किया गया। इससे वाहन चालकों को जाम की समस्या से भी जूझना पड़ा। वाहनों को टीला मोड थाना से सेवाधाम होते हुए लोनी के लिए भेजा गया। लोगों को पांच मिनट का सफर तय करने में 15 से 20 मिनट लग गए। वहीं, पुलिस व्यवस्था बनाने रखने के लिए मुस्तैद रही।