Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

भाजपा की चुनावी चाल के आगे सपा के 'इंतजार' की ढाल, इस हॉट सीट पर सपा के अलावा कांग्रेस भी कर रही दावेदारी

सीसामऊ उपचुनाव में भाजपा की चुनावी चालों के जवाब में समाजवादी पार्टी ने इंतजार की ढाल अड़ा दी है। लगातार बैठक और नेताओं के दौरे से माहौल बनाने में जुटी भाजपा के मुकाबले सपा ने सुस्ती की चाल पकड़ रखी है। चुनाव प्रभारी के दो दौरों के बावजूद अभी तक मतदाता सूची तैयार करने वाली सपा की टीम भी तैयार नहीं हो सकी है।

By akhilesh tiwari Edited By: Abhishek Pandey Updated: Sat, 07 Sep 2024 02:14 PM (IST)
Hero Image
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव

जागरण संवाददाता, कानपुर। सीसामऊ सीट पर उपचुनाव को लेकर भाजपा की चुनावी चालों के जवाब में समाजवादी पार्टी ने इंतजार की ढाल अड़ा दी है। लगातार बैठक और नेताओं के दौरे से माहौल बनाने में जुटी भाजपा के मुकाबले सपा ने सुस्ती की चाल पकड़ रखी है। चुनाव प्रभारी के दो दौरों के बावजूद अभी तक मतदाता सूची तैयार करने वाली सपा की टीम भी तैयार नहीं हो सकी है।

सपा की चुनावी तैयारी अभी तक बैठकों तक ही सीमित दिखाई दे रही है। पार्टी के चुनाव प्रभारी व पूर्व मंत्री राजेंद्र कुमार के साथ सपा ने कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन कर चुनावी माहौल का संदेश देने की कोशिश की, लेकिन अभी तक मतदान केंद्र वार चुनावी तैयारी शुरू नहीं हो सकी है।

कांग्रेस के नेता कर रहे दावेदारी

दूसरी ओर भाजपा ने अपने नेताओं के दौरे कराने के साथ ही बूथ स्तरीय मैनेजमेंट शुरू कर दिया है। इधर, कांग्रेस के स्थानीय नेता भी पार्टी की दावेदारी का माहौल बना रहे हैं। हालांकि, सपा महानगर अध्यक्ष फजल महमूद कांग्रेस की दावेदारी को सिरे से खारिज करते हैं।

उनका कहना है कि सपा और कांग्रेस ने बड़े लक्ष्य को सामने रखकर गठबंधन किया है। कानपुर की लोकसभा सीट को कांग्रेस के खाते में दिया गया। अब सीसामऊ सीट पर सपा का चुनाव लड़ना तय है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने भी साफ कह दिया है कि सपा ही इस सीट पर चुनाव लड़ेगी। सीसामऊ सीट पर चुनावी तैयारी चल रही है। हमारा काम जमीनी स्तर पर हो रहा है। अभी हम लोग भाजपा की चालों को देख रहे हैं।

कैंट विधायक मो. हसन रूमी ने कहा कि सपा ने विधानसभा क्षेत्र को पांच जोन में बांटा है। सभी जोन की जिम्मेदारी बड़े नेताओं को दी गई है। अभी तो भाजपा की ताकत देख कर आकलन कर रहे हैं।

इसे भी पढ़ें: हरियाणा विधानसभा चुनाव में I.N.D.I.A गठबंधन के साथ या अकेले लड़ेगी सपा? अखिलेश यादव ने बता दिया

इसे भी पढ़ें: सपा में शामिल होंगी अपर्णा यादव! महिला आयोग का अध्यक्ष पद न मिलने से हुईं नाराज