Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Commonwealth Games 2022: जैवलिन थ्रो में अन्नू रानी को मिला कांस्य, पर‍िवार में खुशी का माहौल

Commonwealth Games 2022 मेरठ की अन्नू रानी ने देश की झोली में एक और पदक डाला है। रविवार को हुई प्रतियोगिता में उन्होंने कांस्य पदक जीता। अन्नू ने अपने पिछले ओलंपिक के और विश्व एथलेटिक्स चैंपियन शिप के प्रदर्शन में सुधार करते हुए 60 मीटर की दूरी पर भाला फेंका।

By Taruna TayalEdited By: Updated: Sun, 07 Aug 2022 07:13 PM (IST)
Hero Image
Commonwealth Games 2022: जैवलिन थ्रो में अन्नू रानी को मिला कांस्य।

मेरठ, जागरण संवाददाता। कामनवेल्थ खेलों में मेरठ की अन्नू रानी ने देश की झोली में एक और पदक डाला है। रविवार को हुई प्रतियोगिता में उन्होंने कांस्य पदक जीता। अन्नू रानी ने अपने पिछले ओलंपिक के और विश्व एथलेटिक्स चैंपियन शिप में किए प्रदर्शन में सुधार करते हुए 60 मीटर की दूरी पर भाला फेंका। वहीं आस्ट्रेलिया के केल्सी ली बारबर ने 64.43 मीटर पर भाला फेंक कर प्रथम और आस्ट्रेलिया की मैकेंजी ने 64.27 मीटर पर फेंक कर रजत पदक जीता। पदक जीतने की सूचना पर अन्नू रानी के बहादरपुर गांव स्थित घर पर खुशी का माहौल है।

बेटी ने बढ़ाया देश का मान

परिवार के सदस्य और ग्रामीण एक दूसरे का मुंह मीठा कर खुशी का इजहार किया। अन्नू रानी के जूनियर स्तर कोच रह चुके उनके भाई उपेंद्र ने बताया कि अन्नू ने टोक्यो ओलंपिक के पहले पटियाला में अपने प्रदर्शन में 63 मीटर का रिकार्ड बनाया था। हालांकि ओलंपिक में वह बेहतर प्रदर्शन नहीं कर पाई थी। विश्व एथलेटिक्स चैंपियशिप में उन्होंने 61.12 मीटर का थ्रो किया था।

बताया कि वर्तमान में जैवलिन खेल में कोच नहीं है। अन्नू रानी समेत अन्य खिलाड़ी अपनी व्यक्तिगत मेहनत कर रहे हैं। बताया कि पहले विश्व चैंपियनशिप और अब कामनवेल्थ गेम में लगातार स्पर्धाओं से भी अन्नू अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं दिखा पाई है। गांव में पिता अमरपाल सिंह और माता मुन्नी देवी समेत परिवार के सदस्यों को बधाई देने के लिए लोगों का तांता लगा हुआ है। पिता अमर पाल ने कहा बेटी ने देश का मान बढ़ाया है। वह और ऊंचाईयों को छुए यही हमारी कामना है।