Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Pilibhit News: अंतरराज्यीय शिकारियों के गैंग का भंडाफोड़, कॉन्स्टेबल सहित छह गिरफ्तार; चीतल का किया था शिकार

Piibhit News पीलीभीत टाइगर रिजर्व में दो चीतलों का शिकार करने और वनकर्मी से बंदूक लूटने के आरोप में छह अंतरराज्यीय शिकारियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक पुलिस का हेड कांस्टेबिल भी शामिल है। पुलिस ने लूटी गई बंदूक भी बरामद कर ली है। आरोपितों के कब्जे से कई अन्य हथियार और वन्यजीवों के अवशेष भी मिले हैं।

By Jagran News Edited By: Abhishek Saxena Updated: Mon, 02 Sep 2024 02:58 PM (IST)
Hero Image
Pilibhit News: शिकारियों के पकड़ने की जानकारी देते एएसपी विक्रम दाहिया।

जागरण संवाददाता, पीलीभीत। Pilibhit News: जंगल में घुसकर दो चीतलों का शिकार करने के साथ ही वन कर्मचारी से बंदूक लूटकर फरार हो जाने वाले छह अंतरराज्यीय शिकारियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनमें एक पुलिस का हेड कॉन्स्टेबल भी शामिल है। लूटी गई बंदूक को भी बरामद कर लिया गया है।

गत सप्ताह रात के समय पीलीभीत टाइगर रिजर्व के माला रेंज के जंगल में छह शिकारी शस्त्रों से लैस होकर घुस गए थे। इन शिकारियों ने गोली मारकर दो चीतलों का शिकार किया था। फायरिंग की आवाज सुनकर गश्त कर रहे वनकर्मियों ने खोजबीन शुरू कर दी।

खोजबीन करते हुए जब वन कर्मियों की टीम कंपार्टमेंट 120 में पहुंची तो वहां काले रंग के बैग में चीतलों का मांस भरा पाया था। साथ ही कुछ दूरी पर शिकार किए गए दोनों वन्यजीवों से सिर कटे पड़े मिले। जिन छुरों से वन्यजीवों की खाल उतारकर मांस काटा गया, वे भी पड़ी मिली थीं। वन कर्मचारी जांच पड़ताल कर ही रहे थे कि इसी दौरान निकट के पेड़ से एक शिकारी नीचे कूदा और वन कर्मचारी से बंदूक लूट ली। बंदूक की बट से वनकर्मियों पर प्रहार किए और निकट भरे पानी में कूदकर भाग गया। इस मामले में अज्ञात शिकारियों के विरुद्ध गजरौला थाने में प्राथमिकी लिखाई गई थी।

घटना का पुलिस ने किया राजफाश

सोमवार को अपराह्न अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया ने प्रेस कांफ्रेंस करके घटना का राजफाश हो जाने की जानकारी दी। एएसपी ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर माला रेंज के जंगल में काबिंग की गई। इस दौरान जंगल में 8-9 लोगों के मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस व वन विभाग की संयुक्त टीम कांबिंग कर रही थी। इसी दौरान जंगल में अचानक फायरिंंग की आवाज सुनाई पड़ी। इस पर सतर्कता के साथ पुलिस व वन टीम आगे बढ़ी। जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी फायरिंग की। इसके बाद घेराबंदी करके छह लोगों को दबोच लिया गया।

पुलिस ने शिकारियों से बरामद किया सामान।

पुलिस ने बरामद की लूटी बंदूक

एएसपी ने बताया, कि आरोपितों के कब्जे से लूटी गई डबल बैरल बंदूक बरामद की गई। मुख्य आरोपित जीशान ने पूछताछ में बताया कि घटना की रात जब वन विभाग की टीम उस ओर आती दिखी तो वे लोग भाग गए। उनका साथी मंसूर पेड़ पर चढ़ गया था। उसी ने वनकर्मी से बंदूक छीन ली और बट से प्रहार करके भागा था।

पुलिस लाइन में कांस्टेबल है मंसूर

मंसूर ने पूछताछ में बताया कि वह पीलीभीत में ही पुलिस लाइन में हेड कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात है। इससे पहले बरेली में पीएसी की 8वीं बटालियन में तैनात था। मंसूर खां मूल रूप से जिला सहारनपुर का रहने वाला है। जीशान सदर कोतवाली के मुहल्ला भूरे खां का निवासी है।

गिरफ्तार किया गया तीसरा आरोपित सपन सरकार न्यूरिया थाना क्षेत्र की राजा कॉलोनी का रहने वाला है। चौथा विप्लव वाला भी न्यूरिया कॉलोनी का है। पांचवां गुरुविंदर सिंह उर्फ गिंदा न्यूरिया थाने के गांव गुलड़िया बिथरा है। छठा आरोपित अब्दुल हकीम पड़ोसी राज्य उत्तराखंड के जिला ऊधम सिंह नगर थाना धनकइया के गांव बग्गा चौववन का निवासी है।

आरोपितों के कब्जे से वनकर्मी से लूटी गई बंदूक के अलावा डबल बैरल गन, डबल बैरल पौनिया गन, 12 बोर की देशी बंदूक, फैक्ट्री मेड लाइसेंसी रिवाल्वर, हिरन का सींग, मांस काटने के उपकरण, विभिन्न बोर के कारतूस बरामद किए गए हैं।