Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Chhath Puja 2023: उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने संपन्न किया महापर्व छठ, भोर से ही घाटों पर उमड़ी रही भीड़

छठ घाटों पर भोर से ही श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंचने लगी। इस दौरान झांकी भी निकाली गई। साथ ही सामूहिक रूप से छठ माता की आरती हुई। मुख्यालय स्थित जमुआर घाट पर उगते सूर्य को अ‌र्घ्य देने के लिए महिलाओं का जमावड़ा लगना भोर से ही शुरू हो गया था। जैसे ही पूरब से सूरज का लाल गोला निकलता दिखा उनकी खुशी का ठिकाना न रहा।

By Jagran NewsEdited By: Pragati ChandUpdated: Mon, 20 Nov 2023 08:54 AM (IST)
Hero Image
उगते सूर्य को अर्घ्य देने को घाटों पर उमड़ी आस्था। -जागरण

जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। चार दिनों तक चलने वाला छठ महापर्व सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। जिले के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा रहा। छठ व्रतियों ने पुत्र के दीर्घायु व परिवार के सुख समृद्धि की कामना की।

शहर के उत्तरी छोर पर स्थित जमुआर नदी तट तक भोर से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भीड़ को लेकर पुलिस विभाग ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। सुबह के समय छठ पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां पर कार्यक्रम के दौरान छठ गीतों पर युवा थिरकते नजर आएं। सूर्योदय के साथ ही छठ माता की झांकी निकाली गई। सभी ने सामूहिक रूप से आरती कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस मौके पर पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा। हर कोई सूर्य उपासना में लीन रहा। उदीयमान सूर्य की उपासना के हर पल को लोग मोबाइल कैमरे में कैद करने में लगे हुए थे।

नगर के विभिन्न कालोनियों से पूजा स्थल तक महिलाओं, पुरुषों व बच्चों का तांता लगा रहा। घाट पर भोर से ही श्रद्धालुओं की भीड़ से मेले जैसा माहौल दिखा। मुख्यालय स्थित जमुआर घाट पर उगते सूर्य को अ‌र्घ्य देने के लिए महिलाओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। घाट पर चारो ओर सूप में विविध पकवान, फल, फूल, पान, सुपारी, रोड़ी, अक्षत, दूध इत्यादि पूजन सामग्री के साथ महिलाएं पूजन-अर्चन करने के लिए सूर्योदय का इंतजार करती रहीं।

जैसे ही पूरब से सूरज का लाल गोला निकलता दिखा, उनकी खुशी का ठिकाना न रहा। सभी ने भगवान भाष्कर को अ‌र्घ्य देने के साथ ही सविधि पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की और व्रत तोड़ा। सांसद जगदम्बिका पाल, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद माधव सहित तमाम समाजसेवी व जनप्रतिनिधियों ने सूर्य को अ‌र्घ्य देकर नमन किया।

उसका बाजार प्रतिनिधि के अनुसार नगर क्षेत्र के बीचो बीच प्रवाहित कूरा नदी के दोनों तरफ तट पर स्थित विभिन्न छठ घाटों पर क्षेत्र की हजारों महिलाओं ने उगते सूर्य को अ‌र्घ्य देकर पुत्र व पति के दीर्घायु की कामना की। रेहरा बाजार, परती, परसा खुर्द, उस्का राजा, शिवाजीनगर आदि घाटों पर छठ पूजा को लेकर मेले जैसा माहौल रहा। कटका स्थित पोखरे पर आसपास के ग्रामीणों द्वारा छठ पूजा धूमधाम से किया गया।

यह भी पढ़ें, Railway News: एक्सप्रेस ट्रेनों में जनरल कोचों की कमी ने बढ़ाई यात्रियों की मुश्किलें, टॉयलेट में सफर करने को मजबूर हैं लोग

लोटन प्रतिनिधि के अनुसार लोटन स्थित श्री जगदीश स्वामी मंदिर से सटे घोघी नदी घाट पर गुरुवार की भोर से ही श्रद्धालुओं की भीड़ शुरू हो गई थी। ग्राम डफालीपुर, अमहट, परसौना, भरमी, नेतवर, केशारी आदि गांव के श्रद्धालु छठ पूजा नदी व पोखरों पर पहुंचकर भगवान भास्कर की पूजा अर्चना किया। दिव्या, आरती, नेहा समेत अन्य व्रतियों ने बताया कि विगत 14 वर्षों से निरंतर महान पर्व छठ धूमधाम से मनाया जाता है। बर्डपुर क्षेत्र में छठ पर्व पर प्राचीन शिव मंदिर स्थित पोखरे पर व्रतियों ने उगते सूर्य को अ‌र्घ्य दिया।

चाक-चौबंद रही सुरक्षा व्यवस्था

पर्व में कोई परेशानी न होने पाये इसके लिए सुरक्षा चाक-चौबंद रही। जगह-जगह पुलिस का पहरा रहा। इसके अलावा महिला पुलिस कर्मी भी सुरक्षा में लगाए गए थे। कहीं कोई गड़बड़ी न होने पाए इसके लिए उच्चाधिकारी सतर्क रहे। मौके पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार अग्रवाल, सीओ अखिलेश कुमार वर्मा मय फोर्स मौजूद रहे।