Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

भूमाफिया बाबा अमरीक हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार, कई राज्यों में जमीन के नाम पर किया अरबों की धोखाधड़ी

भूमाफिया बाबा अमरीक को हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार किया गया है। उस पर उत्तर प्रदेश उत्तराखंड सहित कई राज्यों में जमीन के नाम पर अरबों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। गिरोह के पांच सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। बाबा अमरीक के खिलाफ 18 मुकदमे दर्ज हैं। शुक्रवार को राजपुर थानाध्यक्ष को सूचना मिली कि बाबा हिमाचल प्रदेश में छिपा है।

By Jagran News Edited By: Nitesh Srivastava Updated: Tue, 24 Sep 2024 03:57 PM (IST)
Hero Image
भूमाफिया गिरोह के सरगना बाबा अमरीक से पूछताछ करती पुलिस। जागरण

जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड सहित अन्य कई राज्यों में जमीन के नाम पर अरबों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले बाबा अमरीक उर्फ मलकीत निवासी नाडा साहिब, थाना चंडी मंदिर, पंचकुला, हरियाणा को दून पुलिस ने हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है।

गिरोह के पांच सदस्यों को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार कर चुकी है। लंबे समय से आरोपित की तलाश में राजपुर थाना पुलिस दबिश दे रही थी।

बाबा अमरीक के विरुद्ध उत्तर प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड सहित अन्य राज्यों में धोखाधड़ी से संबंधित 18 मुकदमे दर्ज हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि कुछ आरोपितों ने राजपुर रोड निवासी गोविंद सिंह पुंडीर को भूमि बेचने के एवज में धोखाधड़ी कर करोड़ों रुपये हड़प लिए थे।

इस मामले में राजपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। 14 जुलाई को पुलिस ने गिरोह के सदस्य मोहम्मद अदनान को सहारनपुर से, 19 जुलाई को अमजद अली, शरद गर्ग व साहिल को उत्तर प्रदेश व हरियाणा से, जबकि रणवीर को सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया था।

फरार चल रहे आरोपित संजीव कुमार व संजय गुप्ता के विरुद्ध पूर्व में न्यायालय से गैर जमानती वारंट लेकर गिरफ्तारी के प्रयास किए गए, लेकिन दोनों के लगातार फरार रहने के चलते पुलिस कुर्की की कार्रवाई कर रही है।

उन्होंने बताया कि गिरोह का सरगना बाबा अमरीक लगातार फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से न्यायालय से गैर जमानती वारंट प्राप्त किए थे। शुक्रवार को राजपुर थानाध्यक्ष पीडी भट्ट को सूचना मिली कि बाबा अमरीक पावंटा साहिब, हिमाचल प्रदेश में छिपा है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।