Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bharat Bandh in Haridwar: शिक्षानगरी में भी बंद बेअसर, सांकेतिक जाम लगाया

Bharat Bandh in Haridwar तीन कृषि कानून के विरोध में आहूत भारत बंद का शिक्षानगरी में कोई असर नहीं हुआ। अधिकांश जगह बाजार खुले रहे। सामान्य दिनों की भांति कामकाज होता रहा। उधर किसान संगठनों कांग्रेस भीम आर्मी की ओर से विभिन्न स्थानों पर सांकेतिक जाम लगाकर प्रदर्शन किया गया।

By Raksha PanthariEdited By: Updated: Tue, 08 Dec 2020 01:15 PM (IST)
Hero Image
भाकियू नेताओं का हुड़दंग, दुकानदारों ने थोड़ी देर के लिए दुकानें की बंद। जागरण

जागरण संवाददाता, हरिद्वार/रुड़की। Bharat Bandh in Haridwar तीन कृषि कानून के विरोध में आहूत भारत बंद का शिक्षानगरी में कोई असर नहीं हुआ। अधिकांश जगह बाजार खुले रहे। सामान्य दिनों की भांति ही कामकाज होता रहा। उधर, किसान संगठनों, कांग्रेस भीम आर्मी की ओर से विभिन्न स्थानों पर सांकेतिक जाम लगाकर प्रदर्शन किया गया। भगवानपुर में पुलिस की भाकियू कार्यकर्त्‍ताओं के साथ नोकझोंक हुई। 

रुड़की में उत्तराखंड किसान मोर्चा की ओर से प्रशासनिक भवन से जुलूस निकालकर रुड़की कचहरी पर जाम लगाकर धरना दिया गया। इस दौरान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुलशन रोड ने कहा कि केंद्र सरकार को यह तीनों कानून वापस लेने चाहिए। किसानों ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नमामी बंसल को सौंपा। इस मौके पर धर्मवीर प्रधान, सुरेन्द्र, नरेश लौहान, आजम एवं विरेन्द्र आदि मौजूद रहे।

भाकियू कार्यकर्त्‍ताओं ने मंगलौर में बस अड्डे के समीप राजमार्ग पर जाम लगाया। इस दौरान भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी, बसपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक सरबत करीम अंसारी, पूर्व पालिका चेयरमैन चौधरी इस्लाम आदि ने किसानों को अपना समर्थन दिया। वहीं मंडावली में भाकियू तोमर गुट ने हाईवे जाम किया। रुड़की में भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष पदम सिंह रोड के नेतृत्व में किसानों ने मलकपुर चुंगी पर प्रदर्शन किया। वहीं सालियर में राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पदम सिंह भाटी, जिलाध्यक्ष समीर आलम के नेतृत्व में किसानों ने प्रदर्शन किया। वहीं भगवानपुर में कांग्रेस विधायक ममता राकेश, किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सेठपाल परमार के नेतृत्व में कार्यकर्त्‍ताओं ने बाजार में जुलूस निकाला। बाद में टोल प्लाजा पर धरना दिया। यहां पर भाकियू अंबावत के कार्यकर्त्‍ता भी धरना देने पहुंचे। जाम कराने को लेकर किसानों एवं पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई। कलियर में विधायक फुरकान अहमद के नेतृत्च में किसानों ने बेडपुर चौक पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। साथ ही केंद्र सरकार का पुतला फूंका। वहीं रुड़की में कांग्रेस कार्यकर्त्‍ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। 

उठानी पड़ी परेशानी

टोल प्लाजा पर हुए जाम के चलते अधिकांश बस चालकों ने आगे जाने से मना कर दिया। इसकी वजह से रुड़की एवं सहारनपुर से आने-जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई परिवारों को तो बस से उतरकर करीब एक से डेढ़ किलोमीटर पैदल सफर करना पड़ा। इसके अलावा रुड़की रोडवेज बसें कम संख्या में आने के चलते यात्रियों को परेशानी हुई। दिल्ली एवं सहारनपुर जाने वाले यात्री बसों के लिए इंतजार करते रहे। ऋषिकेश एवं हरिद्वार से शाम तीन के बाद ही बसों का संचालन शुरू हो सका। 

किसानों ने लगाया जटवाड़ा पुल पर जाम 

पथरी क्षेत्र के सिख बाहुल्य गांवों से बड़ी संख्या में किसान ज्वालापुर के जटवाड़ा पुल पहुंचे। किसानों ने सब्जी मंडी भी बंद कराई। जिसके बाद जटवाड़ा पुल  ज्वालापुर में जाम लगा दिया गया है। सड़क के बीचोंबीच ट्रैक्टर खड़े कर दिए गए हैं। पुलिस कांग्रेसी नेताओं और भारतीय किसान यूनियन कार्यकर्ताओं के जुलूस के साथ बाजार में है। इधर, किसानों के जाम लगाने से जटवाड़ा पुल मार्ग पूरी तरह पैक हो गया है।

विधायक ममता राकेश और कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन 

रुड़की शहर, मंगलौर कस्बा, नारसन इकबालपुर और झबरेड़ा में भी बाजार खुले रहे। भगवानपुर में टोल प्लाजा पर विधायक ममता राकेश और किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सेठ पाल परमार, भारतीय किसान यूनियन अंबावत के कुछ कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं।

वहीं, किसानों के आंदोलन को देखते हुए अन्य दिनों की तुलना में कम यात्री पहुंचे हैं, जिसकी वजह से रोडवेज बसों को सवारिया नहीं मिल पा रही। इस कारण कुछ बसों का संचालन स्थगित कर दिया गया है। रुड़की डिपो से 12 बसें ही हो पाई है। हरिद्वार, ऋषिकेश से बसें न आने की वजह से दिल्ली जाने वाले यात्री बसों के इंतजार में बस अड्डे पर बैठे हुए हैं। 

यह भी पढ़ें: LIVE Bharat Bandh in Uttarakhand: किसानों के भारत बंद के आह्वान पर घंटाघर में कांग्रेस ने लगाया जाम, गिरफ्तार

ज्वालापुर में नहीं दिखा बंद का असर 

भारत बंद का उपनगर ज्वालापुर में फिलहाल कोई असर नजर नहीं आ रहा है। बाजार रोजाना की तरह खुल चुके हैं। वहीं ज्वालापुर के जटवाड़ा पुल पर कांग्रेस कार्यकर्ता इकट्ठा हुए हैं। उनकी तैयारी है कि जुलूस के रूप में बाजार से निकलते हुए दुकानदारों से अपनी अपनी दुकानें बंद करने का निवेदन किया जाएगा। वही कांग्रेसियों के इस बंद कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस भी मुस्तैद है।

यह भी पढ़ें: Nainital Bharat Bandh : नैनीताल में भारत बंद बेअसर, बाजार खुले, हल्द्वानी में कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन